June 20, 2026

देश भर की अब तक की अहम खबरे –

Spread the love

✒️ *आरबीआई इस साल तेजी से बढ़ाएगा रेपो रेट, अगले साल धीमी होगी रफ्तार: पोल*

इस साल महंगाई पिछले कुछ दशकों के तुलना में अपने चरम पर है। जल्द ही लोगों को एक और झटका लग सकता है।आरबीआई द्वारा हाल ही में बढ़ाए गए रेपो रेट के बाद लोगों पर ईएमआई का बोझ भी बढ़ गया है। फिलहाल लोगों को इससे इतनी जल्दी छुटकारा मिलने वाला नहीं है, क्योंकि आरबीआई इस साल कई बार रेपो रेट बढ़ाने के मूड में है। जी हां, रायटर्स के पोल के मुताबिक इस साल आरबीआई द्वारा कई बार रेपो रेट को बढ़ाया जाएगा। अर्थशास्त्रियों का कहना है कि अगले साल 2023 तक रेपो रेट 6 फीसद के लेवल को भी पार कर सकता है। आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति की बैठक अगले सप्‍ताह 6 जून से शुरू हो रही है, जिसके फैसले 8 जून को सामने आएंगे। इस दौरान रेपो रेट में एक बार फिर बढ़ोतरी हो सकती है। पोल के मुताबिक आरबीआई अगली चार मौद्रिक नीति समिति बैठक के दौरान रेपो रेट में 1 फीसद की बढ़ोतरी कर सकता है। पोल के मुताबिक 8 जून को इसमें 0.25 फीसद की बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल, अभी रेपो दर 4.40 फीसद पर है।

✒️ *यूक्रेन रूस युद्ध:यूक्रेन के करीब 20 फीसदी हिस्से पर रूस का कब्जा, युद्ध के तीन महीनों बाद जेलेंस्की का बड़ा बयान*

रूस और यूक्रेन के बीच पिछले करीब 100 दिनों से युद्ध लगातार जारी है। ऐसे में बड़ी तादाद में यूक्रेन को बुनियादी नुकसान उठाना पड़ा है। वहीं पड़ोसी देश में सैन्य कार्रवाई को लेकर रूस को भी विश्व समुदाय से कई तरह के प्रतिबंधों का सामना करना पड़ रहा है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने गुरुवार को अपने एक बयान में कहा कि रूस उनके देश के लगभग पांचवें हिस्से को नियंत्रित कर रहा है। जेलेंस्की ने बताया कि रूसी सेना पूर्वी डोनबास क्षेत्र पर अपनी पकड़ मजबूत कर रही है। रूसी सेना इलाके में मौजूद प्रशासनिक केंद्र, क्रामाटोरस्क की ओर तेजी से बढ़ रही है। साथ ही जेलेंस्की ने बताया कि रूसी सेना ने यूक्रेन के पूर्वी औद्योगिक इलाकों में आक्रमण तेज कर दिया है। उन्होंने देश की राजधानी कीव और उत्तर पूर्व के इलाकों में सैन्य कार्रवाई कम कर दी है।

✒️ *विश्वविद्यालय प्रशासन ने वेब रजिस्ट्रेशन की फीस बढ़ाई, 15 जून से शुरू होगी प्रवेश प्रक्रिया*
आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की ओर से स्नातक और परास्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए वेब रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 15 जून से शुरू की जाएगी। स्नातक स्तर के पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए 200 रुपये और परास्नातक के लिए 300 रुपये फीस निर्धारित की गई है। बृहस्पतिवार को परीक्षा समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया।विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक की अध्यक्षता में परीक्षा समिति की बैठक हुई। वह ऑनलाइन जुड़े। बैठक में वेब रजिस्ट्रेशन की फीस स्नातक और परास्नातक स्तर पर 100-100 रुपये बढ़ाए जाने पर सहमति बनी। पहले वेब रजिस्ट्रेशन के लिए स्नातक पर 100 और परास्नातक स्तर पर 200 रुपये फीस थी। प्रवेश समिति के समन्वयक प्रो. मनु प्रताप सिंह ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया के संबंध में विश्वविद्यालय की ओर से सोमवार या मंगलवार तक विज्ञप्ति जारी कर दी जाएगी,राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत स्नातक स्तर पर शुरू किए जा रहे पाठ्यक्रमों के लिए भी छात्र-छात्राओं को विश्वविद्यालय में अनिवार्य रूप से वेब रजिस्ट्रेशन कराना होगा।

