July 12, 2026

*कुंभ स्नानः महाशिवरात्रि पर सुबह दस बजे तक 40 लाख श्रद्धालुओं ने लगाई संगम में डुबकी*

Spread the love

प्रयागराज : एक ओर जहां देशभर के सभी मंदिरों में धूम-धाम से महाशिवरात्रि मनाई जा रही है, वहीं प्रयागराज में चल रहे कुंभ के आखिरी शाही स्नान के लिए संगम के तट पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है।

सोमवार सुबह 10 बजे तक तकरीबन 40 लाख श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाई। शाम तक यह आंकड़ा करीब एक करोड़ तक पहुंचने का अनुमान है। इसी के साथ आज कुंभ का समापन भी हो जाएगा। एक दिन पहले ही संगम क्षेत्र में श्रद्धालुओं के आने का क्रम शुरू हो गया है। सुबह से लाखों श्रद्धालु पूरे संगम क्षेत्र में 8 किलोमीटर के दायरे में बने स्नान घाटों पर अब तक स्नान कर चुके थे।

लगातार श्रद्धालुओं का रेला कुंभ की ओर चला आ रहा है। खास तौर पर मेले में कई किलोमीटर पैदल चलने के बावजूद लोगों के चेहरे पर कहीं थकान नहीं दिखाई दी। मेला अधिकारी विजय किरन आनंद ने बताया कि सोमवार को 60 लाख से एक करोड़ लोगों के संगम में डुबकी लगाने का अनुमान है। कुंभ के अंतिम स्नान पर्व के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।