July 18, 2026

पिस्टल के बल पर अकेला बदमाश 12 लाख रूपये के गहने लूटकर हुआ फरार-

Spread the love

Update –

 

 

पिस्टल के बल पर अकेला बदमाश 12 लाख रूपये के गहने लूटकर हुआ फरार-

 

बुलन्दशहर: खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र की गांधी रोड के पदम सिंह गेट पर स्थित ललित ज्वैलर्स में शनिवार को दिनदहाड़े बदमाश पिस्टल दिखा सर्राफा से 11 सोने की चेन लूट कर भाग गया। सभी चेन की कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर एसएसपी और एसपी देहात ने पूछताछ की। घटना की सूचना पर मेरठ रेंज के आईजी भी पहुंच गए। वहीं सीसीटीवी के आधार पर आरोपी बदमाश की तलाश शुरू कर दी गई है।

 

मुरारीलाल पेच मोहल्ला निवासी मनीष बंसल की पदम सिंह गेट पर ललित ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। मनीष ने पुलिस को बताया कि शनिवार दोपहर करीब 11ः30 बजे एक अज्ञात व्यक्ति मास्क लगाकर दुकान में आया था। उक्त व्यक्ति ने सोने की चेन दिखाने के लिए बोला। इस दौरान दुकान में दो सहायक भी मौजूद थे, जो सीढ़ियों पर बैठे हुए थे।

 

सोने की चेन देखने के दौरान अज्ञात व्यक्ति मोबाइल पर बात करने लगा। पांच मिनट बाद वह कुर्सी से उठा और बगल में दबाई हुई पिस्टल बाहर निकाल ली। मनीष कुछ समझ पाते इससे पहले आरोपी चेन का डिब्बा बंद कर बाहर लेकर भाग गया। आरोपी के पीछे एक सहायक भी भागा, लेकिन आरोपी दुकान से 200 मीटर दूरी पर ढोरी मोहल्ले की गली में खड़ी बाइक से फरार हो गया। पीड़ित ने इसकी सूचना पुलिस को दी। लूट की सूचना पर मेरठ रेंज के आईजी प्रवीण कुमार भी मौके पर पहुंचे और अपने अधीनस्थों को जल्द से जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए।

 

एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि जुलर की दुकान से 11 सोने की चेन लूटने की सूचना मिली थी। इसको लेकर मौक पर जांच की गई। वहीं दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। आरोपी बदमाश को जल्द पकड़ लिया जाएगा।