May 10, 2026

उत्तर प्रदेश की अब तक की अहम खबरे –

Spread the love

✒️ *चुनाव का बिगुल:हिमाचल विधानसभा चुनाव की घोषणा, 12 नवंबर को मतदान, आठ दिसंबर को नतीजे*

चुनाव आयोग के प्रमुख राजीव कुमार ने विधानसभा चुनावों के एलान के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने बताया कि आगामी चुनावों में हर मतदान केंद्र ग्राउंड फ्लोर पर ही होगा। सभी लोगों को उनके घर से दो किलोमीटर के अंदर ही पोलिंग स्टेशन दिए जाने की कोशिश की गई है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने मीडिया से बातचीत में बताया कि हिमाचल में 55 लाख मतदाता 12 नवंबर को मतदान करेंगे। इसके बाद आठ दिसंबर को मतगणना के बाद नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। चुनाव आयोग ने बताया कि 17 अक्तूबर को गजट नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। वहीं, नामांकन की अंतिम तिथि 25 अक्तूबर है। नामांकन की जांच 27 अक्तूबर तक जारी रहेगी। उम्मीदवार 29 अक्तूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। 12 नवंबर को हिमाचल में एक ही चरण में मतदान हो जाएगा। इसके बाद 8 दिसंबर को मतगणना के बाद नतीजे घोषित कर देंगे। राज्य में चुनाव प्रक्रिया पूरी करने की अंतिम तिथि 10 दिसंबर है।चुनाव आयोग ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश में 55 लाख वोटर हैं। इनमें 27 लाख 80 हजार पुरुष और 27 लाख 27 हजार महिलाएं हिस्सा लेंगी। चुनाव में शामिल सेवा कर्मियों की संख्या 67 हजार 532 होगी। इसके अलावा PWD 56,001 होगी। इसके अलावा 80 साल से ज्यादा उम्र के 1.22 लाख मतदाता हैं। इसके साथ ही 1184 मतदाता ऐसे हैं, जिनकी उम्र 100 साल से ज्यादा है।

 

 

 

 

✒️ *ट्विटर पर सीएम ‘योगीजी’ नंबर वन, कोई बता रहा कानून का राज- कोई कर रहा दंगाइयों का हिसाब*

एक ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बाढ़ प्रभावित लोगों का दर्द बांटने के लिए जमीन से आसमान एक किए हुए थे तो दूसरी ओर इंटरनेट मीडिया के ट्विटर प्लेटफार्म पर उनकी लोकप्रियता आसमान छू रही थी। नतीजा यह रहा कि रात साढ़े नौ बजे तक #YogiJiNo1 ट्रेंड उड़ान भरते हुए साढ़े 27 हजार का आंकड़ा पार कर गया। यानी इतने लोग इस टाप ट्रेंडिंग हैशटैग से जुड़ चुके थे।इंडियन आफ द ईयर अवार्ड दिए जाने पर मिल रही बधाई,ट्विटर पर बड़ी संख्या में लोग मुख्यमंत्री योगी को इंडियन आफ द ईयर अवार्ड दिए जाने पर बधाई दे रहे थे तो कई योगी राज-कानून राज की परिभाषा बताने के साथ योगीजी का नारा बुलंद करने में लगे थे। योगीजी नम्बर वन हैशटैग के साथ साध्वी प्राची ने लिखा, ‘यूपी में दंगाइयों का हिसाब हो रहा है, भ्रष्टाचार इतिहास की किताब हो रहा है।’ योगी देवनाथ में भी एक के बाद एक कई ट्वीट करते हुए इंडियन देर रात तक इस हैशटैग के साथ लोगों के ट्वीट करने का अनवरत सिलसिला जारी रहा।

 

 

✒️ *अयोध्या: श्रीराम जन्मभूमि परिसर में बनेगा यात्री सुविधा केंद्र, नवंबर से शुरू होगा निर्माण कार्य*

