April 21, 2026

UP में ड्रोन उड़ाने वाले पुलिसकर्मियों का बेड़ा होगा तैयार, ट्रेनिंग की योजना बनाने के लिए बनी समिति-

Spread the love

*UP में ड्रोन उड़ाने वाले पुलिसकर्मियों का बेड़ा होगा तैयार, ट्रेनिंग की योजना बनाने के लिए बनी समिति*

 

उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग ने आगामी विधान सभा चुनाव में कानून व्यवस्था बनाने के लिए कदम उठाना शुरू कर दिए हैं. इसी क्रम में अब प्रदेश में ड्रोन उड़ाने वाले पुलिसकर्मियों का बेड़ा तैयार किया जायेगा. दरअसल, प्रदेश भर में लगातार बढ़ते वीवीआईपी मूवमेंट, आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान शांति-व्यवस्था से लेकर औद्योगिक क्षेत्र में हो रहे विकास को देखते हुए ड्रोन कैमरों की भूमिका भी लगातार बढ़ती जा रही है. राहत कार्यों में ड्रोन की भूमिका बढ़ाने पर भी विचार चल रहा है. इसी के चलते अब ड्रोन के नियम, उत्पादन व प्रशिक्षण के लिए नियमावली तैयार किये जाने के लिए समिति का गठन किया गया है. जिसकी रिपोर्ट 15 दिन में तैयार करने के आदेश भी जार कर दिए गए हैं.

 

 

*तैयार की जायेगी पुलिस की टीम*

 

जानकारी के मुताबिक, संवेदनशील इलाकों में नजर रखना ह या फिर VVIP मूवमेंट के दौरान व्यवस्था परखना हो, हर जगह पर ड्रोन कैमरे का इस्तेमाल होता है. ऐसे में प्रदेश में ड्रोन उड़ाने के लिए नियम-कानून से लेकर उसके उत्पादन और प्रशिक्षण की खास व्यवस्था लागू होगी. शासन ने प्रदेश में ड्रोन का संचालन करने के लिए प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों का बेड़ा तैयार करने का निर्णय भी किया है. विशेष कार्यक्रम व अवसरों पर उड़ना भरने वाले निजी ड्रोन पर अंकुश भी लगेगा. साथ ही प्रदेश में ड्रोन के उत्पादन को बढ़ावा दिया जाएगा. यह भी देखा जायेगा कि किन-किन क्षेत्रों में ड्रोन का प्रयोग किया जा सकता है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर इसके लिए अपर मुख्य सचिव, गृह अवनीश कुमार अवस्थी की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया है.

 

*समिति में ये लोग शामिल*

 

बता दें कि अपर मुख्य सचिव, गृह की अध्यक्षता में गठित उच्च स्तरीय समिति में राजस्व, उद्योग, प्राविधिक शिक्षा विभाग, सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्यम विभाग, नागरिक उड्डयन के वरिष्ठ अधिकारी, डीजीपी, डीजी लाजिस्टिक, आइआइटी कानपुर के तकनीकी विशेषज्ञों व डा.एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय, लखनऊ के विशेषज्ञ शामिल हैं. ये समिति 15 दिन में पूरी कार्ययोजना तैयार करके इसकी रिपोर्ट शासन को सौपेंगी.