✒️ *अलीगढ़ के खैर ट्रक ने टेंपो को मारी टक्कर, एक व्यक्ति की मौत चालक गंभीर घायल*
अलीगढ़ खैर के अरनी चौराहा स्थित टैंटी गांव रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने टेंपो में पीछे से टक्कर मार दी। जिसमें एक सवारी की मौके पर मौत हो गई। टेंपो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना देख राहगीर इकट्ठा हो गए। ट्रक चालक मौका देख ट्रक छोडकर फरार हो गया। हादसे की सूचना राहगीरों ने यूपी डायल 112 को दी। सूचना पर पहुंची पीआरबी ने घायल चालक को सीएचसी पहुंचाया जहां गंभीर हालत होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।सूचना पर कोतवाली पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंच गई। घटना में हुई मौत की शिनाख्त करते हुए व्यक्ति का शव कब्जे में लेकर पीएम को भेजा। बता दें कि 45वर्षीय यशपाल सिंह पुत्र निरोत्तम सिंह गांव कुरावली थाना नौहझील जनपद मथुरा निवासी गुरुवार की शाम छ: बजे कस्बा खैर से टेंपो में सामान लेकर के अपने गांव जा रहा था कि अरनी चौराहे पर ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में यशपाल की मौके पर ही मौत हो गई। टैंपो चालक विशाल पुत्र चंद्रपाल गांव लोहागढ निवासी गंभीर रूप से घायल हो गया। और उसका टेंपो क्षतिग्रस्त हो गया।

✒️ *बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित, प्रशासन ने जारी किए नंबर*
उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर संभावित बाढ़ और कटान की सूचना संकलित करने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित कर दिए हैं। साथ ही उनके नंबर भी जारी कर दिए हैं।बाढ़ समन्वय अधिकारी एवं अधिशासी अभियन्ता नरौरा खण्ड निचली गंगा नहर, अलीगढ़ ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा दिये गये निर्देशों के क्रम में विगत वर्षों की भांति वर्ष-2022 की बाढ़ अवधि 01 जून से 31 अक्टूबर तक बाढ़ सम्बन्धी सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिये नरौरा खण्ड, निचली गंगा नहर, 25 लाल डिग्गी, कार्यालय परिसर में स्थित एनेक्सी भवन में सिंचाई विभाग बाढ़ नियन्त्रण कक्ष की स्थापना कर दी गयी है, जिसका दूरभाष नम्बर 0571-2703075 है।उन्होंने बताया कि बाढ़ नियन्त्रण कक्ष को सुचारू रूप से संचालित करने के लिये सहायक अभियन्ता-द्वितीय नरौरा खण्ड निचली गंगा नहर अरूण सचदेव (9410632407) को प्रभारी अधिकारी, अवर अभियन्ता-द्वितीय नरौरा खण्ड निचली गंगा नहर जयन्त कुमार बिन्द (9456606391) को सहायक प्रभारी अधिकारी एवं खण्डीय तारबाबू जयप्रकाश (9411416871) को बाढ़ नियंत्रण कक्ष का तारबाबू नामित किया गया है।उन्होंने बताया कि प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारी के निर्देशानुसार कार्य करने के लिये बाढ़ नियन्त्रण कक्ष में कर्मचारियों को ड्यूटी निर्धारित कर दी गयी है। कार्मिकों द्वारा बाढ़ सम्बन्धी समस्त सूचनायें प्राप्त कर सम्बन्धित उच्चाधिकारियों को निर्धारित प्रकिया के अनुसार समय से प्रेषित किया जाना सुनिश्चित किया जायेगा।

✒️ *विभिन्न निवेश परियोजनाओं की तृतीय ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी का आयोजन लखनऊ में*
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मादी की गरिमामयी उपस्थिति में विभिन्न निवेश परियोजनाओं की तृतीय ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी का आयोजन इन्दिरा गॉधी प्रतिष्ठान लखनऊ में 03 जून को पूर्वान्ह 10ः30 बजे से किया जा रहा है। यह जानकारी देते हुए उपायुक्त उद्योग श्रीनाथ पासवान ने बताया कि लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलैक्ट्रेट सभागार में किया जाएगा, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधि, निवेशक, प्रमुख उद्योगपति एवं औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी व प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।

✒️ *आरसीए के छात्र ने झारखंड प्रशासनिक सेवा परीक्षा उत्तीर्ण की*
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के आवासीय कोचिंग अकादमी (आरसीए) के छात्र मोहम्मद आफताब आलम ने 20वीं रैंक के साथ झारखंड लोक सेवा आयोग की झारखंड प्रशासनिक सेवा परीक्षा उत्तीर्ण की है।कुलपति, प्रो तारिक मंसूर ने उन्हें सफलता के लिए बधाई दी और आशा व्यक्त की कि अधिक आरसीए छात्र इन परीक्षाओं को उत्तीर्ण करेंगे।प्रो सगीर अहमद अंसारी (निदेशक, आरसीए) ने कहा कि आफताब आलम को 2019-20 सत्र में सिविल सेवा कोचिंग के लिए पंजीकृत किया गया था।