इस समय रामजन्मभूमि परिसर में मंदिर का गर्भगृह निर्मित हो रहा है। नवंबर माह में इसी परिसर में श्रद्धालुओं के लिए यात्री सुविधा केंद्र का निर्माण प्रारंभ करने की योजना है। इसके अलावा शौचालय व पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ अग्निशमन केंद्र का निर्माण भी प्रस्तावित है। सभी भवनों का निर्माण एक साथ शुरू होगा। गर्भगृह का निर्माण दिसंबर 2022 में पूरा हो जाएगा। इसके बाद रामभक्त रामलला का दर्शन पूजन कर सकेंगे।ट्रस्ट के एक सदस्य ने बताया कि इसी माह में होने वाली मंदिर निर्माण समिति की बैठक में यात्री सुविधा केंद्र की संरचना (ले आउट) पर चर्चा होगी,श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय के अनुसार गर्भगृह में स्तंभाें की स्थापना प्रारंभ हो गयी है। पहला स्तंभ जोड़ा जा चुका है। प्रत्येक स्तंभ में गढ़े गए सात हिस्सों काे आपस में जोड़ा जा रहा है। स्तंभों में देवी देवताओं की आकृतियां भी उकेरी जाएंगी।

 

✒️ *उत्तर प्रदेश में खिलाड़ियों की बल्ले-बल्ले, सिपाही भर्ती के साथ समूह ग के पदों में सीधी भर्ती*

उत्तर प्रदेश में खेल का स्तर सुधारने के साथ ही योगी आदित्यनाथ सरकार प्रदेश के कुशल खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी भी दे रही है। योगी आदित्यनाथ सरकार के इस कदम से प्रदेश से अब खिलाड़ियों का पलायन भी रुकेगा।उत्तर प्रदेश के सभी विभागों में समूह ग में खेल कोटा के तहत कुशल खिलाड़ी की भर्ती की जाएगी। खेल कोटा के तहत खाली पदों में से दो प्रतिशत को कुशल खिलाड़ियों के लिए आरक्षित कर लिया गया है। सभी विभागों के खाली पदों का ब्यौरा मांगा गया है, जिससे कि शीघ्र भर्ती प्रक्रिया को प्रारंभ कर इसी वर्ष समाप्त भी कर दिया जाए।उत्तर प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही पद के लिए 534 खिलाड़ियों की भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। खिलाड़ी कोटा में होने वाली इस भर्ती में पुरुष तथा महिला खिलाड़ी भर्ती होंगे। इसके लिए फार्म 31 अक्टूबर तक भरे जाएंगे।

 

✒️ *सैफई में श्रद्धांजलि देने वालों का लगा तांता, सतीश महाना समेत कई वीआइपी पहुंचे*

पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद सैफई स्थित उनके आवास पर शुक्रवार को श्रद्धांजलि देने वालों का सुबह से ही तांता लगा रहा। विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना सैफई पहुंचे और उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मिलकर शोक संवेदना प्रकट की।उन्होंने मुलायम सिंह यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। वे सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव व शिवपाल सिंह यादव से भी मिले। उन्नाव के सांसद साक्षी महाराज भी सैफई पहुंचे और उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की। मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की। पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे।

 

✒️ *कार्बन डेटिंग की मांग को अदालत ने किया खारिज, कहा – ‘शिवलिंग को हो सकती है क्षति’*

