🕘लखनऊ:- भारतीय जनता पार्टी अब अनुशासनहीनता करने वालों को जरा भी ढील देने के पक्ष में नहीं है। भाजपा ने पार्टी के खिलाफ बयान देने के मामले में वरिष्ठ नेता आइपी सिंह को पार्टी से फिलहाल बाहर कर दिया है। अब वह छह वर्ष पार्टी से निलंबित रहेंगे।
🕘लखनऊ:- समाजवादी पार्टी के सरंक्षक मुलायम सिंह यादव के साथ पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की मुश्किल लोकसभा चुनाव के दौरान बढ़ सकती है। आय से अधिक संपत्ति के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने इनके खिलाफ सीबीआई जांच की प्रगति की मांग पर सीबीआइ को नोटिस जारी कर इसकी जांच रिपोर्ट मांगी है।
🕘मऊ:- जनपद के हलधरपुर थाना क्षेत्र के पहसा में गड़वा मोड़ पर बैंक की फ्रैंचाइजी, ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक से बाइक सवार बदमाशों ने उनके बच्चों को गन प्वाइंट पर लेकर एक लाख बीस हजार रुपए लूट लिए। घटना के समय फ्रैंचाइजी संचालक के बच्चे भी उनके साथ बाइक पर थे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस जांच-पड़ताल में जुट गई है।
🕘गोरखपुर:- बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती गठबंधन की संयुक्त रैलियों के अलावा गोरखपुर मंडल में दो रैलियां अकेले करने की तैयारी में हैं। 14 मई को प्रस्तावित ये रैलियां बांसगांव व सलेमपुर लोकसभा क्षेत्रों में होने की संभावना है।
🕘गोरखपुर:- गोरखपुर के गुलरिया के जंगल शिवपुर सहबाजगंज में बीती रात ऑटो चालक की गला रेतकर हत्या कर दी गयी। घटना की जानकारी होने के बाद काफी देर बाद तक पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। पादरी बाजार पुलिस चौकी प्रभारी अरुण कुमार सिंह घटनास्थल गुलरिया में होने की की बात कहकर इंस्पेक्टर गुलरिया व क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ को इसकी जानकादी दी।
🕘प्रयागराज:- लोकसभा चुनाव के लिए प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। दोनों लोकसभा सीटों इलाहाबाद व फूलपुर के लिए विभिन्न 32 सरकारी विभागों के 205 अफसरों को तैनात कर दिया गया है। इसमें 26 उच्चाधिकारियों को निर्वाचन के अलग-अलग कार्यों के लिए नोडल अफसर बनाया गया है।
🕘प्रयागराज:- कुंभ मेला क्षेत्र में सफाई न होने, जगह-जगह गड्ढों में पानी जमा होने पर वहां पर तेजी से मच्छर पैदा हो रहे हैं, जो शहरवासियों को परेशान कर रहे हैं। नगर निगम मच्छरों के लिए दवा का छिड़काव और फागिंग करवा रहा है, लेकिन लोगों को राहत नहीं मिल रही है। लोग रात में चैन की नींद सो नहीं पा रहे हैं।
🕘प्रयागराज:- दिल्ली-मुंबई जाने वाले लोगों का बुरा हाल है। हर ट्रेनें नो-रूम चल रही हैं। स्थिति यह है कि सीट मिलना तो दूर लोगों को फर्श में बैठने को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। प्रयागराज एक्सप्रेस के स्लीपर श्रेणी में वेटिंग लिस्ट छह सौ से अधिक पहुंच चुकी है। जबकि शिवगंगा की वेटिंग लिस्ट लगातार बढ़ रही है। महानगरी, मुंबई दूरंतो जैसी ट्रेनें भी नो-रूम चल रही हैं।
🕘मेरठ:- पहले चरण के चुनाव के लिए औपचारिकताएं पूरी की जा चुकी हैं। सीट तय है। प्रत्याशी भी घोषित किए जा चुके हैं। कई उम्मीदवार पर्चा दाखिल कर चुके हैं और बाकी बचे अंतिम दिन यानी सोमवार (आज) को नामांकन-पत्र दाखिल करेंगे।
🕘आगरा:- मुख्यमंत्री याेगी आदित्य नाथ ने कान्हा की नगरी मथुरा में सोमवार को सेठ बीएन पौद्दार इंटर कॉलेज के मैदान में पार्टी उम्मीदवार सांसद हेमा मालिनी के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि तबाही का नाम कांग्रेस है। आतंकवादियों की सरपरस्त है।
🕘अलीगढ़:- लोकसभा चुनाव में पहली बार उर्दू मतदाता सूची का भी प्रयोग होगा। आयोग ने शहर व कोल विधानसभा को इसके लिए चुना है। ऐसे में प्रशासन ने इन दोनों विधानसभाओं के लिए हिंदी के साथ उर्दू की मतदाता सूची छपवाने का काम शुरू कर दिया है।
