June 23, 2026

अब तक कि खबरें देश-दुनिया की

Spread the love

🕐अमेरिका :- विदेश मंत्री माइक पोंपियो ने चीन को जमकर फटकार लगाई है। उन्होंने कहा एक तरफ तो चीन अपने देश के लाखों मुसलमानों को जमकर प्रताड़ित करता है वहीं दूसरी तरफ खूंखार इस्लामिक आतंकवादियों को यूएन प्रतिबंध से बचाता है। यहां पर स्पष्ट रूप से अमेरिकी विदेश मंत्री का इशारा, चीन द्वारा पाकिस्तानी आतंकी संगठन जैश-ए-मुहम्मद के सरगना मसूद अजहर को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में ‘वैश्विक आतंकी’ घोषित किए जाने के प्रस्ताव को रोकने को लेकर था।

🕐लंदन :- ब्रिटेन की प्रधानमंत्री टेरीजा मे ने बुधवार को कहा कि यदि ब्रेक्जिट का उनका समझौता तीसरे प्रयास में पास कर दिया जाता है तो वह पद छोड़ देंगी। मे के ब्रेक्जिट संबंधी समझौते को संसद पहले ही दो बार खारिज कर चुकी है। अब वह अपनी कंजर्वेटिव पार्टी के बागियों अपने पक्ष में करने के लिए आखिरी प्रयास कर रही हैं।

🕐लंदन :- अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा की पत्नी मिशेल ओबामा की आत्मकथा ‘बिकमिंग’ बिक्री के लिहाज से नए कीर्तिमान रच रही है। अब तक इसकी एक करोड़ से ज्यादा प्रतियां बिक चुकी हैं। पिछले साल 13 नवंबर को बाजार में आई इस किताब की शुरुआती 15 दिनों में ही अमेरिका और कनाडा में 20 लाख से ज्यादा प्रतियां बिक गई थीं। ब्रिटेन में इसकी छह लाख प्रतियां खरीदी जा चुकी हैं।

🕐 तिब्बत :-उत्तरदायी चीन के अधिकारियों ने 60 वर्षो के दौरान हिमालयी क्षेत्र के विकास की सराहना की है। यह विकास बीजिंग के शासन के खिलाफ असंतोष दबाने के बाद से हुआ है।एग्जिक्यूटिव वाइस गवर्नर नोर्बु दोनद्रुप ने बुधवार को 1959 से आर्थिक, स्वास्थ्य सुविधा और शिक्षा के क्षेत्र में हुई प्रगति की समीक्षा की। इसके साथ ही उन्होंने दलाई लामा द्वारा स्व घोषित निर्वासित सरकार को गैरकानूनी करार देते हुए फटकार लगाई। चीन के दखल के बाद दलाई लामा (83) पलायन कर भारत चले आए थे।

🕐बीजिंग :- चीन ने भारत के उपग्रह रोधी मिसाइल परीक्षण पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। बीजिंग के साथ ही इस्लामाबाद ने उम्मीद जताई है कि सभी देश अंतरिक्ष में शांति और स्थिरता को बनाए रखेंगे।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को घोषणा की कि भारत ने एक जीवित उपग्रह को मार गिराकर उपग्रह रोधी मिसाइल का सफल परीक्षण किया है।

अपना भारत :

🕐नई दिल्ली :- सितंबर, 2018 में हरियाणा के रेवाड़ी में एक छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के मामले के बाद फिर इससे मिलता जुलता मामला सामने आया है। ताजा घटनाक्रम में दिल्ली के औद्योगिक क्षेत्र ओखला से कार सवार तीन युवकों ने महिला का अपहरण कर लिया। इसके बाद हाईवे पर कार में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद धारूहेड़ा के निकट फेंककर फरार हो गए। घटना मंगलवार रात की है। धारूहेड़ा के सेक्टर-6 थाना पुलिस ने जीरो एफआइआर दर्ज कर दिल्ली ओखला थाना में भेज दी है।

🕐नई दिल्ली :- रेल यात्रियों की सुविधा के लिए यशवंतपुर-हजरत निजामुद्दीन (06521/06522) विशेष ट्रेन को अब श्री माता वैष्णों देवी कटड़ा तक चलाने का फैसला किया गया है। चार अप्रैल से 20 जून तक यह विशेष ट्रेन यशवंतपुर से प्रत्येक बृहस्पतिवार को सुबह साढ़े छह बजे रवाना होगी। अगले दिन तड़के हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी जहां से सुबह 3.50 चलकर उसी दिन सायं 06.50 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा पहुंचेगी।

