June 20, 2026

जैकी गैंग के गुर्गे ने घर में छिपाकर रखे थे चोरी के रुपये व जेवरात, चोरी में प्रयुक्‍त उपकरण भी बरामद-

Spread the love

जैकी गैंग के गुर्गे ने घर में छिपाकर रखे थे चोरी के रुपये व जेवरात, चोरी में प्रयुक्‍त उपकरण भी बरामद-

 

प्रयागराज- प्रयागराज पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी। जैकी गैंग के गुर्गे पंकज सिंह को सिविल लाइंस इंस्पेक्टर वीरेंद्र यादव ने कस्टडी रिमांड पर लिया। उससे पूछताछ के बाद नैनी स्थित घर से छिपाकर रखे गए चोरी के रुपये और जेवरात बरामद किए गए। चोरी करने वाले कुछ उपकरण भी पुलिस के हाथ लगे हैं।

 

कान्‍हा श्‍याम होटल में लाखों की चोरी हुई थी : सिविल लाइंस स्थित कान्हा श्याम होटल में पिछले माह आयोजित वैवाहिक समारोह के दौरान लाखों की चोरी हुई थी। मामले में पुलिस ने जैकी कुमार सांसी, कुनाल कुमार, कोहिनूर सांसी, संतोष सांसी निवासी कड़िया बोड़ा राजगढ़ मप्र व रामू पटेल निवासी चकरघुनाथ नैनी को गिरफ्तार कर रुपये और जेवरात बरामद किए थे।

 

फरार बदमाशों पर इनाम घोषित था : चोरी की घटना में बीना बाई, संगीता, राजेंद्र कुमार निवासी कड़िया, बोड़ा राजगढ़ मप्र, भूपेंद्र सिंह उर्फ पंकज सिंह निवासी चकरघुनाथ नैनी फरार थे। इन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। 25 मई को पंकज ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था। इसकी जानकारी इंस्पेक्टर सिविल लाइंस वीरेंद्र यादव को हुई तो उन्होंने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर उसकी कस्टडी रिमांड मांगी। एक दिन की रिमांड की अनुमति दी गई। रिमांड पर लेकर पुलिस ने उससे पूछताछ के बाद उसके घर से चोरी के रुपये, आभूषण बरामद किए।

 

जैकी गैंग के गुर्गों को घर में शरण देता था : नैनी इंस्पेक्टर वीरेंद्र यादव का कहना है कि पूछताछ में उसने बताया कि जैकी गैंग के गुर्गों को वह अपने घर में शरण देता था। इसके बदले उसे चोरी के माल में हिस्सा भी दिया जाता था।