✒️ *अलीगढ़ में पत्नी को भरण पोषण नहीं देने पर पति को एक माह की जेल*
अलीगढ़ में भरण-पोषण निर्धारित होने के बाद भी पत्नी को निर्धारित रकम नहीं देने पर अदालत ने पति को एक माह की सजा सुनाई है।काउंसलर योगेश सारस्वत व योगेश शंकर भारद्वाज ने बताया कि कोतवाली निवासी लुबना, बेटे जावेद व फैज का अदालत ने चार हजार रूपए प्रति माह की दर से भरण पोषण भत्ता निर्धारित किया था। पहासू निवासी पति जावेद को वर्ष 2011-17 तक के बीच का भत्ता देना था लेकिन पति ने भत्ता नहीं दिया। इस पर अपर प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायलय (तृतीय) ज्योति सिंह ने पांच लाख रूपए भरण पोषण के जमा नहीं करने पर पति को 30 दिन की सजा सुनाई।

✒️ *रिटायर्ड जस्टिस सुप्रीम कोर्ट में सीनियर एडवोकेट नियुक्त*
हाईकोर्ट से सेवानिवृत हुए जज सुधीर सक्सेना सुप्रीम कोर्ट में वरिष्ठ अधिवक्ता नियुक्त किए गए हैं। सुप्रीम कोर्ट के रजिस्ट्रर प्रदीप कुमार शर्मा द्वारा इसकी सूचना जारी की गई है। सेवानिवृत जज अलीगढ़ में भी जिला जज रह चुके हैं। गुरूवार को दि अलीगढ़ बार के अध्यक्ष जगदीश सारस्वत, पूर्व अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता पीके सिंह, गणेश शर्मा, मनोज शर्मा, योगेश सारस्वत, पंकज सक्सेना, दीपक बंसल, प्रदीप शर्मा, योगेन्द्र सारस्वत, मनीष शर्मा, राकेश गौड़ ने बधाई दी।

✒️ *बेटे से ससुरालीजन के साथ मिलकर मां-बाप को पीटा*
इगलास। कोतवाली क्षेत्र के गांव जैथोली निवासी एक दंपति के साथ उसके बेटे व पुत्रबधु ने अपने ससुरालीजन के साथ मिलकर मारपीट की। पीड़ित ने घटना के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है।जैथोली निवासी जल सिंह का कहना है कि उसने अपने बेटे के कृत्यों से परेशान होकर अपनी संपत्ति से वेदखल कर दिया है। इसी बात को लेकर विगत 28 मई को बेटा जितेंद्र सिंह ने ससुरालीजन को बुला लिया। आरोप है कि उक्त लोगों ने मिलकर उसके व पत्नी सुरेश देवी के साथ लाठी डंडों से मारपीट की। शोर सुनकर पहुंचे पड़ौसियों ने उन्हें बचाया। आरोपित भविष्य में जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। कोतवाल ने बताया कि घटना के संबंध में यशवीर उर्फ एसओ, पीतम, गीता निवासीगण कोहनिगा, जितेंद्र सिंह व इसकी पत्नी राखी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

✒️ *अलीगढ़ स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में एमएसआर व स्पोर्ट्स हब टीम रही विजयी*
अलीगढ़ स्पोर्ट्स एसोसिएशन के एमके अलीगेरियन क्रिकेट मैदान पर मोहम्मद शाहिद मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का तीसरा मैच अलीगढ़ रेड व एम एस आर क्रिकेट एकेडमी के बीच हुआ।चौथा मैच एम के ब्लू बनाम अलीगढ़ स्पोर्ट्स हब के बीच खेला गया अलीगढ़ स्पोर्ट्स एमएसआर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। इस तरह पहले बल्लेबाजी करने उतरी अलीगढ़ रेट की टीम ने 25 ओवरों में ऑल आउट होकर 138 रन बनाए जिस में सर्वाधिक देव सचदेव ने 34 रन बनाए।एमएसआर की तरफ से आयुष राज ने 5 विकेट लिए जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी एमएसआर की टीम ने 15 ओवरों में 2 विकेट खोकर मैच जीत लिया जिसमें रोहित ने सर्वाधिक 96 रन किए इस मौके पर एमके अलीगेरियन के हैड कोच मंसूर अहमद एसीएस कोच मसूद अमीनी भी रहे।अलीगढ़ ब्लू ने और टॉस कर पहले बल्लेबाजी करते हुए।निर्धारित 40 ओवर के मैच में 30 ओवर खेलकर 138 रनो पर ऑल आउट हो गई जिसमे सर्वाधिक वासिफ ने 33 व रिषभ प्रकाश ने 28 रन बनाए स्पोर्ट्स हब की तरफ से आयूष राज ने 6 विकेट लिए जबाब मे बल्लेबाजी करने उतरी स्पोर्ट्स हब की टीम 23 ओवर मे 5 विकेट के नुकसान पर मैच जीत गई जिसमे सर्वाधिक कौशल ने 65 रन किए।