🕐मध्य प्रदेश :- करैरा में टेंट व्यवसायी की दुकान में गुरुवार सुबह आग लग गई। जिससे वहां रखा सामान जलकर खाक हो गया। आग सुबह साढ़े पांच बजे लगी और इसकी वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि दुकान के ऊपर ही एक परिवार रहता है, आग के बाद पूरा धुंआ ऊपर तक फैल गया था।घटना के बाद पास इससे सटकर बने मकान में रहने वालों को भी चिंता होने लगी थी कि कहीं यह और ज्यादा न फैल जाए। वहां मौजूद लोगों ने इसे बुझाने का प्रयास किया लेकिन तब तक यह बहुत ज्यादा फैल गई थी।

🕐पटना :- बिहार में विपक्षी महागठबंधन की एकता खतरे में पड़ती दिख रही है। महागठबंधन में सीटों को लेकर राष्‍ट्रीय जनता दल (राजद) व कांग्रेस आमने-सामने हो गए हैं। इस बीच देर रात दिल्‍ली में बिहार कांग्रेस की स्‍क्रीनिंग कमेटी की बैठक पार्टी नेता केसी वेणुगोपाल के आवास पर हुई, जिसमें पार्टी के प्रत्‍याशियों के नाम पर चर्चा हुई। साथ ही कांग्रेस नेताओं ने महागठबंधन में अपनी स्थिति को लेकर भी चर्चा की। संभव है कि विवाद को देखते हुए पार्टी कोई बड़ा फैसला ले।

🕐अमृतसर :- शिरोमणि अकाली दल के प्रधान अौर पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल बुधवार को कांग्रेस पर जमकर हमला किया। उन्‍होंने कांग्रेस के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष राहुल गांधी को झूठा करार दिया तो पंजाब कांग्रेस अध्‍यक्ष सुनील जाखड़ को ‘मेंटल’ करार दिया। उन्‍होंने आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधा। इसके साथ ही उन्‍होंने लाेकसभा चुनाव लड़ने के संकेत भी दिए।

🕐नैनीताल :- हाईकोर्ट ने उत्तराखंड की विवाहित बेटियों को बड़ी सौगात दी है। कोर्ट ने विवाहित बेटी को भी परिवार का सदस्य मानते हुए साफ कर दिया है कि मृतक आश्रित कोटे में विवाहित बेटी को भी सरकारी नौकरी पाने का अधिकार है। बुधवार को मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश रंगनाथन की अध्यक्षता वाली फुल बेंच ने यह ऐतिहासिक फैसला दिया है। इस बेंच में न्यायमूर्ति लोकपाल सिंह व न्यायमूर्ति आरसी खुल्बे भी शामिल रहे।

🕐रांची :- झारखंड में महागठबंधन टूट गया है। लोकसभा चुनाव के लिए राजद ने महागठबंधन से अलग राह पकड़ते हुए चतरा और पलामू दोनों संसदीय सीटों पर अपने उम्‍मीदवार उतार दिए है। पार्टी ने सुभाष यादव को चतरा से राजद का उम्मीदवार घोषित कर, सिंबल भी एलाट कर दिया है, जबकि महागठबंधन में हुए सीट बंटवारे के तहत चतरा कांग्रेस के खाते में थी। राजद को पलामू सीट मिली थी। वहीं, राजद ने पलामू सीट से भी घूरन राम को उम्मीदवार घोषित कर दिया है।

🕐भोपाल :- लोकसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच रेलवे पुलिस ने पिछले दिनों चलती ट्रेन से हुई तीन करोड़ रुपए की चोरी के मामले का पर्दाफाश किया है। हवाला की यह रकम भोपाल से मुंबई भेजी जा रही थी। खंडवा के पास पुलिस की वर्दी पहने लोगों ने चेकिंग के नाम पर रुपए से भरा बैग उड़ा लिया। पुलिस ने चोरी गई राशि में से डेढ़ करोड़ बरामद कर लिए हैं। आरोपितों ने रुपए घर में कूलर, मिट्टी के घड़े में छिपा दिए थे।