🕘कानपुर:- गंगा मेला पर मंगलवार को पूरे शहर में रंगों की बौछार होगी और गुलाल उड़ेगा। रज्जन बाबू पार्क हटिया से रंग का ठेला निकलेगा जो विभिन्न क्षेत्रों में घूमेगा। जगह-जगह मटकी फोड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। जनरलगंज, बिरहाना रोड, नयागंज, पटकापुर, मालरोड आदि क्षेत्रों में तो होरियारों पर लोग घर की छतों से रंग डालेंगे।
🕘मऊ:- पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र बहादुर के निर्देश पर पूरे जनपद में हेलमेट चेकिग अभियान चलाया जा रहा है। अभी दो दिनों तक तो लोगों को समझाया जा रहा है, पुलिसकर्मी उनसे हेलमेट लगाने का आह्वान कर रहे हैं, दो दिन बाद बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों का चालान काटा जाएगा। इस दौरान बिना कागजात के चल रहे दर्जनों लोगों का विभिन्न थानों की पुलिस द्वारा चालान किया गया।
🕘आजमगढ़:- इस बार के लोकसभा चुनाव में सर्विस (सेवायोजित) मतदाता ईटीपीबीएस (इलेक्ट्रानिक ट्रांसमिटेड पोस्टल बैलेट सिस्टम) के माध्यम से मतदान करेंगे। इसी प्रक्रिया के माध्यम से जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा संबंधित सर्विस मतदाताओं के मुख्यालय पर इलेक्ट्रानिक पोस्टल बैलेट भी भेजे जाएंगे। घोषणा पत्र सहित लिफाफों पर भी क्यूआर कोड (क्विक रिस्पांस कोड) अंकित होगा।
अपना देश :
🕘 नई दिल्ली:- अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर से जुड़े मनी लॉड्रिंग केस में आरोपित राजीव सक्सेना को दिल्ली की एक अदालत ने सरकारी गवाह बनाने की अनुमति दे दी है। अभी हाल में ही ईडी ने कोर्ट को बताया था कि अगर राजीव सक्सेना को सरकारी गवाह बनाने की अनुमति दी जाती है तो उसे कोई आपत्ति नहीं होगी।
🕘नई दिल्ली:- दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में तिहाड़ जेल प्रशासन ने क्रिश्चियन मिशेल को एकांत में रखने को लेकर अपनी रिपोर्ट पेश की। रिपोर्ट के अनुसार मिशेल की शिकायतों पर जेल प्रशासन ने ध्यान दिया है। कोर्ट ने तिहाड़ जेल में बंद मिशेल को उसके वकील से मिलने की इजाजत दे दी है। कोर्ट ने जेल प्रशासन को आदेश दिया है कि मिशेल से उसके वकील को कानूनी राय लेने के लिए जेल में मिलने दिया जाए।
🕘जालंधर:- दिसंबर 2016 में पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष की कमान मिलने के बाद रैली में गुटका साहिब को मस्तक से स्पर्श करते हुए कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सौगंध खाई थी कि उनकी सरकार बनने पर पंजाब से तीस दिन में नशे का खात्मा हो जाएगा।
🕘पानीपत/अंबाला:- अंबाला में सवा ग्यारह बजे एक जोरदार धमाका हुआ। लोग घरों और हॉस्पिटल से बाहर निकल आए। गाडिय़ों को भी लोगों ने रोक दिया। धमाके की वजह से खिड़कियां और दरवाजे तक हिल गए। पुलिस विभाग ने तुरंत आइओसी यानी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, एयरफोर्स और आर्मी से संपर्क साधा। वहीं धमाके के बाद से हरियाणा-पंजाब बार्डर में चेकिंग बढ़ा दी गई।
🕘चंडीगढ़:- भारतीय जनता पार्टी में खिलाडि़यों का शामिल होना जारी है। पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर के बाद अब पैरा ओलंपियन दीपा मलिक भी भाजपा में शामिल हो गई हैं। उन्होंने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और हरियाणा भाजपा प्रधान सुभाष बराला की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
🕘देहरादून:- सहारनुपर चौक झंडा बाजार स्थित दरबार साहिब का ऐतिहासिक झंडा मेला सोमवार से शुरू हो गया है । मेले का सबसे बड़ा आकर्षण 95 फीट के झंडे जी का आरोहण रहा। जिसमें लाखों श्रद्धालु मौजूद रहे। प्रेम, सद्भावना, भाईचारा, मानवता, श्रद्धा व आस्था के प्रतीक श्री झंडा जी मेला में शामिल होने के लिए देश-विदेश से संगत यहां पहुंची।
🕘रांची:- Lok Sabha Election 2019 – लोकसभा चुनाव 2019 से पहले झारखंड में बड़ा उलटफेर हुआ है। यहां लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल को तगड़ा झटका लगा है। राजद की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह झारखंड की प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी भाजपा में शामिल हो गई हैं।