✒️ *डेंटल कॉलेज के पूर्व प्राचार्य प्रो. हाशमी के निधन पर कुलपति ने शोक जताया*
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के डॉ जेड ए डेंटल कॉलेज के संस्थापक प्राचार्य, प्रोफेसर एस एच हाशमी का गत 1 जून बुधवार को नई दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 1996 से 2012 तक जेडएडीसी प्रिंसिपल के रूप में सेवाएं देने के उपरांत विश्वविद्यालय से सेवानिवृत्त हुए। उन्हें आज यूनिवर्सिटी कब्रिस्तान में सुपुर्दे खाक किया गया। उनकी नमाजे जनाजा में कुलपति प्रो. तारिक मंसूर सहित बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय के शिक्षक व कर्मी शामिल हुए।एएमयू के कुलपति, प्रोफेसर तारिक मंसूर प्रो. हाशमी को श्रद्वांजलि अर्पित करते हुए कहा कि प्रोफेसर हाशमी के दिल में सभी के प्रति प्रेम था और उन्होंने हमेशा अपने सहयोगियों और छात्रों के साथ एक असाधारण व्यापक सम्बन्ध बनाये रखा।उन्होंने कहा कि प्रोफेसर हाश्मी ने साहस के साथ बीमारी का सामना किया। विश्वविद्यालय समुदाय इस दुख कि घडी में उनके शोक संतप्त परिवार के साथ है। कुलपति ने कहा कि प्रो. हाशमी को उनके दोस्तों, सहकर्मियों और छात्रों द्वारा उन्हें बहुत याद किया जाएगा।डेंटल कॉलेज में प्रोफेसर हाशमी के कार्यकाल को याद करते हुए प्रोफेसर राजेंद्र कुमार तिवारी (प्रिंसिपल, जेडएडीसी) ने कहा कि प्रोफेसर हाशमी सटीक मानकों को स्थापित करने के लिए जाने जाते थे और वह छात्रों और शिक्षकों, दोनों के लिए बुद्धिमता से सलाह के लिए उपलब्ध रहते थे।उन्होंने कहा कि प्रोफेसर हाशमी नियमित रूप से डेंटल कॉलेज के सभी विभागों के चक्कर लगाते थे ताकि शिक्षण और रोगी देखभाल के मानकों को और बेहतर बनाने के बारे में सुधार किया जा सके। उनकी विरासत उनके योगदान में जीवित है जो शिक्षकों और छात्रों को डेंटल सर्जरी की जटिलताओं को जानने में मदद करने के लिए आवश्यक साबित हुए हैं।उनके परिवार में पत्नी, बेटी और बेटा हैं ।

✒️ *नौकरी के नाम पर हड़प लिए 10 लाख*
इगलास। कोतवाली क्षेत्र के गांव गढुआ निवासी कृष्ण कुमार पुत्र वेदराम का कहना है कि उसके रिस्तेदार मानवेंद्र उर्फ सौरभ पुत्र उदयवीर सिंह निवासी मौजीपुर ने 2014 में संपर्क किया था। उसने दिव्यांग होने का हवाला देते हुए उसकी व भाई जितेंद्र पुत्र हरिकिशन की इंटर कालेज में बाबू की नौकरी लगाने का लालच दिया। नौकरी के एवज में दोनों से पांच-पांच लाख रुपये ले लिए। नौकरी न लगने पर रुपये बापस मांग तो झूठे वायदे करता रहा। आरोप है कि दाेनों के शैक्षिक प्रमाण पत्रों का कूटरचित तरीक से प्रयोग करा रहा है। अब रुपये बापस मांगने पर धमकी दे रहा है। कोतवाल ने बताया कि घटना के संबंध में रिपोर्ट दर्ज की गई है।

✒️ *अब आयुष्मान भारत योजना से करा सकेंगे बोन मैरो ट्रांसप्लांट, असाध्य रोगियों को जांच की भी सुविधा*
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी-पीएमजेवाई) का लाभार्थियों के लिए राहत देने वाली खबर है। अब आयुष्मान भारत योजना के तहत हड्डी रोगी देसी या विदेशी कोई भी इंप्लांट लगवा सकेंगे। वहीं अब उन्हें इस योजना के तहत बोन मैरो (अस्थि मज्जा) ट्रांसप्लांट (प्रत्यारोपण) की भी सुविधा दी जाएगी।असाध्य रोगियों को उपचार के साथ-साथ अब जांच की भी सुविधा इस योजना के तहत दी जाएगी।नेशनल हेल्थ अथारिटी के कार्यकारी निदेशक डा. शंकर प्रिन्जा ने बताया कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में कैंसर सहित अन्य असाध्य रोगों के मरीजों को उपचार के साथ-साथ जांच की भी सुविधा दी जाती है। पेट स्कैन सहित दूसरी महंगी जांचें वह मुफ्त में करा सकेंगे।उन्होंने बताया कि अब हृदय व न्यूरो के रोगियों के इलाज के लिए नए पैकेज शुरू किए गए हैं। उपचार के लिए 365 प्रोसीजर इस योजना में जोड़े जाने से मरीजों को राहत मिलेगी। अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने कहा कि इस योजना से एक गरीब परिवार को एक वर्ष में पांच लाख रुपये तक के इलाज की सुविधा मिलती है।