ज्ञानवापी मस्जिद मामले में हिंदू पक्ष को झटका लगा है। मस्जिद में मिले शिवलिंग की कार्बन डेटिंग और वैज्ञानिक जांच की मांग को वाराणसी कोर्ट ने खारिज कर दिया है। हिंदू पक्ष ने कार्बन डेटिंग की मांग की थी। इस मामले में सुनवाई पूरी होने के साथ ही फैसला दोपहर ढाई बजे दिया गया। कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि कार्बन डेटिंग के कारण शिवलिंग को नुकसान पहुंच सकता है।वादी पक्ष के अधिवक्‍ता विष्‍णु जैन ने कहा कि अदालत ने कार्बन डेटिंग की मांग को खारिज कर दिया है। हम इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाकर इसे चैलेंज करेंगे। हम अभी तिथि नहीं बता सकते लेकिन जल्द ही इस फैसले पर सुप्रीम कोर्ट जाकर इसपर वहां चैलेंज किया जाएगा।लंबे समय से अदालत में ज्ञानवापी मस्जिद में मिले शिवलिंग की कार्बन डेटिंग मामले में अब सुनवाई पूरी होने के साथ ही फैसला आखिरकार दोपहर ढाई बजे आ गया। इसके पूर्व दोनों पक्षों को सुनने और आपत्ति दाखिल करने के लिए समय देने के बाद अदालत में अब सुनवाई और बहस का दौर खत्‍म हो चुका था। ऐसे में शुक्रवार को अदालत द्वारा इस मामले में फैसले का इंतजार दोनों पक्षों को था। अदालत ने फैसला सुनाते हुए सुप्रीम कोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि वजूखाने में मिले शिवलिंग संरक्षित रखने का आदेश सुप्रीम कोर्ट ने दिया था। आम जनमानस की भावना आहत न हो और तथ्यों के साथ कोई छेड़छाड़ न हो। कार्बन डेटिंग से इससे नुकसान का खतरा होने की वजह से मांग को खारिज कर दिया गया।

 

✒️ *अलीगढ़ में निरंतर बढ़ रहे डेंगू के मरीज, अब तक 123 संक्रमित, विकास अधिकारी की मौत के बाद सक्रिय हुए अफसर*

डेंगू का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। जिले में तीन और नए संक्रमित मिले हैं। अब जिले में कुल डेंगू संक्रमितों का आंकड़ा 123 हो गया है। नए संक्रमितों में दो शहरी व एक देहात क्षेत्र के शामिल हैं। अस्पतालों में अब डेंगू के अलावा बुखार-जुकाम के मरीज भी बढ़ रहे हैं।डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने जिले के लोगों से सचेत रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बरसात के बाद संक्रामक बीमारियों से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग को सतर्क कर दिया है। पूर्व में भी संचारी रोग को लेकर अभियान संचालित है। इसके माध्यम से लोगों को डेंगू,मलेरिया एवं साफ-सफाई के प्रति जागरुक किया जा रहा है।

 

✒️ *हरे निशान पर बंद हुआ बाजार, सेंसेक्स 700 अंक ऊपर, निफ्टी 17200 के पास*

हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शेयर बाजार बढ़त के साथ हरे निशान पर बंद हुए। शुक्रवार को बाजार बंद होते समय सेंसेक्स 684.64 अंकों की मजबूती के साथ 57,919.97 के लेवल पर कारोबार करता दिखा। वहीं दूसरी ओर, निफ्टी 171.35 अंकों की बढ़त के साथ 17,185 अंकों पर कारोबार कर रहा था। इस दौरान एचडीएफसी और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में चार प्रतिशत तक की मजबूती आई। इंफोसिस और एचडीएफसी बैंक के शेयर शुक्रवार को बाजार के कारोबारी सेशन में टॉप गेनर भी रहे।हफ्ते के अंतिम कारोबारी दिन घरेलू शेयर बाजार शानदार तेजी के साथ खुले थे। बैंकिंग और आईटी सेक्टर के शेयरों में हुई मजबूत खरीदारी से सेंसेक्स 1200 अंकों तक उछला जबकि निफ्टी 50 में 334 अंकों की तेजी देखी गई, पर आखिरी एक घंटे में मुनाफावसूली होने से बाजार फिसलकर बंद हुए।

 

✒️ *कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शहर के विभिन्न इलाकों में किया साफ-सफाई का निरीक्षण, अचल ताल के निर्माणकार्य का लिया जायजा*

उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि, कृषि शिक्षा, व कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही देर रात्रि अलीगढ़ पहुंचे थे, वही आज सुबह तड़के ही मंत्री सूर्य प्रताप शाही जनप्रतिनिधियों के साथ शहर के पैदल दौरे पर निकल गए और शहर के विभिन्न इलाकों में जाकर साफ सफाई का निरीक्षण किया है, इसी दौरान मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने गलियों में कूड़ा करकट एकत्रित होने व समय अनुसार साफ सफाई ना होने पर नाराजगी जताई है, और संबंधित अधिकारियों को जल्द ही गलियों की साफ सफाई कराए जाने के साथ समय-समय पर साफ सफाई कराए जाने के सख्त निर्देश दिए हैं। इसी दौरान मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने स्मार्ट सिटी मिशन के तहत अचल सरोवर में सौंदर्यीकरण को लेकर चल रहे निर्माण कार्य का भी जायजा लिया है।जानकारी देते हुए मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि देर रात्रि मैं अलीगढ़ पहुंचा था, यहां आने के बाद मेरे द्वारा साफ सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया गया है, कुछ क्षेत्रों में जगह गंदगी पाई गई है जिसकी सफाई के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए है, बाकी स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत शहर को सुंदर बनाने का कार्य किया जा रहा है, उसका भी निरीक्षण किया गया है।

 

✒️ *एससी एसटी के मुकदमों से तंग आकर मुख्यमंत्री के आगमन पर मुख्यमंत्री के हाथों फांसी मांग रहा पूरा परिवार*

इगलास क्षेत्र में एक ही परिवार पर दर्जन भर से ज्यादा दर्ज हुए एससी एसटी के मुकदमे व छेड़छाड़ जैसे मुकदमों से तंग आकर एक परिवार के द्वारा इच्छा मृत्यु की मांग की है पीड़ित परिवार के द्वारा अपने घर के बाहर पोस्टर चस्पा किए गए हैं जिसमें उनके द्वारा मुख्यमंत्री के आगमन के एक दिन पहले उनके हाथों इच्छा मृत्यु की मांग की है जिसको लेकर प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है।दरअसल पूरा मामला जिला अलीगढ़ के कोतवाली इग्लास के गांव हस्तपुर का है जहां एक ही परिवार पर एससी एसटी के दर्जन भर से ज्यादा मुकदमे दर्ज करवाए गए जिससे पूरा परिवार पूरे तरीके से तबाह हो चुका है जिसको लेकर बीते दिनों गांव में एक महापंचायत भी की गई थी महापंचायत के दौरान पंचायत करने वाले लोगों पर ही मुकदमा पुलिस के द्वारा दर्ज किया गया पुलिस के द्वारा न्याय का आश्वासन देकर पंचायत को खत्म कराया था जब महापंचायत के बाद भी कोई फैसला नहीं हुआ तो पीड़ित परिवार के द्वारा अब मुख्यमंत्री के हाथों फांसी की मांग की है पीड़ित परिवार का कहना है उनकी संपत्ति को सरकार के द्वारा कुर्क कर लिया जाए और जिसके बाद उनको फांसी दे दी जाए या फिर उन्हें न्याय दिया जाए पीड़ित बुजुर्ग महिला का कहना है लंबे समय से उनका परिवार फर्जी मुकदमों से जूझ रहा है लेकिन आज तक कोई न्याय नहीं मिला यही कारण उनके द्वारा अपने घर के बाहर पर्चे चश्पा करके इच्छा मृत्यु की मांग की है आपको बता दें 15 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अलीगढ़ आने वाले हैं उससे एक दिन पहले ही पीड़ित परिवार के द्वारा इच्छामृत्यु की मांग की है जिसको लेकर सियासी गलियारों में हड़कंप मचा हुआ है वहीं दूसरी और पीड़ित परिवार के द्वारा मांग पूरी ना होने पर आत्मदाह की भी चेतावनी दी है।

 