🕘रांची:- Lok Sabha Election 2019 – भाजपा के साथ गठबंधन के तहत आजसू को मिली गिरिडीह सीट पर राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता सह जल संसाधन मंत्री चंद्र प्रकाश चौधरी चुनाव लड़ेंगे।
🕘भोपाल:- चुनाव की आचार संहिता लागू होने के बाद से अब तक प्रदेश में तीन करोड़ रुपए से ज्यादा की अवैध नकदी जब्त हो चुकी है। इसी तरह पौने तीन करोड़ रुपए की शराब, 14 लाख रुपए के मादक पदार्थ और सवा करोड़ रुपए से ज्यादा के वाहन और हथियार भी जब्त किए जा चुके हैं।
🕘 हिमांचल प्रदेश:- Lok Sabha Election 2019 पूर्व केंद्रीय संचार मंत्री पंडित सुखराम व उनके बड़े पोते आश्रय शर्मा कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। दिल्ली में उन्होंने पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली। मंडी संसदीय क्षेत्र से आश्रय शर्मा कांग्रेस के उम्मीदवार हो सकते हैं। अनिल शर्मा, जयराम सरकार में ऊर्जा मंत्री हैं। अनिल शर्मा शाम तक मंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं।
🕘अहमदाबाद:- गुजरात सरकार के वन तथा पर्यटन मंत्री गणपत सिंह वसावा ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। वसावा ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को जहर दे दो, चुनाव तक का वक्त निकाल दें तो उन्हें शिव अवतार मान लेंगे। दरअसल, सोशल मीडिया में राहुल की तुलना भगवान शिव के साथ किए जाने से तिलमिलाते हुए वसावा ने यह बयान दिया है।
दुनिया :
🕘वाशिंगटन:- अमेरिकी चुनाव में रूसी हस्तक्षेप के आरोपों से संबंधित मामले की जांच कर रहे विशेष अधिवक्ता रॉबर्ट मुलर ने अपनी रिपोर्ट में ट्रंप के चुनावी अभियान को क्लीन चिट दे दी है। मुलर की रिपोर्ट के मुताबिक 2016 में हुए अमेरिकी राष्ट्रपति के चुनाव में ट्रंप और उनके अभियान ने रूस के साथ मिलकर कोई साजिश नहीं की थी। अमेरिका के अटॉनी जनरल बिलियम बर्र ने यह जानकारी दी।
🕘वाशिंगटन:- चंद्रमा पर भारत के दूसरे अभियान चंद्रयान-2 के साथ अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा का एक लेजर उपकरण भी भेजा जाएगा। नासा के अधिकारियों का कहना है कि इस उपकरण की मदद से धरती और चांद के बीच की दूरी का सटीक पता चल सकता है। चंद्रयान-2 से पहले इजरायल के बेरशीट लैंडर के साथ भी नासा का लेजर रेट्रोरिफलेक्टर भेजा गया है। बेरशीट 11 अप्रैल को चांद पर उतर सकता है।
🕘कैलिफोर्निया:- अमेरिका के दक्षिण कैलिफोर्निया की एक मस्जिद को जलाने की कोशिश की गई। मस्जिद के पार्किग क्षेत्र से एक नोट मिला है जिसमें न्यूजीलैंड में हाल में दो मस्जिदों में हुई गोलीबारी का जिक्र था। इस हमले में 50 लोगों की मौत हो गई थी। इस नोट को लेकर क्षेत्र के मुस्लिम समुदाय में दहशत है। पुलिस इस मामले को घृणा अपराध मानकर जांच कर रही है।
🕘सियोल:- उत्तर कोरिया का स्टाफ सोमवार को अंतर कोरियाई मेलजोल दफ्तर में लौट आया। उत्तर कोरिया पिछले हफ्ते एकतरफा निर्णय लेते हुए इस संयुक्त सुविधा केंद्र से हट गया था। उत्तर और दक्षिण कोरिया के बीच बेहतर संबंधों के लिए पिछले साल सितंबर में कोएसोंग में यह दफ्तर खोला गया था।
🕘काबुल:- सोमवार को अमेरिका ने अफगानिस्तान पर एयर स्ट्राइक कर एक ही परिवार के 13 लोगों की हत्या कर दी इसमें तीन वयस्क और 10 बच्चे शामिल हैं। युनाइटेड नेशन ने इस हमले की जानकारी दी। यूएन ने बताया कि, अमेरिका ने यह एयर स्ट्राइक शनिवार को अफगानिस्तान के तालिबान वाले हिस्से पर की। अमेरिकी सेना पिछले 30 घंटों से अफगानिस्तान के उत्तर में स्थित कुंडूज प्रांत में युद्ध जारी रखे हुए है।

More Stories
यूपी विद्युत नियामक आयोग ने 8 मई को बुलाई बड़ी बैठक –
यूपी में 4 मई को होने वाले निकाय चुनाव के मतदान से पहले भारत-नेपाल की सीमा को किया जाएगा सील-
सीआईएसएफ की परीक्षा में पकड़े गए दो मुन्ना भाई-