✒️ *दृष्टिबाधित बच्चों के लिए अहमदी स्कूल में योग कार्यशाला शुरू*
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के दृष्टिबाधित छात्रों के अहमदी स्कूल द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर तीन दिवसीय योग कार्यशाला का आयोजन किया।कार्यशाला के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि और प्रख्यात बाल रोग विशेषज्ञ, डॉ हमीदा तारिक ने कहा कि योग मन और शरीर के बीच संतुलन बनाए रखने और प्रकृति से जुड़ने के सर्वाेत्तम तरीकों में से एक है। योग में संतुलित शरीर और आहार, श्वास और शरीर की मुद्राओं पर नियंत्रण की आवश्यकता होती है और एक योगी इसके माध्यम से एक स्वस्थ जीवन शैली प्राप्त करता है।
विशिष्ट अतिथि श्रीमती तनवीर बदर ने छात्रों से योग को एक नियमित आदत के रूप में अपनाने और स्वस्थ शरीर और जीवन शैली प्राप्त करने के लिए प्रतिदिन सुबह इसे करने का आग्रह किया।इससे पहले, अतिथियों का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत करते हुए स्कूल की प्रिंसिपल डॉ नायला राशिद ने कहा कि योग सभी उम्र के लोगों को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य लाभ प्रदान करता है। यह सामाजिक लगाव को मजबूत करने में मदद करता है और तनाव, चिंता, अवसाद और अनिद्रा की संभावना को कम करता है। यह एक शारीरिक गतिविधि से अधिक है और सबसे अच्छा तरीका है जिसके माध्यम से हम अपनी आत्मा, मन और शरीर को पोषित कर सकते हैं।
खेल आयोजन प्रभारी, सना रज़ा ने तीन दिवसीय कार्यशाला की मुख्य विशेषताओं पर प्रकाश डाला।उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि और प्रधानाध्यापक ने कबूतरों को आज़ाद किया, गुब्बारे उड़ाए और छात्रों को पानी की बोतलें भेंट कीं।सना रज़ा और अन्य योग गुरुओं ने प्रतिभागियों को योग करने में मदद की।साहित्यिक कार्यक्रम की प्रभारी, डॉ बुशरा अब्बासी ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के प्रभारी श्री सिराजुद्दीन शेख की मदद सेकार्यक्रम का संचालन किया।

✒️ *कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज*
इगलास।कोतवाली क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर निवासी राजवीर सिंह पुत्र पीतम सिंह का कहना है कि विगत 24 मई को गांव के ही छत्रपाल, प्रीती, लक्ष्मी व चार-पांच अज्ञात लोगों द्वारा उसके घेर का फर्जी बैनामा करा लिया था। विरोध करने पर घर में घुसकर मारपीट की और घरेलू सामान क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के संबंध में उसने पुलिस से शिकायत की थी लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली थी। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।

 

✒️ *उत्तर प्रदेश सरकारी स्कूलों में चार दिन खेलकूद और बाकी दो दिन स्काउट -हर बच्चे को किसी न किसी खेल से जोड़ने के निर्देश*

सरकारी प्राइमरी व जूनियर स्कूलों में हफ्ते के चार दिन खेलकूद और दो दिन स्काउट की गतिविधियां करवाई जाएंगी। खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन अगस्त से शुरू होगा। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं 30 नवम्बर तक करवाई जाएंगी। इस संबंध में बेसिक शिक्षा निदेशक सर्वेन्द्र विक्रम बहादुर सिंह ने आदेश जारी कर दिया है।उन्होंने कहा है कि खेलकूद प्रतियोगिताओं में अनावश्यक औपचारिकताओं से बचते हुए केवल खेलने पर ही ध्यान दिया जाए। अगस्त में स्कूलों के स्तर पर, सितम्बर के पहले हफ्ते में ब्लॉक स्तर पर, अक्तूबर के पहले हफ्ते तक जिला स्तर, नवम्बर के पहले हफ्ते में मंडल स्तर पर प्रतियोगिताएं करवाई जाएं। 30 नवम्बर तक राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा।सोमवार से गुरुवार तक खेलकूद और व्यायाम करवाया जाएगा और अंतिम दो दिनों में स्काउट करवाया जाएगा। इसका ब्यौरा रजिस्टर में रखा जाएगा। प्रधानाचार्य सुनिश्चित करे कि स्कूल का हर बच्चा किसी न किसी खेल से अवश्य जुड़े। प्राइमरी स्कूलों को खेलकूद सामग्री के लिए 5000 और जूनियर स्कूलों को 10,000 रुपये दिए गए हैं। इसका पूरा उपयोग किया जाए

 

✒️ *उत्तर प्रदेश में टैक्स फ्री होगी फिल्म सम्राट पृथ्वीराज, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की घोषणा*

