June 12, 2026

रूस की चेतावनी- अगर हमारे अस्तित्व पर खतरा हुआ तो परमाणु हमला…,

Spread the love

क्या पुतिन पर बढ़ रहा है दबाव

मॉस्को. रूस-यूक्रेन युद्ध (Russia-Ukraine War) को 1 महीने से अधिक समय हो गया है. लेकिन अब तक रूस को यूक्रेन (Ukraine) पर जीत हासिल नहीं हुई है. इसके बाद बीच-बीच में कई बार कहा गया कि रूस किसी भी वक्त यूक्रेन के खिलाफ परमाणु हथियारों (Nuclear Weapon) का इस्तेमाल कर सकता है. हालांकि अब तक रूस (Russia) ने इस खबरों का न खंडन किया और न पुष्टि ही की. मगर अभी हाल ही में उसकी ओर से यह स्पष्ट किया गया कि वह कब और किस परिस्थिति में परमाणु हथियारों का इस्तेमाल कर सकता है.

रुस के राष्ट्रपति भवन क्रेमलिन (Kremlin) के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने हाल ही में पीबीएस न्यूजआवर को साक्षात्कार दिया है. इसमें उन्होंने कहा, ‘हमारी अपनी सुरक्षा संबंधी अवधारणा है. इसमें स्पष्ट तौर पर उल्लेख है कि परमाणु हथियारों का कब और किस परिस्थिति में इस्तेमाल किया जाना है. जब भी देश के अस्तित्त्व पर संकट आएगा, हम निश्चित रूप से परमाणु हथियारों का उपयोग कर सकते हैं. और जरूर करेंगे.’ फिर आगे उन्होंने यह भी स्पष्ट किया, ‘यूक्रेन में रूसी सेना (Russian Army) के अभियान का नतीजा कुछ भी हो, वहां अभी परमाणु हथियारों (Nuclear Weapon) का उपयोग करने की कोई परिस्थिति सामने नहीं आई है.’

गौरतलब है कि इससे पहले 28 फरवरी को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन (Russian President Vladimir Putin) ने कहा था कि उन्होंने अपने सामरिक परमाणु बलों को उच्च स्तर पर चौकन्नी स्थिति में रखा हुआ है. उस वक्त यूक्रेन पर रूस के हमले को 4 दिन ही हुए थे. पुतिन के उस बयान के बाद से ही यूक्रेन के खिलाफ रूस द्वारा परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की आशंकाएं जताई जा रही हैं. यहां इसी संदर्भ में यह भी गौरतलब है कि जैसा कि जानकार बताते हैं, रूस ने यह उम्मीद कतई नहीं की थी कि यूक्रेन से युद्ध इतना लंबा खिंच जाएगा. लेकिन अब जैसे-जैसे यूक्रेन में जीत हासिल करने में रूस को समय लगता जा रहा है, पुतिन पर दबाव बढ़ रहा है.

अमेरिकी राष्ट्रपति का बयान चिंताजनक
दिमित्री पेस्कोव ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन (US President Joe Biden) के हालिया बयान पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी. बाइडन ने कुछ दिन पहले ही रूस से पड़ोसी देश पोलैंड में कहा था, ‘पुतिन सत्ता में नहीं रह सकते.’ इस पर पेस्कोव ने कहा, ‘अमेरिकी राष्ट्रपति का यह बयान चिंताजनक है. हम इसके बाद हो रहे घटनाक्रमों पर नजदीकी निगाह रखे हुए हैं.’