EVM पर सवाल और बवाल: बैलेट पेपर संग पकड़ा गया लेखपाल, DM ने किया सस्पेंड
संतकबीरनगर. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (Uttar Pradesh Assembly Election) की मतगणना शुरू होने के पहले ईवीएम को लेकर बवाल मच गया है. अखिलेश यादव की आपत्ति के बाद कई जिलों में ईवीएम पर सवाल और बवाल दोनों देखने को मिल रहे हैं. ताजा मामला संतकबीरनगर से सामने आया है जहां एक लेखपाल के पास से दो बैलेट पेपर मिले हैं. इसके बाद वहां हंगामा हो गया. सपा कार्यकर्ताओं ने इसको लेकर विरोध जताया. चेकिंग के दौरान बैलेट पेपर मिलने के बाद लेखपाल को सस्पेंड कर दिया गया है. इस मामले में डीएम ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
जानकारी के मुताबिक, बुधवार को मतगणना स्थल के अंदर जा रहे लेखपाल की तलाशी ली गई तो उसके पास 2 बैलेट पेपर बरामद किए गए. नागेंद्र सिंह नामक लेखपाल के पास EVM में लगाने वाला बैलेट पेपर बरामद हुआ है. इस खबर के बाद वहां हंगामा हो गया. इसकी सूचना के बाद मौके पर पहुंची जिला निर्वाचन अधिकारी दिव्या मित्तल ने मामले की जानकारी ली और एसडीएम खलीलाबाद को इस पर कड़ी फटकार लगाई. जिला निर्वाचन अधिकारी दिव्या मित्तल ने कर्मचारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं. इसके साथ ही लेखपाल को सस्पेंड कर दिया गया है.
मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात
खालीलाबाद HRPG कॉलेज मतगणना स्थल के गेट पर सामने आए इस मामले के बाद विपक्षियों ने इसका विरोध किया है. मामले के बाद मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है. इसके पहले कई अन्य जिलों से भी ईवीएम और मतगणना स्थलों को लेकर विपक्ष हमलावर दिख रहा है.
वाराणसी में एडीएम पर कार्रवाई
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को वाराणसी ईवीएम बवाल मामले में दोषी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया है. चुनाव आयोग के एक सूत्र के मुताबिक, एडीएम एनके सिंह को निलंबित किया जाना है. एक अन्य ट्वीट में एएनआई ने बताया कि ट्रेनिंग ईवीएम के परिवहन में नियमों के कथित उल्लंघन पर चुनाव आयोग ने यूपी के सीईओ से वाराणसी के एडीएम एनके सिंह के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है. यूपी के मुख्य चुनाव आयुक्त उसकी के अनुसार कार्रवाई करेंगे.
गौरतलब है कि मंगलवार की शाम पहाड़िया मंडी से दो वाहन में भरकर ईवीएम बाहर ले जाने का आरोप लगाते हुए सपाइयों ने विरोध प्रदर्शन और हंगामा किया था. पहाड़िया मंडी में दो वाहन पर ईवीएम लदकर कहीं जा रहा था, तभी मौके पर सपा कार्यकर्ताओं ने उसे रोक लिया. हालांकि, प्रशासन का कहना है कि ये ईवीएम ट्रेनिंग के लिए थीं.





More Stories
यूपी विद्युत नियामक आयोग ने 8 मई को बुलाई बड़ी बैठक –
यूपी में 4 मई को होने वाले निकाय चुनाव के मतदान से पहले भारत-नेपाल की सीमा को किया जाएगा सील-
सीआईएसएफ की परीक्षा में पकड़े गए दो मुन्ना भाई-