May 1, 2026

अब तक कि बड़ी खबरें देश-विदेश की

Spread the love

अपना प्रदेश उत्तर प्रदेश :-

🕐लखनऊ :- सांसदों का टिकट काटने के मामले में अब समाजवादी पार्टी भी भारतीय जनता पार्टी से पीछे नहीं है। समाजवादी पार्टी ने आज दो प्रत्याशियों का नाम घोषित किया गया। इनमें गोरखपुर से सांसद प्रवीण कुमार निषाद का टिकट काटा गया है। पूर्व मंत्री रामभुआल निषाद को यहां से प्रत्याशी घोषित कर दिया है। समाजवादी पार्टी ने कानपुर से रामकुमार को अपना प्रत्याशी घोषित किया है।

🕐लखनऊ :- सपा-बसपा-रालोद गठबंधन में मंगलवार को निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद) के जुड़ने का एलान हुआ लेकिन, शुक्रवार तक इस रिश्ते में दरार पड़ गई। निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद गठबंधन से छिटक गए और नई संभावनाओं की तलाश में भाजपा मुख्यालय पहुंच गए।संजय निषाद ने लोकसभा चुनाव प्रभारी जेपी नड्डा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल से मुलाकात की। बाद में संजय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी भेंट की। उनके साथ स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ भी थे।

🕐लखनऊ :- इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने राज्य सरकार द्वारा सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा 2019 में अभ्यर्थियों के लिए कटऑफ अंक तय करने संबंधी सात जनवरी, 2019 के शासनादेश को रद कर दिया है। कोर्ट ने सरकार को आदेश दिया है कि इस परीक्षा को कराने के बारे में एक दिसंबर व पांच दिसंबर 2018 को जारी शासनादेशों का पालन किया जाए और सहायक शिक्षक भर्ती 2018 के अनुसार ही मेरिट बनाकर परिणाम घोषित किया जाए।

🕐लखनऊ :- राजधानी स्थित पीजीआई थानाक्षेत्र के पिपरौली में बसी 10 झुग्गी झोपड़ी जलकर हुई। देखते ही देखते आग की लपटों ने वि‍कराल रूप ले लिया। वहीं, पास ही खड़ी एक कार भी चपेट में आ गई। बताया जा रहा है कि घटना में तीन लोग झुलस गए। आसपास के मकानों तक भी लपटें पहुंची। आननफानन में लोगों ने फायर ब्रिगेड अौर पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद 45 मिनट बीत जाने के बाद भी फायर ब्रिगेड का फोन नहीं उठा। देखते ही देेखते आग ने सब कुछ राख कर दिया।

🕐वाराणसी :- लोकसभा चुनाव में पूर्वाचल फतह का नेतृत्व खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। ब्लू प्रिंट के अनुसार पीएम मोदी पूर्वाचल में करीब आधा दर्जन रैलियां करने जा रहे हैं। इसमें एक रैली बनारस में होगी। इसके अलावा चुनावी माहौल के अनुसार पीएम का रोड शो भी होगा जिसके लिए दिन व तारीख तय करने पर मंथन किया जा रहा है।

🕐बलिया :- रेवती थाना अंतर्गत चौबेछपरा गांव में परमेश्वर ब्रम्ह के स्थान के समीप शुक्रवार की रात शार्ट सर्किट से लगी आग में काजल पत्नी मनोज सिंह (25) तथा सीमा देवी पत्नी मनबोध सिंह (30) , राजबीर सिंह पुत्र मनबोध सिंह (6) की मौत हो गई । वहीं गंभीर रुप से झुलसे वीरेन्द्र सिंह (55),मीरा देवी पत्नी वीरेंद्र सिंह (50) मनोज सिंह (28) का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

🕐सोनभद्र, :- रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के छपका गांव के पास शनिवार की सुबह टहलने निकले आदर्श इंटर कालेज के प्रधानाचार्य की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।

🕐वाराणसी :- लोकसभा चुनाव की सर्वाधिक चर्चित वाराणसी संसदीय सीट पर मुकाबला चाहे जैसा हो माहौल काफी रोमांचक हो चला है। भारतीय जनता पार्टी ने अपनी पहली सूची में ही इस सीट पर दोबारा नरेंद्र मोदी को प्रत्याशी घोषित कर दिया है लेकिन विपक्ष फिलवक्त उम्मीदवारी के मामले में एक बड़े शून्य का शिकार है। अब तक कांग्रेस उम्मीदवारों की चार सूची जारी की जा चुकी है लेकिन बनारस को लेकर निर्णय नहीं हो सका है।

