प्रयागराज के 102 केंद्रों पर हो रही परीक्षा, दिक्कत हो तो हेल्पलाइन नंबर पर अभ्यर्थी करें संपर्क-
प्रयागराज- UPSC Pre Exam 2022 संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा आज रविवार 5 जून को हो रही है। परीक्षा दो पालियों में हो रही है। संघ लोक सेवा आयोग की ओर से परीक्षा के लिए प्रयागराज में 102 केंद्र बनाए गए हैं। इसमें 43497 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9.30 बजे से शुरू हो चुकी है, जो 11.30 बजे तक होगी। वहीं दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2.30 से शाम 4.30 बजे तक होगी।
मोबाइल, कैमरा व कोई डिवाइस की अनुमति नहीं : परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को तलाशी से छूट मिली है। यानी अभ्यर्थी परीक्षा कक्ष में सीधे जा सकते हैं। मोबाइल, कैमरा व किसी प्रकार की डिवाइस आदि नहीं ले जा सकते हैं। अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की दिक्कत होने पर वे संघ लोक सेवा आयोग के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। दूसरी पाली की परीक्षा शुरू होने के 10 मिनट पहले यानी दोपहर 2.20 बजे तक ही अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर सकेंगे। इसके बाद किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। यही पहली पाली के लिए भी नियम लागू किया गया।
खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय : परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की आशंका को लेकर खुफिया एजेंसियों को भी लगाया गया है। पूरी परीक्षा पर प्रशासन, पुलिस, एसटीएफ, क्राइम ब्रांच की भी नजर है। परीक्षा के नोडल अफसर व एडीएम सिटी मदन कुमार ने बताया कि परीक्षा संपन्न कराने के लिए शहर को 32 सेक्टरों में बांटा गया है। हर सेक्टर में मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 102 केंद्र व्यवस्थापक व इतने ही सहायक केंद्र व्यवस्थापक भी मुस्तैद किए गए हैं। हर केंद्र पर एक दारोगा और चार सिपाही भी तैनात किए गए हैं। आयोग की ओर से पर्यवेक्षक के तौर पर तैनात किए गए छह वरिष्ठ आइएएस अफसर भी परीक्षा का जायजा ले रहे हैं।





More Stories
शुआट्स के कुलाधिपति, कुलपति समेत 11 के खिलाफ चार्जशीट फाइल-
बसपा महापौर प्रत्याशी सईद अहमद के बड़े बेटे के बाद छोटे बेटे पर भी मामला दर्ज-
50 हजार की इनामी शाइस्ता की तलाश में यू पी एस टी एफ टीम ने धूमनगंज पुलिस संग मारा छापा-