🕐शिमला :- कांग्रेस महासचिव नरेश चौहान ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकारें देश को दो तरह के समाज में बांट रही हैं। उन्होंने कहा कि गरीबी रेखा से नीचे वाले लोग और गरीब होते जा रहे हैं। वहीं, अमीर और अमीर हो रहे हैं।यूपीए की पूर्व सरकार ने गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले जिन 14 करोड़ लोगों को उच्च स्तर पर लाया था, उन्हें अब केंद्र सरकार ने गरीबी रेखा से नीचे पहुंचा दिया है। नरेश चौहान ने शिमला में कहा कि वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी ने जो सपने दिखाए थे, वे उन्हें पूरा करने में नाकाम रहे हैं।

🕐जम्मू कश्मीर :- शोपियां के केल्लर इलाके में देर रात से आतंकियों और सेना के बीच मुठभेड़ चल रही है। सेना ने फिलहाल तीन आतंकी ढेर कर दिए हैं। इस दौरान काफी हथियार भी बरामद किए गए है। आशंका जताई जा रही है कि इलाके में कुछ और आतंकी अभी भी छिप हो सकते हैं। फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। इस ऑपरेशन को सीआरपीएफ, सेना और जम्मू कश्मीर ने साथ मिलकर अंजाम दिया है।

अपना प्रदेश :

🕐लखनऊ :- सपा महासचिव व पूर्व मंत्री आजम खान ने कहा कि यदि मैं प्रधानमंत्री होता तो पुलवामा में 40 जवानों की मौत के बाद पाकिस्तान पर हमले में 40 सेकंड न लगाता। अंजाम से बेखबर पाक पर तुरंत अटैक कर देता।सपा दफ्तर में पत्रकारों से बातचीत में आजम खां ने कहा कि किसी की भी मृत्यु हो जाए हिंदुओं में अंतिम संस्कार और मुसलमानों में नमाजे जनाजा जरूर होती है। माना जाता है कि इसके बिना मोक्ष नहीं मिलता। यदि लाश न मिले तो मुसलमानों में गयाबाने नमाजे जमाना अदा की जाती है। उन्होंने कहा, एयर स्ट्राइक में पाकिस्तान के 450 लोग मारे गए। हो सकता है इससे भी ज्यादा मरें हों।

🕐अमरोहा :- लोकसभा चुनाव के प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी के दौरान चार पर्चे खारिज कर दिए गए। इसमें इकलौती महिला प्रत्याशी भी शामिल हैं। इन लोगों ने फीस और दस्तावेज जमा नहीं किए थे। फिलहाल 11 प्रत्याशी वैध घोषित किए गए हैं। नामांकन पत्रों की 29 मार्च को वापसी के बाद अंतिम रुप से प्रत्याशी घोषित होंगे। कलेक्ट्रेट परिसर में बुधवार को 11 बजे से रिटर्निंग ऑफिसर उमेश मिश्र की देखरेख में नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी काम शुरू हुआ। राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों ने इसके लिए निर्वाचन अभिकर्ता को भेजा था। वहीं निर्दल प्रत्याशी प्रस्तावक के साथ आएं थे।

🕐मेरठ :- लोकसभा चुनाव 2019 के चुनाव प्रचार का शंखनाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को क्रांतिधरा मेरठ से करेंगे। मेरठ में एनएच-58 स्थित सिवाया टोल प्लाजा के पास मैदान में रैली का आयोजन किया जा रहा है।बता दें कि गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सीधे हेलीकॉप्टर से रैली स्थल पर सुबह 11 बजे पहुंचेंगे। मुख्य रूप से यह रैली मेरठ-हापुड़ और मुजफ्फरनगर लोकसभा क्षेत्र के लिए आयोजित की गई है। मंच पर प्रधानमंत्री के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडे, प्रदेश महामंत्री और पश्चिमी क्षेत्र के प्रभारी विजय बहादुर पाठक, क्षेत्रीय अध्यक्ष अश्विनी त्यागी, चारों लोकसभाओं के प्रत्याशी जिनमें मुजफ्फरनगर से डॉ. संजीव बालियान, बागपत से डॉ. सतपाल सिंह, मेरठ से राजेंद्र अग्रवाल और बिजनौर से कुंवर भारतेंद्र मौजूद रहेंगे।