🕐वाराणसी :- संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। आर्थिक संकट के चलते प्राच्य विद्या का संरक्षण भी खतरे में हैं। इसके पीछे संस्कृत पढऩे वाले छात्रों की वर्ष दर वर्ष कम होती छात्रसंख्या व शुल्क काफी कम होना है। विवि लगातार आर्थिक संकट से जूझ रहा है। हालत यह है कि विकास व क्रीड़ा मद से शिक्षकों व कर्मचारियों के वेतन बांटे जा रहे हैं। ऐसे में घाटे की पूर्ति के लिए विवि की निगाहें शासन पर टिकी हुई हैं।

🕐अलीगढ़ :- एएमयू हाइकिंग एंड माउंटेरिंग क्लब के 21 सदस्यीय छात्राओं के दल ने 6200 फीट ऊंची चोटी पर चढ़कर एएमयू का झंडा फहराया। यह कार्य उन्होंने सहस्रधारा (उत्तराखंड) में आयोजित एडवेंचर माउंटेरिंग कोर्स के दौरान किया। एक सप्ताह का कोर्स करने के बाद शुक्रवार को टीम एएमयू वापस आ गई है। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने टेंट पिचिंग, बोल्ड रिंग, रिवर क्रासिंग, रैपेलिंग, जमारिग हाइट गैनिंग आदि से जुड़ी जानकारी हासिल की।

🕐आगरा :- आगरा जोन में 1.62 लाख से अधिक लोगों से पुलिस को खतरा है। लोकसभा चुनाव में यह लोग व्यवधान पैदा कर सकते हैं। इसके मद्देनजर पुलिस ने इन लोगों के खिलाफ पाबंद करने की कार्रवाई कर दी है। इन लोगों से 50 हजार से अधिक के मुचलका भरवाए जा रहे हैं। इन पर पुलिस अलग से नजर भी रख रही है।

🕐आजमगढ़ :- इंजीनियर अजीत सोनकर को आम आदमी पार्टी की ओर से लालगंज सुरक्षित लोकसभा सीट से प्रत्याशी घोषित किया गया है। मूलरूप से मिर्जापुर निवासी व धुन के पक्के अजीत जनपद में विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए अकेले 12 दिनों तक कलक्ट्रेट के सामने आंबेडकर पार्क में अनशन भी कर चुके हैं।

🕐गोरखपुर :- छह अप्रैल से अनुभाग की 40 से अधिक ट्रेनों में जीआरपी की एस्कोर्ट बंद हो जाएगी। अनुभाग में तैनात 40 दारोगा व करीब 410 सिपाहियों को चुनाव व वीआइपी ड्यूटी में भेजा जा रहा है। 19 मई को चुनाव खत्म होने के बाद इनकी वापसी होगी। एसपी रेलवे ने सभी थानेदारों को पत्र लिख थाने पर मौजूद फोर्स को मुस्तैद कर चुनाव तक सुरक्षा-व्यवस्था संभालने का निर्देश दिया है।

🕐वाराणसी :- भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर शनिवार को वाराणसी में रोड शो करने जा रहे हैं। तीन दिन पहले भीम आर्मी की ओर से कलेक्ट्रेट से लंका स्थित रविदास मंदिर तक रोड शो के लिए आवेदन किया गया था। शुक्रवार को जिला प्रशासन ने सशर्त भीम आर्मी को रोड शो करने की अनुमति दे दी। जिला प्रशासन ने शनिवार को सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक के लिए अनुमति दी है। साथ ही कहा है कि रोड शो में एक चार पहिया और नौ दोपहिया वाहनों के साथ 500 लोग शामिल रहेंगे।

🕐अलीगढ़ :- लोकसभा चुनाव से ऐन पहले पुलिस द्वारा अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के क्रम में गुरुवार रात गांधीपार्क पुलिस ने एक तमंचा फैक्टरी पकड़ी है। यहां से दो शातिर अपराधी तमंचा बनाते हुए धरे गए। इनके पास से 26 बने और 23 अधबने तमंचों सहित भारी मात्रा में उपकरण हाथ लगे।यहां से तमंचों की सप्लाई मध्य प्रदेश के भिंड जिले के अलावा आसपास के जिलों में की जाती थी। पकड़ा गया फैक्टरी संचालक इस धंधे का पेशेवर है। वह पिछले करीब दस साल से यह कारोबार कर रहा है। पूर्व में भी इसी धंधे में जेल जा चुका है।