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिल्म स्टार अक्षय कुमार की सम्राट पृथ्वीराज को टैक्स फ्री करने की घोषणा की है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को अपने मंत्रिपरिषद के सहयोगियों तथा विधायकों के साथ लोक भवन में फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग देखी।फिल्म सम्राट पृथ्वीराज को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में टैक्स फ्री करने की घोषणा की है। सीएम योगी आदित्यनाथ इस फिल्म को देखने के बाद इतना प्रभावित हुए कि उन्होंने तत्काल ही इसको टैक्स फ्री करने की घोषणा कर दी। लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज अपने मंत्रियों व विधायकों के साथ फिल्म ‘सम्राट पृथ्वीराज’ की विशेष स्क्रीनिंग देखी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोक भवन में गुरुवार को अपने मंत्रियों तथा विधायकों के साथ बालीवुड अभिनेता अक्षय कुमार अभिनीत फिल्म सम्राट पृथ्वीराज की स्पेशल स्क्रीनिंग देखने के बाद उसे टैक्स फ्री करने की घोषणा भी कर दी। फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान अभिनेता अक्षय कुमार और अभिनेत्री मानुषी छिल्लर के साथ फिल्म के डायरेक्टर चंद्रप्रकाश द्विवेदी भी मौजूद थे।

 

✒️ *उत्‍तर प्रदेश में अवैध मदरसों पर बाल संरक्षण आयोग की कार्रवाई तेज, आज मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजी जाएगी रिपोर्ट*

उत्‍तर प्रदेश में अवैध रूप से चल रहे मदरसों को बंद कराने की कवायद बाल संरक्षण आयोग ने शुरू कर दी है। आयोग ने वैध और अवैध मदरसों की सूची तैयार कर ली है। प्रदेश भर में 16416 कुल मदरसे हैं। इनमेें से 558 अनुदानित हैं। जो मदरसे वैध नहीं हैं आज उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए आयोग द्वारा सीएम कार्यलय में रिपोर्ट भेजी जाएगी। रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई सुनिश्चित होगी बीते, तीन दिन पहले बाल संरक्षण आयोग की सदस्य डा. सुचिता चतुर्वेदी ने टीम के साथ गोसाईगंज शिवलर स्थित मदरसे का निरीक्षण किया था। जिसमें तमाम खामियां मिली थीं। बच्चों को जमीन पर सुलाया जाता था। पौष्टिक भोजन के स्थान पर चने और मटर की दाल दी जाती थी। पैरों में बेड़ियां डालने के बाद ताला जड़कर रखा जाता है। एक्सपायरी दवाइयां मिली थीं। जिन्हें नष्ट कराया गया था। आयोग ने मदरसे के खिलाफ पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

 

✒️ *प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कल उत्तर प्रदेश का दौरा, लखनऊ के बाद जाएंगे कानपुर देहात; राष्ट्रपति के गांव में संबोधित करेंगे जनसभा*

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। प्रधानमंत्री राजधानी लखनऊ के साथ ही कानपुर देहात का दौरा करेंगे। वह लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में यूपी इंवेस्टर्स समिट 3.0 की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में शामिल होने के बाद दिन में कानपुर देहात रवाना होंगे। कानपुर देहात में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के गांव परौंख में उनका जनसभा को संबोधित करने का कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करीब 18 दिन बाद फिर लखनऊ आएंगे। लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड करने के बाद प्रधानमंत्री दिन में करीब 11 बजे इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में यूपी इन्वेस्टर्स समिट के 3.0 बजे ग्राउंड ब्रेकिंग समारोह में भाग लेंगे। इसके बाद दोपहर लगभग 1:45 बजे प्रधानमंत्री कानपुर के परौंख गांव पहुंचेंगे, जहां राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद के साथ पथरी माता मंदिर के दर्शन करेंगे।

 

✒️ *वृंदावन के अन्नपूर्णा भवन में श्रद्धालुओं को मिलेगा निशुल्क भोजन, मुख्यमंत्री कर सकते हैं उद्घाटन*

दावन भगवान श्रीराधाकृष्ण की लीला भूमि है। यहां हजारों साधु-संत भगवान की भक्ति के लिए डेरा जमाए हैं। हजारों लोग प्रतिदिन दर्शन के लिए यहां आते हैं। तीर्थनगरी में आने वाले श्रद्धालुओं को जल्द ही निशुल्क भोजन की सुविधा मिलने वाली है। इसके लिए वृंदावन में अन्नपूर्णा भवन बन रहा है। अन्नपूर्णा भोजनालय में श्रद्धालुओं के लिए सुपाच्य और पूरी तरह निशुल्क भरपेट भोजन की व्यवस्था होगी। यहां हर दिन करीब पांच हजार लोग भोजन कर सकेंगे।तीर्थनगरी के मथुरा मार्ग स्थित जयपुर मंदिर के सामने स्थित अन्नपूर्णा भवन का शिलान्यास 14 फरवरी 2021 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था। ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा अन्नपूर्णा भवन का निर्माण कराया जा रहा है,466.50 लाख की लागत वाले इस अन्नपूर्णा भवन में खाद्यान भंडारण के लिए अंडरग्राउंड निर्माण किया जा रहा है, जबकि भोजन प्रसादी पाने वालों को बिठाने के लिए दो बड़े हॉल तैयार हो रहे हैं, जिनमें करीब 400 लोग एक साथ भोजन कर सकेंगे,अन्नपूर्णा भवन का संचालन प्रख्यात श्रीरामकथा वाचक संत विजय कौशल करेंगे। संत विजय कौशल की अध्यक्षता में गठित मंगलमय परिवार न्यास द्वारा अन्नपूर्णा भोजनालय में भोजन की व्यवस्था करेगा। उनके प्रतिनिधि मोहित व्यास ने बताया कि देशभर से मंदिरों में दर्शन को आने वाले तीर्थयात्रियों के लिए भोजनालय तैयार हो रहा है, जो पूरी तरह निशुल्क होगा।संभावना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अन्नपूर्णा भवन का उद्घाटन करने वृंदावन आ सकते हैं।