🕐अलीगढ़ :- प्रसिद्ध लेखिका एवं समाजसेवी अरुंधति रॉय ने अपनी नई पुस्तक द मिनिस्ट्री ऑफ अलमोस्ट हैप्पीनेस पर वीमेंस कॉलेज की छात्राओं से बातचीत की। कार्यक्रम का आयोजन वीमेंस कॉलेज स्टूडेंट यूनियन के तत्वावधान में किया गया। अरुंधति रॉय खुद मीडिया से दूर रहीं। कार्यक्रम में भी मीडियाकर्मियों को जाने की अनुमति नहीं थी। वीमेंस कॉलेज आडिटोरियम में उन्होंने छात्राओं के प्रश्नों के जवाब भी दिए। छात्राओं को आजादी से जीने की सलाह दी।

🕐मैनपुरी :- बिछवां थाना क्षेत्र के एक गांव में दुष्कर्म के बाद किशोरी की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। उसका शव बुधवार की सुबह खेत में मिला। पोस्टमार्टम के दौरान उसके तीन माह की गर्भवती होने का पता चला। एसपी अजय शंकर राय ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया।थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 13 वर्षीय किशोरी मंगलवार की शाम खेत में शौच जाने की बात कहकर घर से निकली थी। जब वह काफी देर तक नहीं लौटी तो परिजन तलाश में जुट गए।

🕐आजमगढ़ :- शहर कोतवाली पुलिस ने बुधवार को दिन में 11 बजे क्षेत्र के शारदा तिराहे के पास स्थित मयूर होटल में छापामार कर सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया। छापे में चार महिलाओं और तीन पुरुषों को पकड़ा गया। इस मामले में होटल मालिक समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।सीओ सिटी इलामारन जी ने बताया कि शहर कोतवाली और महिला थाने की पुलिस ने जिला प्रोबेशन अधिकारी बीएल यादव के साथ दिन में 11 बजे शारदा चौराहा स्थित मयूर होटल में छापा मारा। इस दौरान कमरों में सात लोग जिसमें तीन पुरुष और चार महिलाएं थी रंगरेलियां मनाते पकड़ लिए गए। सभी को कोतवाली लाया गया और पूछताछ के बाद अनैतिक देह व्यापार अधिनियम के अंतर्गत सात लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया।

🕐आजमगढ़ :- राज्य आवासीय विद्यालय की स्थापना के लिए उच्च शिक्षा विभाग की ओर से जिला प्रशासन से 50 एकड़ भूमि का प्रबंधन कर शासन को अवगत कराने को कहा है। अभी तक जमीन उपलब्ध नहीं हो पाई है।जनपवासियों की ओर से लंबे आंदोलन के बाद प्रदेश सरकार की ओर से जनपद में राज्य विश्वविद्यालय देने की घोषणा की गई थी। 18 फरवरी के विधानसभा के सत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसकी घोषणा की और सात मार्च को राज्यपाल की ओर से इसके लिए अध्यादेश जारी किया गया है।

🕐कानपुर :- पुलवामा हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ जवान प्रदीप यादव की पत्नी ने अपने ससुर और देवर सहित ससुरालवालों पर एफआईआर दर्ज कराई है। कानपुर में कल्याणपुर पुलिस ने मंगलवार रात मारपीट, बलवा और धमकी देने की धारा में रिपोर्ट दर्ज की।मूलरूप से कन्नौज के अजान गांव निवासी प्रदीप यादव 14 फरवरी को पुलवामा हमले में शहीद हो गए थे। उनका परिवार कल्याणुर के बारासिरोही में रहता है। पत्नी नीरज यादव ने 24 मार्च को कल्याणपुर थाने पहुंचकर ससुर अमर सिंह, देवर कुलदीप सिंह, देवरानी रेखा, सास सरोजनी देवी और चचेरे जेठ राजेश यादव पर प्रताड़ित करने का आरोप लगा तहरीर दी थी।

🕐प्रयागराज :- कानून के उल्लंघन के मुकदमे में पूर्व केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र ने बुधवार को एमपीएमएलए कोर्ट में सरेंडर कर दिया। उन्होंने जमानत अर्जी पेश की, जिस पर सुनवाई के बाद कोर्ट ने जमानत मंजूर कर ली। जमानतें दाखिल करने पर कलराज को रिहा कर दिया गया। जमानत अर्जी पर स्पेशल कोर्ट के जज पवन कुमार तिवारी ने सुनवाई की। एडीजीसी राजेश गुप्ता, विशेष अधिवक्ता गोपाल सिंह और बचाव पक्ष के अधिवक्ता उमाशंकर तिवारी और अमित तिवारी ने पक्ष रखे।