अपना भारत :

🕐अहमदाबाद :- पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ने जा रहे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह रोड शो के बाद गांधीनगर लोकसभा सीट से नामांकन दाखिल करेंगे। रोड शो में अमित शाह के साथ केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे, शिरोमणी अकाली दल के प्रमुख प्रकाश सिंह बादल और लोजपा अध्‍यक्ष रामविलास पासवान जैसे बड़े नेता मौजूद।

🕐अरुणाचल प्रदेश :- 2019 के लिए चुनावी समर शुरू हो चुका है, पीएम मोदी ने शनिवार को पूर्वोत्तर में भी चुनावी आगज कर दिया है आज वो अरुणाचल प्रदेश के एलो में चुनावी रैली को संबोधितत कर रहे हैं। पिछली सरकारों पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा, आपने बताया था कि 30 सालों एलो की जमीन पर पहली बार किसी पीएम ने कदम रखा है जबकि पिछले 5 सालों के बाद से भाजपा की सरकार आने बाद से पीएम ने पूर्वाोत्तर के 30 से भी ज्यादा दौरे कर लिए हैं।

🕐पटना :- इस बार बिहार बोर्ड की 12 वीं की परीक्षा दे चुके छात्र जो अपने रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं उनका इंतजार आज कुछ ही देर में खत्म होने वाला है। आज बिहार बोर्ड पहली बार मार्च में ही Bihar 12th Result 2019 के रिजल्ट की घोषणा करने वाला है।इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा, 2019 का परीक्षाफल, जो आज अपराह्न 1:00 बजे जारी किया जाना था, अब उसे आज अपराह्न 2:30 बजे जारी किया जाएगा।

🕐नई दिल्ली :- इस साल सर्दी ने जहां मार्च तक सताया, वहीं गर्मी भी अब रुलाने को तैयार है। मौसम विभाग के मुताबिक, जलवायु परिवर्तन की वजह से इस बार रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ेगी। दिल्ली-एनसीआर का तापमान सामान्य से ऊपर तो अभी से पहुंच गया है। धीरे-धीरे इसमें और इजाफा होगा। मई और जून के महीने में तेज लू चलेगी। वहीं, इस बार जुलाई से पूर्व मानसून भी आने के आसार नहीं दिख रहे हैं।

🕐होशियारपुर :- पंजाब में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है विदेश में रहने वाले एनआरआइज सक्रिय होना शुरू हो गए हैं। एनआरआइज हमेशा से चुनाव में अहम भूमिका निभाते हैं। 2017 के विधानसभा चुनाव और उससे पहले 2014 के लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने काफी फंड एनआरआइज के माध्यम से इकट्ठा किया था। इस बार भी फंड जुटाने का सिलसिला शुरू हो गया है।

🕐चंडीगढ़ :- पंजाब में कांग्रेस प्रत्‍याशियों के चयन की कसरत तेज हो गई है। टिकट बंटवारे को लेकर चल रही इस कशमकश में लगातार समीकरण बन और बिगड़ रहे हैं। सबसे रोचक समीकरण बठिंडा व अमृतसर सीट को लेकर है। कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू के अमृतसर से चुनाव लड़ने की संभावना प्रबल हो गई है। नवजोत कौर चंडीगढ़ से टिकट की मांग रही हैं, लेकिन कांग्रेस उनकाे अमृतसर से चुनाव मैदान में उतारने के मूड में है।

🕐रुद्रपुर :- नो एंट्री में एक कैप्सूल टैंकर के घुसने के बाद शहर में देर शाम जो हुआ, वो रोंगटे खड़ा कर देने वाला था। सीपीयू की गाड़ी टूटने के साथ ही अराजकता का माहौल बन गया। पगड़ी की बेअदबी पर सिख समाज के लोग सड़कों पर उतर आए। एसपी क्राइम से अभद्रता के बाद उनके गनर द्वारा फायरिंग किए जाने से माहौल गरमा गया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज से भगदड़ मच गई।