 

✒️ *कोरोना की चपेट में आईं सोनिया गांधी,प्रधानमंत्री मोदी ने की जल्द ठीक होने की कामना*

कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी कोरोना संक्रमित हो गई हैं। उनके अलावा बैठक में आए कुछ नेता भी संक्रमण के शिकार हो गए हैं। समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए सुरजेवाला ने बताया कि सोनिया गांधी को कल शाम को हल्का बुखार आया था, इसके बाद हुए उनकी जांच की गई तो वह कोरोना संक्रमित पाई गईं। सुरजेवाला ने कहा कि सोनिया गांधी पिछले एक सप्ताह में बहुत सारे नेताओं, कार्यकर्ताओं से मिलीं जिसके कारण उन्हें संक्रमण हो गया। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके जल्द ठीक होने की कामना की,सोनिया गांधी ने खुद को किया आइसोलेट,सुरजेवाला ने बताया कि सोनिया गांधी ने खुद को आइसोलेट कर लिया है। उन्होंने उनके संपर्क में आए सभी नेताओं से जांच कराने की अपील की है। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है। वह जल्द ही स्वस्थ हो जाएंगी। बता दें कि 8 जून को सोनिया गांधी को प्रवर्तन निदेशालय के समक्ष पेश भी होना है। हालांकि, सुरजेवाला ने कहा है कि सोनिया गांधी ने विशेष तौर पर उन्हें कहा है कि वह 8 जून को ED के समक्ष आवश्य पेश होंगी।

 

✒️ *बदला मौसम का मिजाज, दिल्ली समेत देश के इन हिस्सों में होगी बारिश; IMD ने जारी किया अलर्ट*

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली व एनसीआर क्षेत्र में आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में आज हल्की बारिश होने का अनुमान है,दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के कई हिस्सों में पहुंच चुका है। हालांकि, उत्तर भारत के लोगों को साल की पहली मानसून बारिश के लिए जून के अंत तक का इंतजार करना होगा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार को दिल्ली में हल्की बारिश की भविष्यवाणी की है। साथ ही मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है। गुरुवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,मौसम विभाग ने अगले चार दिनों में उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। मौसम कार्यालय ने यह भी कहा कि शुक्रवार तक क्षेत्र में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो गई हैं। साथ ही मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में गंगीय पश्चिम बंगाल में गरज के साथ भारी बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान लगाया है।

 

✒️ *शुरुआती गिरावट से उबरा बाजार, सेंसेक्स 437 अंक चढ़ा, निफ्टी 16600 के पार*

सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन आज शेयर बाजार दो दिन से जारी गिरावट से उबर गया। दोनों सूचकांकों ने टूटकर शुरुआत की, लेकिन दिनभर के कारोबार के बाद अंत में हरे निशान पर बंद हुए। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 437 अंक या 0.79 फीसदी उछलकर 55,818 के स्तर पर बंद हुआ, वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 105 अंक या 0.64 फीसदी चढ़कर 16,628 के स्तर पर बंद हुआ। इससे पहले सेंसेक्स 150 अंक फिसलकर 55,230 के स्तर पर खुला था, जबकि निफ्टी 73 अंक की गिरावट के साथ 16,460 के स्तर पर खुला था। वहीं बीते कारोबारी सत्र में बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ था। बीएसई का सेंसेक्स सूचकांक 185 अंक टूटकर 55,381 के स्तर पर और एनएसई का निफ्टी सूचकांक 62 अंक फिसलकर 16,523 के स्तर पर बंद हुआ था। इस बीच डॉलर के मुकाबले रुपये में गिरावट का सिलसिला जारी है। गुरुवार को कारोबार के अंत में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 10 पैसे की गिरावट के साथ 77.60 पर बंद हुआ.

