April 22, 2026

UP के 12 निजी आयुर्वेदिक कॉलेजों की मान्यता रद्द, 880 सीटें BAMS की हुईं कम-

Spread the love

*UP के 12 निजी आयुर्वेदिक कॉलेजों की मान्यता रद्द, 880 सीटें BAMS की हुईं कम*

 

उत्तर प्रदेश में 12 निजी आयुर्वेदिक कॉलेजों की मान्यता रद्द कर दी गई है. इससे प्रदेश में बीएएमएस की 880 सीटें कम हो गई हैं. केंद्रीय आयुर्वेदिक चिकित्सा परिषद की जांच में 27 आयुर्वेदिक कॉलेज मानक के अनुरूप नहीं पाए गए हैं. इनमें से 12 उत्तर प्रदेश के हैं, जिनकी मान्यता रद्द करते हुए सभी मानक पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं.

 

उत्तर प्रदेश में 8 सरकारी कॉलेजों में बीएएमएस की 60-60 सीटें हैं जबकि 57 निजी कॉलेजों में लगभग 5000 सीटें हैं. आयुर्वेद विभाग के निदेशक प्रो. एसएन सिंह ने बताया कि जिन कॉलेजों की मान्यता रद्द की गई हैं, उन्हें दाखिले के लिए आज से होने वाली काउंसिलिंग से बाहर कर दिया गया है. मिर्जापुर का अपेक्स, बिजनौर का भगवंत, हाथरस का प्रेम रघु, बलिया का शांति, अलीगढ़ का जेडी, आगरा का केवी व एमडी, फर्रुखाबाद का डॉ. अनार सिंह, अलीगढ़ का शहीद नरेंद्र, गाजीपुर का एसएनएसके, वाराणसी का श्रीकृष्ण और शिकोहाबाद आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज इस लिस्ट में है.