🕐देहरादून :- दून में ब्रेन डेड घोषित सेना का जवान निधन के बाद कम से कम पांच लोगों को नई जिंदगी देगा। यहां के मिलिट्री हॉस्पिटल में ब्रेन डेड घोषित कर दिए गए सेना के जवान के अंगों को ग्रीन कॉरीडोर बनाकर दिल्ली के एक अस्पताल को भेजा गया है, जहां जवान के अंगों को वहां भर्ती मरीजों को ट्रांसप्लांट किया जाएगा।

🕐डोईवाला :- किसान मलकीत सिंह की निर्मम हत्या की गुत्थी पुलिस के लिए अबूझ पहेली बन गई है। पुलिस को अब तक जितने भी सुराग मिले हैं, उनका अब तक मलकीत की हत्या से कनेक्शन नहीं जोड़ा जा सका है। हालांकि, पुलिस का दावा है कि मलकीत की हत्या चोरी करने आए बदमाशों ने की है, इस वारदात में तीन युवकों के शामिल होने की आशंका है।

🕐श्रीनगर :- Mi-17 हेलिकॉप्टर का ब्लैक बॉक्स जो श्रीनगर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था लापता हो गया है।27 फरवरी को बडगाम के पास दुर्घटनाग्रस्त ब्लैक-बॉक्स, फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर, जो 27 फरवरी को बडगाम के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, लापता है जिसे भारतीय वायु सेना खोज रही है। यह श्रीनगर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया एम आई -17 हेलिकॉप्टर के ब्लैक बॉक्स गायब होना वायु सेना के लिये परेशानी का सवब बना हुआ है।

दुनिया :

🕐वाशिंगटन :- भारत और संयुक्‍त राज्‍य अमेरिका ने शुक्रवार को पाकिस्‍तान की धरती से संचालित आतंकवादी संगठनों के खिलाफ सार्थक एवं प्रभावशाली कदम उठाने पर जोर दिया है। दोनों देशों ने शुक्रवार को यहां संपन्‍न हुए भारत-अमेरिका काउंटर टेररिज्‍म जाइंट वर्किंग ग्रुप में आतंकवादी संगठनों द्वारा उत्‍पन्‍न खतरों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। पुलवामा आतंकी हमले केे बाद भारत-अमेरिका के बीच इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है।

🕐सूक्रे :- राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद अपनी तीन देशों की यात्रा के दूसरे चरण में बोलीविया की राजधानी सूक्रे में हैं। यहां उनकी अपने समकक्ष इवो मोरालेस के साथ द्विपक्षीय वार्ता हुई। दोनों देशों ने आतंकवाद, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार और जलवायु परिवर्तन पर अपना ध्‍यान केंद्रीत किया।

🕐वाशिंगटन :- सोशल मीडिया दिग्गज फेसबुक ने रंगभेद आधारित राष्ट्रवाद व अलगाववाद को बढ़ावा देने व उसका समर्थन करने वाले सभी कंटेंट पर रोक लगा दी है। न्यूजीलैंड की दो मस्जिदों पर ऑस्ट्रेलिया के श्वेत बंदूकधारी द्वारा अंधाधुंध गोलियां बरसाने के बाद फेसबुक ने यह फैसला लिया है। इस हमले में 50 लोगों की जान गई थी।

🕐लंदन :- भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी के बचाव में उतरी टीम ने ब्रिटेन से उसका गहरा लगाव स्थापित करने की पुरजोर कोशिश की। यहां तक कि इसके लिए टीम ने उसके पालतू कुत्ते की देखभाल का भी सहारा लिया।नीरव के बैरिस्टर क्लेरे मोंटगोमेरी ने सुनवाई कर रही मजिस्ट्रेट को जमानत मंजूर करने के लिए कई तरह की पेशकश की।

🕐पाकिस्तान :- बालाकोट में एयर स्ट्राइक के करीब एक महीने बाद पाक सेना पत्रकारों की एक टीम को उस जगह लेकर गई, जहां पर जैश के आतंकी कैंप को भारतीय वायु सेना ने हमला करके तबाह कर दिया था। बताया जाता है कि पाकिस्तान ने इस एक महीने के दौरान हमले के सभी सुबूतों को मिटा दिया, जिससे ये साबित न हो सके कि भारत की कार्रवाई में उसके आतंकी कैंप को नुकसान हुआ है।रक्षा मंत्रालय से जुड़े एक अधिकारी के मुताबिक पाकिस्तान ने बालाकोट का हुलिया बदलकर दुनिया को ऐसा दिखाने को कोशिश की है, जिससे लगे कि ये कोई आम मदरसा है।