June 11, 2026

डॉक्टर होते हुए पिता को नहीं बचा पाया: डॉ.दीपक- अजय मिश्रा

Spread the love

*डॉक्टर होते हुए पिता को नहीं बचा पाया: डॉ.दीपक*

 

लखनऊ। मैं खुद डॉक्टर हूं। सिविल अस्पताल में हृदय रोग विशेषज्ञ हूं। अब तक कई मरीजों की जान बचाई, पर जब खुद पर आई तो ध्वस्त सिस्टम से हार गया। अपने पिता तक को नहीं बचा पाया। बुजुर्ग पिता के इलाज के लिए गुहार लगाता रहा, पर समय पर बेड नहीं मिला। इलाज के अभाव में उनकी मौत हो गई। मैं सिस्टम से हार गया…।

डॉ. दीपक ने बताया कि आईसीयू में इलाज करते-करते वह पॉजिटिव हुए। वहीं, उनसे 74 वर्षीय पिता समेत घर के चार लोग संक्रमित हो गए। पिता रेलवे से रिटायर्ड अर्जुन चौधरी डायबिटीज और हृदय रोगी थे। उनमें कोरोना के लक्षण महसूस होते ही कोविड अस्पताल से संपर्क किया, पर कोरोना की रिपोर्ट के बिना भर्ती नहीं किया गया। छह अप्रैल को रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद कोविड सेंटर को फोन किया, पर जल्द भर्ती का आश्वासन देकर टरकाया जाता रहा। पिता की हालात बिगड़ने पर वह बाजार से ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर आए।

बताया कि कोविड कंट्रोल रूम ने बेड तो दूर एंबुलेंस तक नहीं मुहैया कराई। ऐसे में वह अपनी कार से पिता को ऑक्सीजन सपोर्ट पर लोकबंधु अस्पताल लेकर पहुंचे, पर आईसीयू में बेड नहीं मिला। इसके बाद सात अप्रैल को निजी मेडिकल कॉलेज में दोपहर 1:30 बजे बेड मिला। हालांकि, यहां भी इलाज की व्यवस्था ध्वस्त मिली। डॉक्टर उनके पिता को देखने में कोताही करते रहे। इलाज के अभाव में बुधवार शाम उनकी मौत हो गई।

डॉ. दीपक के मुताबिक पिता के शव के अंतिम संस्कार में भी मुश्किलें आईं। बुधवार शाम पांच बजे पिता मौत हुई, वहीं दाह संस्कार के लिए गुरुवार शाम पांच बजे नंबर आया।

*इसलिए आप सभी सतर्क रहें और घर पर ही कंसंट्रेट होकर बचाव करें। डॉक्टर द्वारा बताए गयी दवा लें।*