September 14, 2026

वाराणसी में आज 8 कोरोना पॉजिटिव मिले ,

Spread the love

वाराणसी। जिले में कोरोनावायरस से संक्रमितों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। प्रतिदिन नए मरीज सामने आ रहे हैं। मंगलवार को भी वाराणसी में 14 संक्रमित सामने आए थे। वहीं बुधवार को भी 8 मरीजों की पुष्टि हुई है, जिसके बाद वाराणसी में कुल कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 123 हो गई है।

जनपद वाराणसी में बीएचयू लैब से आज 40 सैंपल के परिणाम प्राप्त हुए। 32 परिणाम नेगेटिव है। 8 नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। 8 नए केसों में 1 वाराणसी का व्यापारी, 1 वाराणसी का फल विक्रेता है, वहीं 6 मरीज प्रवासी है जिसमें से पांच मुंबई से एवं एक अहमदाबाद से वाराणसी आया है।

मुंबई से वापस आए 5 प्रवासी मरीजों में एक 22 वर्षीय मरीज ग्राम नारायणपुर थाना चौबेपुर का निवासी है। मुंबई से यह ट्रेन द्वारा वाराणसी आया। स्क्रीनिंग के दौरान लक्षण पाए जाने पर ईएसआईसी अस्पताल में इसका सैंपल कराया गया। मुंबई में यह गारमेंट सिलाई का काम करता था। दूसरा 40 वर्षीय मरीज ग्राम कुरौना थाना जनसा का रहने वाला है। ट्रक से मुंबई से वाराणसी आया और जांच कराने एएसआईसी अस्पताल पहुंचा जहां लक्षण के आधार पर इसका सैंपल लिया गया। मुंबई में यह ऑटो पार्ट्स मकैनिक का कार्य करता है। तीसरा 20 वर्षीय ग्राम छतौना थाना चौबेपुर निवासी यह मरीज मुंबई में फल बेचने का काम करता था ट्रक द्वारा या मुंबई से वाराणसी आया और ईएसआईसी अस्पताल में जांच कराने पहुंचा। 18 वर्षीय चौथा मरीज ग्राम खेवसीपुर थाना लोहता का रहने वाला है। मुंबई में यह चूड़ी बनाने वाली कंपनी में काम करता था ट्रक द्वारा मुंबई से वाराणसी आया एवं जांच कराने ईएसआईसी अस्पताल पहुंचा जहां लक्षण के आधार पर इसका सैंपल लिया गया। 18 वर्षीय पांचवा मरीज दूलही गड़ाही मैदागिन थाना कोतवाली का निवासी है। ट्रक द्वारा मुंबई से वाराणसी आया और जांच कराने ईएसआईसी अस्पताल में पहुंचा जहां लक्षण के आधार पर इसका सैंपल लिया गया। मुंबई में यह आर्टिफिशियल ज्वेलरी का काम करता था।
वहीं अहमदाबाद से वापस आया 61 वर्षीय छठा मरीज ग्राम खरगीपुर थाना चौबेपुर का रहने वाला है। यह अहमदाबाद से वाराणसी बस द्वारा आया ,स्क्रीनिंग के दौरान लक्षण पाए जाने पर उसका सैंपल लिया गया। अहमदाबाद में रिक्शा चालक का कार्य करता था। 50 वर्षीय सातवां मरीज विशेश्वरगंज मंडी का गुड़-चीनी व्यापारी है जोकि हबीबपुरा पिशाचमोचन थाना चेतगंज का निवासी है। 36 वर्षीय आठवां मरीज माधोपुर सिगरा का निवासी है। चंदवा मंडी में भारत सेवा आश्रम के सामने फल बेचने का कार्य करता है। गले में खराश एवं बुखार होने पर बीएचयू की फ्लू ओपीडी में स्वयं जांच कराने पहुंचा।

इसके अलावा प्राप्त परिणामों में पंडित दीनदयाल राजकीय चिकित्सालय में भर्ती 6 कोरोना पॉजिटिव मरीजों के फॉलो अप सैंपल का परिणाम नेगेटिव आने के कारण उन्हें स्वस्थ घोषित कर डिस्चार्ज किया जा रहा है। ठीक हुए 6 मरीजों में दो वाराणसी के हैं। दोनों मरीज मदनपुरा हॉटस्पॉट में पॉजिटिव आए 75 वर्षीय मरीज की कॉन्ट्रैक्ट ट्रेसिंग से संबंधित थे।

इस प्रकार जनपद में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 123 हो गई है। 70 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। एक्टिव मरीजों की संख्या 49 है । जबकि 4 लोगों की मौत हो चुकी है।