शाहजहांपुर/01.05.2021/त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2021 के अंतर्गत सभी पदों की मतगणना दिनांक 02.05.2021 को प्रातः 08ः00 बजे से कार्य की समाप्ति तक सम्बन्धित विकास खण्डों पर नियत मतगणना केन्द्र पर कोविड-19 प्रोटोकाॅल का पालन करते हुए की जायेगी। मतगणना के दिन पल्स ऑक्सीमीटर/थर्मामीटर से टेस्ट करने के उपरान्त स्वस्थ पाए जाने पर मतगणना केन्द्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। यह बात जिला मजिस्ट्रेट/जिला निवार्चन अधिकारी श्री इन्द्र विक्रम सिंह ने पुलिस अधीक्षक श्री एस आनन्द के साथ मतगणना स्थल सुदामा प्रसाद इण्टर कालेज, विकास खण्ड भावलखेड़ा के निरीक्षण दौरान कही। उन्होंने कहा है कि मतगणना स्वतंत्र,निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण सम्पन्न कराए जाने हेतु सम्पूर्ण तैयारियां पूर्ण कर ली गयी है। इस दौरान उन्होंने स्ट्रांग रूम का निरीक्षण व वैरीकेटिंग, साफ-सफाई आदि की व्यवस्थाएं देखी जो संतोषजन मिली। उन्होंने कहा मतगणना स्थल को अच्छे तरीके से साफ-सुथरा रखा जाए। किसी प्रकार की अव्यवस्थाएं हुई तो सम्बन्धित का उत्तरदायित्व निर्धारित किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा है कि कोविड-19 की द्वितीय लहर के दृष्टिगत मतगणना केन्द्र पर प्रत्याशियों/अभिकर्ताओं द्वारा मतगणना प्रारम्भ होने के 48 घण्टा पूर्व आर०टी०पी०सी०आर० अथवा रैपिड एन्टीजन टेस्ट की निगेटिव रिपोर्ट अथवा कोविड-19 वैक्सीनेशन कोर्स पूर्ण किए जाने की रिपोर्ट दिए जाने के उपरान्त मतगणना केन्द्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। अथवा मतगणना के दिन पल्स ऑक्सीमीटर से टेस्ट/ थर्मामीटर से टेस्ट करने के उपरान्त स्वस्थ पाए जाने पर मतगणना केन्द्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। उन्होंने कहा है कि प्रत्येक मतगणना केन्द्र पर मतगणना के दिन मेडिकल हेल्थ डेस्क होगी। जहाँ आवश्यक दवाईयों के साथ डॉक्टर उपलब्ध रहेंगे। कोई भी व्यक्ति मास्क लगाकर परस्पर सामाजिक दूरी बनाते हुए मतगणना केन्द्र में प्रवेश करेगा। मतगणना अभिकर्ताओं की सूची निर्वाचन लड़ने वाले उम्मीदवारों द्वारा मतगणना के दिन से 48 घण्टे पूर्व निर्वाचन अधिकारी को उपलब्ध कराई जाएगी। मतगणना प्रक्रिया के दौरान मतगणना केन्द्र के बाहर भीड़ एकत्र न होने दी जाएगी। मतगणना कक्ष/हाल में सामाजिक दूरी उपयुक्त वेन्टीलेशन, खिड़कियों एवं एक्जास्ट पंखों प्रबन्ध राज्य आपदा प्रबन्ध के प्रोटोकाल के अनुसार होगा। मतगणना केन्द्रों को मतगणना प्रारम्भ होने से पूर्व मतगणना के दौरान पाली परिवर्तन के समय एवं मतगणना समाप्ति पर विसंक्रमित किया जाएगा। मतपेटिकाओ एवं स्टील ट्रक को भी सैनिटाइज/विसंक्रमित किया जाएगा। मतगणना टेबिल की संख्या कोविड-19 की गाइड लाइन के दृष्टिगत रखी जाएगी।
श्री सिंह ने कहा है कि मतगणना हाल कक्ष/परिसर में प्रवेश के समय सभी व्यक्तियों की थर्मल स्कैनिंग की जायेगी। सैनिटाइजर साबुन और पानी की व्यवस्था होगी और सभी व्यक्तियों को अपना हाथ सैनिटाइज करना होगा। जिस व्यक्ति को कोविड-19 के लक्षण जैसे बुखार, जुकाम आदि हो, उसे मतगणना स्थल में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। मतगणना हाल/कक्ष के अन्दर मतगणना कार्मिकों, अभिकर्ताओं आदि के बैठने की व्यवस्था राष्ट्रीय आपदा प्रबन्ध एवं कोविड-19 की गाइड लाइन के अनुसार होगी। विजय जुलूस प्रतिबन्धित रहेगा। कोई भी प्रत्याशी या समर्थक विजय जुलूस नहीं निकालेगा। किसी व्यक्ति द्वारा उपर्युक्त निर्देशों का उल्लंघन किए जाने पर उसके विरुद्ध भारतीय दण्ड संहिता की धारा 188 एवं आपदा प्रबन्ध अधिनियम, 2005 की धार 51 से 60 के अन्तर्गत विधिक कार्यवाही की जाएगी। इस अवसर पर अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



More Stories
यूपी विद्युत नियामक आयोग ने 8 मई को बुलाई बड़ी बैठक –
यूपी में 4 मई को होने वाले निकाय चुनाव के मतदान से पहले भारत-नेपाल की सीमा को किया जाएगा सील-
सीआईएसएफ की परीक्षा में पकड़े गए दो मुन्ना भाई-