✒️ *मजूपुर में दबंग पूर्व प्रधान ने बुजुर्ग दंपत्ति के साथ मारपीट कर दी जान से मारने की धमकी, SSP से लगाई गुहार*

एसएसपी कार्यालय पर शिकायत लेकर पहुंचे थाना गोंडा क्षेत्र अंतर्गत गांव मजूपुर निवासी मान सिंह उर्फ मंगल सिंह पुत्र स्वर्गीय श्री डूंगर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया की घटना 11 अक्टूबर की है जब देर शाम बुजुर्ग दंपत्ति अपने घर पर आराम कर रहे थे, इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला पूर्व प्रधान पीड़ित को गालियां देने लगा, पीड़ित का कहना है कि जब उसने गालियां देने का विरोध किया तो उक्त प्रधान अपने परिवार जनों के साथ उसके घर में आ गए और जमकर मारपीट करते हुए कनपटी पर तमंचा लगाकर जान से मारने की धमकी दे दी, पीड़ित दंपत्ति का आरोप है कि वह मामले की शिकायत लेकर थाने भी गए थे लेकिन पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई, पीड़ित का कहना है कि 3 वर्ष पूर्व आरोपी पूर्व प्रधान द्वारा उसके बेटे को फर्जी मुकदमे मैं जेल भिजवा दिया गया है तभी से आरोपी लगातार दबंगई दिखाता रहता है, वही पूरे मामले को लेकर आज पीड़ित दंपत्ति एसएसपी कार्यालय पहुंचा और शिकायती प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।

 

✒️ *मोबाइल और ऑनलाइन क्लासेज बच्चों को लगने लगे चश्में*

कोविड के बाद ऑनलाइन क्लासेज बच्चों के आंखों पर चश्मा चढ़वा दिया है। यही नहीं बचपन में ही चश्मे का नंबर भी बढ़ने लगा है। वहीं दूसरी ओर मोतियाबिंद के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं। इसकी वजह अधिक समय तक स्क्रीन पर नजर रखना और स्टेरॉयड युक्त दवा का इस्तेमाल सामने आ रहा है।विश्व स्वास्थ्य संगठन ने वर्ष 2000 में विश्व दृष्टि दिवस की शुरुआत की। इस वर्ष की थीम ‘अपनी आँखों से प्रेम करो’ रखा गया है। पर आंखों को लेकर परिजन और बच्चे दोनों ही गैरजिम्मेदार नजर आ रहे है। बाली उमर में ही आंखों पर चश्मे और ऑपरेशन तक की नौबत आ रही है। कोविड के बाद यह समस्या और भी विकराल होने लगी है। कोविड का लॉकडाउन में ऑनलाइन क्लासेज से बच्चों के दृष्टि क्षमता को अधिक प्रभावित किया है। मोबाइल के स्क्रीन पर लगातार क्लास ने बच्चों को अस्पताल पहुंचा दिया है। गांधी आई अस्पताल में सीएमओ डॉ. अजय सक्सेना ने बताया कि एंड्रॉयड स्क्रीन की वजह से बच्चों के आखों में इंफेक्शन तेजी से बढ़ रहा है। जिससे आंखों में खुजली, आंखों से पानी आना, सूजन और लालिमा की शिकायत अधिक है। आंखों की जांच में सबसे अधिक बच्चों की पास की नजर प्रभावित हो रही है, जो कि बेहद खतरनाक है। क्योंकि अक्सर युवा और व्यस्क वर्ग में सबसे पहले दूर की नजर कमजोर होनी की शिकायत आती है। लेकिन मोबाइल गैजेट और एलसीडी स्क्रीन का लगातार प्रयोग यह समस्या विकराल होती जा रही है। वहीं बच्चों के खान पान पर परिजनों को नजर बनाए रखने की आवश्यकता है,फास्टफूड से परहेज रखें और हरी सब्जियों का सेवन कराएं

 

