वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के किरिहिया सुदामापुर में दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई है। इस मारपीट में कई लोग जख्मी भी हुए हैं। इसके बाद मामला थाने तक पहुंचा है और पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं इस मारपीट में दो की हालत गंभीर बनी हुई है। मारपीट का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।जानकारी के अनुसार बुधवार को एक ही मोहल्ले में रहने वाले दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। आरोप है कि पड़ोस के रहने वाले गोलू सोनकर के यहां मुंबई से कोई आया हुआ था, जो मोहल्ले में घूम रहा था। उसके बाद मोहल्ले के बांकेलाल सेठ और दूसरे पड़ोसियों ने आपत्ति जताते हुए उसकी जांच करवाने की बात कही। बस इसी बात से खिन्न गोलू सोनकर के परिवार ने पड़ोसियों के साथ हाथापाई करना शुरू कर दिया और नौबत मारपीट तक उतर आई। मोहल्ले वालों के बीच बचाव के बाद मामला शांत हुआ और सभी लोग अपने घर चले गए।आरोपों के मुताबिक कुछ देर बाद गोलू सोनकर ने लगभग एक दर्जन बाहरी लोगों को बुलाकर बांकेलाल सेठ के घर में घुसकर मारपीट शुरु कर दी। इस मारपीट में बांकेलाल सेठ उनकी पत्नी के साथ परिवार के अन्य सदस्य बुरी तरह घायल हो गए हैं। मामले की जानकारी पीड़ित परिवार ने पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर जाकर सभी को मेडिकल के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं निजी अस्पताल में भर्ती युवक को सर में 17 टांके लगे हैं और नाक की हड्डी भी टूट गई है। बांकेलाल सेठ को भी गंभीर चोटें लगी हैं। हालांकि पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश कर रही है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने मामूली धाराओं में मामला दर्ज कर केवल खानापूर्ती की है।

More Stories
वाराणसी में क्रिकेट कोच को दिनदहाड़े गोली मारने से मचा हड़कंप-
शिवपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर ,भगवानपुर के पास ब्रिज के नीचे ट्रेन की चपेट में आने से रामविलास (24)पुत्र मटरु यादव निवासी काजी सराय, हरहुआ की मौत-
स्वामी विवेकानंद राजकीय चिकित्सालय में चिकित्सकों एवं उपलब्ध सेवाओं के आधार पर मरीजों को हर संभव चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध करायी जा रही- सीएमओ