🕐प्रयागराज :- सूबे की पर्यटन मंत्री डा. रीता बहुगुणा जोशी को भाजपा से इलाहाबाद संसदीय सीट का टिकट दिए जाने के बाद पार्टी में अब टिकट न मिलने वाले प्रत्याशियों के समर्थकों की नाराजगी दिखने लगी है। योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी की पत्नी एवं प्रयागराज की मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी को उनके समर्थक इस सीट से दावेदार के रूप में पेश कर रहे थे। लेकिन, इस सीट से डा. रीता जोशी को प्रत्याशी बनाए जाने पर खासे निराश हैं। कुछ ने खुलकर विरोध भी शुरू कर दिया है।

🕐अलीगढ़ :- पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता तीस्ता सीतलवाड़ ने कहा कि सैनिकों की तरह छात्र-छात्राओं को भी पोस्टल बैलेट का अधिकार मिलना चाहिए। सीतलवाड़ बुधवार को वीमेंस कॉलेज स्टूडेंट यूनियन द्वारा कॉलेज आडिटोरियम में आयोजित तीन दिवसीय वीमेंस लीडरशिप सम्मिट को संबोधित कर रही थी। पुलिस सुधार पर आयोजित पैनल डिस्कशन में भी शामिल हुई।

🕐प्रयागराज :- इलाहाबाद संसदीय सीट से भाजपा की ओर से पर्यटन मंत्री डॉ.रीता बहुगुणा जोशी के आ जाने के बाद विपक्षी दलों ने अपनी रणनीति पर नए सिरे से मंथन शुरू कर दिया है। सपा की ओर से इस सीट पर अगड़ा बनाम पिछड़ा की कवायद शुरू कर दी गई है। इस कवायद में सपा इलाहाबाद के साथ फूलपुर सीट पर भी उम्मीदवारी को लेकर भाजपा तथा कांग्रेस को चौंका सकती है। इलाहाबाद से दावेदाराें की सूची में फूलपुर के सांसद नागेंद्र सिंह पटेल का नाम भी शामिल है।

🕐प्रतापगढ़ :- भाजपा और राजाभैया की जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के बीच गठबंधन की उम्मीद अब पूरी तरह से खत्म हो गई है। लोकसभा के चुनाव में जनसत्ता दल अब अकेले ताल ठोंकेगा। सारी अटकलों को विराम देते हुए राजाभैया ने बुधवार को ट्वीट कर 11 सीटों पर प्रत्याशी उतारने का ऐलान कर दिया। इनमें प्रतापगढ़ और कौशाम्बी सीट से प्रत्याशियों का ऐलान पहले ही कर दिया गया है। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मंत्री कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह राजाभैया व भाजपा नेतृत्व के बीच लोकसभा चुनाव में गठबंधन को लेकर काफी दिनों से अटकलों का दौर चल रहा था।

🕐लखनऊ :- सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर बुधवार को भी अपने अल्टीमेटम पर फैसला नहीं ले पाए। सीटों का बंटवारा न होने पर राजभर बुधवार को भाजपा से रिश्ता तोड़ने का एलान करने वाले थे, लेकिन वह दिन भर भाजपा के संदेश की ही प्रतीक्षा करते रहे और देर रात तक कोई फैसला नहीं ले सके। लिहाजा उनका एलान एक बार फिर टल गया। पहले वह 26 मार्च को ही भाजपा से अलग होने का अल्टीमेटम दे चुके थे, लेकिन बाद में इसे एक दिन के लिए टाल दिया था। दूसरे दिन भी देर रात तक भाजपा की ओर से सीट दिए जाने को लेकर उनको कोई सूचना नहीं दी गई।

🕐अलीगढ़ :- शमशाद मार्केट स्थित 40 दुकानों की सील तोड़ गई। दुकानों के तालों पर मंगलवार रात नगर निगम के कर्मचारियों ने सील लगा दी थी। दरअसल, इन दुकानों पर लाखों का बकाया है।
बुधवार सुबह जब दुकानदार अपनी दुकान खोलने पहुंचे, तब तालों पर सील देखकर सब अचंभित हो गए।दुकानदारों का कहना है कि दुकानें वक्फ की संपत्ति है और मुतवल्ली दुकानदारों से किराया वसूल करते हैं। यदि नगर निगम को किसी भी तरह की कार्रवाई करनी थी तो नियमानुसार नोटिस देने चाहिए थे। आचार संहिता में दुकानदारों को बेवजह परेशान किया जा रहा है। दुकानें सील होने की सूचना गठबंधन प्रत्याशी अजीत बालियान को दी गई।