✒️ *प्रभारी मंत्री ने किया निरीक्षण-बाढ़ व राहत कार्याे को देखा*

प्रदेश के मंत्री कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान विभाग एवं जनपद प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शुक्रवार को प्रातःकाल सांसद सतीश गौतम, मा विधायक अनिल पाराशर के साथ हैबिटेट सेंटर, अचल ताल और नगर निगम पम्पिंग स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री जी सर्वप्रथम स्मार्ट सिटी के नवागत कार्यालय हैबिटेट सेंटर पहुंचे, जिसका शनिवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोकार्पण करेंगे। हैबीटेट सेन्टर में उन्होंने मुख्यमंत्री प्रस्तावित भ्रमण के तहत की जा रही सम्पूर्ण व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण कर सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।हैबिटेट सेंटर का निरीक्षण करने के पश्चात वह अचलताल क्षेत्र पहुंचे। सांसद ने अचल ताल में मूर्ति के प्लेटफार्म की हाइट बढ़ाने व मूर्ति के मुख की दिशा बदलवाने का सुझाव दिया।मंत्री ने अचल ताल में स्मार्ट सिटी परियोजना अंतर्गत किये जा रहे निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करने के नगर निगम व अलीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड टीम को निर्देश दिए। मंत्री ने प्रसिद्ध गिलहराज मंदिर में पूजा अर्चना की। उन्होंने मंदिर के आसपास गंदगी देखकर कड़ी नाराजगी जताते हुए नगर आयुक्त को तत्काल साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया। प्रभारी मंत्री ने अचल के बाद छर्रा अड्डा पम्पिंग स्टेशन का निरीक्षण किया, जहाँ बिजली चली जाने के कारण जनरेटर से पंप चलता हुआ मिला। मौके पर प्रभारी मंत्री ने पम्पिंग स्टेशन के संचालन की लॉग बुक का भौतिक सत्यापन किया। लॉग बुक में पिछले 10 दिनों से सत्यापन न होने पर मौके पर महाप्रबंधक जल अनवर ख्वाजा से इसका कारण पूछा। महाप्रबंधक जल अनवर ख्वाजा ने प्रभारी मंत्री जी को बताया पिछले दिनों भारी बारिश के कारण जल निकासी व्यवस्था को लगातार प्रभावी बनाया गया।प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री द्वारा बाढ़ एवं प्राकृतिक आपदा के कारण उत्पन्न विषम परिस्थितियों में संचारी रोग और राहत कार्यों की समीक्षा के लिए सभी प्रभारी मंत्रियों को निर्देशित किया गया है। उसी के मद््देनजर अलीगढ़ जनपद में बाढ़, राहत कार्यों और जल निकासी की व्यवस्था का निरीक्षण किया गया और नगर निगम के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त अमित आसेरी, उप नगर आयुक्त राजकिशोर प्रसाद, सहायक नगर आयुक्त ठाकुर प्रसाद सिंह, पूजा श्रीवास्तव, प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी मनोज कुमार प्रभात, महाप्रबंधक जल अनवर ख्वाज़ा, एसएफआई रमेश चंद सैनी, मीडिया सहायक अहसान रब स्टेनो देश दीपक उपस्थित रहे.

 

✒️ *किसान गोष्टी का आयोजन*

जट्टारी विकास खण्ड टप्पल के निकटवर्ती गांव मरहला, बिरजूगढ़ी मे आशीष चौधरी किसान सेवा केंद्र जट्टारी के तत्वाधान मे

एम०जे० बायोटेक द्वारा किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया जिसमे एम०जी० बायोटेक इंडस्ट्रीज कंपनी द्वारा किसानों को खेती की नई-नई तकनीकों के बारे में जानकारी दी तथा किसानों को जैविक खेती के फायदे बताएं।इस मौके पर प्रकाश चंद शर्मा, जय करण शर्मा, मुकेश कुमार शर्मा सेल्स ऑफिसर अलीगढ़ तथा अधिकृत विक्रेता कुशल चौधरी, कृष्ण गोपाल आदि अन्य लोग मौजूद रहे।