October 2, 2026

वीआईपी रूट पर हटाए पांच सौ से अधिक अतिक्रमण- शरद पांडेय

Spread the love

वीआईपी रूट पर हटाए पांच सौ से अधिक अतिक्रमण

 

प्रयागराज। राष्ट्रपति के नगर आगमन से पहले शुक्रवार को शहर के विभिन्न वीवीआईपी, वीआईपी मूवमेंट वाले रूटों पर पांच सौ से अधिक अतिक्रमण हटाए गए। पुलिस बल के साथ नगर निगम प्रवर्तन दल ने ठेले, खोमचे वालों की खदेड़ दिया। हिदायत दी गई कि अब कब्जा दिखा तो सामान जब्त कर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। कार्रवाई के दौरान अफरातफरी मची रही।

 

नगर आयुक्त रवि रंजन के निर्देश पर नगर निगम के अतिक्रमण प्रभारी गौरव रंजन ने प्रवर्तन दल के साथ सुबह सर्किट हाउस से कार्रवाई शुरू की। पुलिस और पीएसी बल के साथ धोबी घाट, लोक सेवा आयोग चौराहा, हिंदू हॉस्टल से संगम मार्ग खाली कराया गया।

 

संगम मार्ग से सीएमपी डॉट पुल, मेडिकल चौराहा, एसआरएन अस्पताल मार्ग भी खाली कराया गया। ठेले, खोमचे वालों को खदेड़ कर फुटपाथों पर डेरा जमाए लोगों को हटाया गया। अतिक्रमण प्रभारी गौरव रंजन के मुताबिक चौफटका से बम्हरौली, हैप्पी होम तक अतिक्रमण हटाए गए। शनिवार को सुबह चार घंटे का विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। स्थानीय पुलिस यह सुनिश्चित करेगी कि दोबारा अतिक्रमण न हो। कार्रवाई के दौरान एसीएम द्वितीय प्रेम चंद्र मौर्य, धूमनगंज, सिविल लाइंस, जार्जटाउन समेत अन्य थानों की फोर्स और पुलिस बल शामिल रहा।