 

✒️ *अलीगढ़ के लोधा में कार ने बाइक सवार व ई रिक्‍शा को रौंदा, तीन लोग घायल, एक का जबड़ा फटा*

अलीगढ़ लोधा के देहलीगेट निवासी मनीष कुमार गुरुवार सुबह नीबरी के शमसाद के ई-रिक्शा को भाड़े पर लेकर लोधा के गांव ल्होसरा के पास खरबूज खरीदने गया था। खरबूज खरीद कर वहां से अपने घर के लिए चल दिया, वहीं खैर के गांव फतेहगढी निवासी राकेश पुत्र घमंडी लाल बाइक द्वारा अपने गांव से शहर जा रहा था और बाइक खरबूज भरे ई-रिक्शा के पीछे थी। तभी पीछे से आंधी की तरह आ रही कार ने बाइक में टक्कर मारी और बाइक सवार उछलकर कार के बोनट में लगा कार तेज गति के कारण रुक नहीं पाने के कारण आगे चल रहे ई-रिक्शा को रौंद दिया और ई-रिक्शा पलट गया सड़क पर खरबूज बिखर गए फिर कार एक खंभे से जा टकराई। इस हादसे में देहलीगेट निवासी मनीष व खैर के गांव फतेहगढ़ी निवासी राकेश गंभीर घायल हो गये। मौके पर राकेश के दांत तक उखड़ गये व जबड़ा फट गया। वहीं ई-रिक्शा चालक शमसाद चोटिल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा एवं कार और कार चालक शुभम निवासी हृदय की नगरिया थाना गोंडा को हिरासत में ले लिया।

 

✒️ *एफडीए विभाग ने भरे खाद्य पदार्थों के सेंपल*

जिलाधिकारी अलीगढ़ के आदेश एवं अपर जिलाधिकारी नगर अलीगढ के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन अलीगढ़ के सहायक आयुक्त खाद्य ग्रेड -2, सर्वेश मिश्रा के निर्देशन एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अलीगढ़ अक्षय प्रधान के नेतृत्व में तहसील कोल में देवसैनी मोड़ ,क्वार्सी पर स्थित कमल सिंह के मिष्ठान प्रतिष्ठान से खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज द्वारा दही का एक नमूना वास्ते जाॅच संग्रहित किया गया।तहसील गभाना अंतर्गत पिसवा रोड, चंडौस स्थित सीताराम मिष्ठान भंडार से खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवनाथ सिंह द्वारा बर्फी का एक नमूना वास्ते जाॅच संग्रहित किया गया तथा जीटी रोड स्थित पचपेड़ा पर गोपाल स्वीट सेंटर से सोन पपड़ी का एक नमूना वास्ते जांच संग्रहित किए गए। आयुक्त खाद्य ग्रेड 2 सर्वेश कुमार मिश्रा द्वारा बताया गया कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। संग्रहित नमूने प्रयोगशाला प्रेषित किये जा रहे हैं ।

 

✒️ *अमुवि में प्रवेश के लिए एक और मौका, विभिन्न कोर्सेज में ऐसे करें अप्लाई*

अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के विभिन्न कोर्सेस में एडमिशन लेने की इच्छा रखने वाले कैंडिडेट्स के लिए अच्छी खबर है। यहां के स्नातक (यूजी), स्नातकोत्तर (पीजी), डिप्लोमा आदि प्रोग्राम में एडमिशन के लिए आवेदन करने का एक और मौका दिया है। जो कैंडिडेट्स किसी वजह से अब तक अप्लाई न कर पाएं हों, वे अब कर सकते हैं।आवेदन के इच्छुक उम्मीदवार विश्वविद्यालय की ऑफिशियल वेबसाइट www.amucontrollerexams.com के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। एएमयू द्वारा विभिन्न पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा पूर्वनिर्धारित तिथियों पर ही आयोजित की जाएगी। एएमयू एडमिशन के लिए 04 जून 2022 तक ऑनलाइन आवदेन कर सकते हैं,एएमयू एडमिशन 2022 के लिए कैंडिडेट्स को सबसे पहले विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.amucontrollerexams.com पर विजिट करना होगा,इसके बाद एडमिशंस सेक्शन में दिए Application Forms for Admission to Various Courses, 2022-23 लिंक पर क्लिक करें।नये पेज पर पहले अपने विवरणों को भरकर साइन-अप करें और फिर अपने सम्बन्धित कोर्स के लिए अपना आवेदन फॉर्म भर पाएंगे।

 

✒️ *नशे में धुत पति बना हैवान, पत्नी को बेरहमी से. पीटा, वीडियो वायरल*

अलीगढ़ के रोरावर क्षेत्र में एक व्यक्ति ने शराब के नशे में तीन दिन पहले अपनी पत्नी को बेरहमी से डंडों से पीटा। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। महिला ने गुरुवार को एसएसपी से मामले की शिकायत करके पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। महिला का आरोप है कि पति मायके से पैसे लाने का दबाव बनाता है। न लाने पर मारपीट करता है।महेंद्र नगर निवासी रोशनी देवी की शादी रोरावर क्षेत्र के नादा वाजिदपुर में हुई थी। महिला का आरोप है कि पति कई साल से पैसे की मांग को लेकर मारपीट कर रहा है। 30 मई को पति शराब के नशे में आया और पैसे मांगे। न देने पर महिला को डंडे से बुरी तरह पीटा। अगले दिन महिला के पिता बेटी को अपने साथ ले आए। महिला ने एसएसपी से शिकायत की। एसएसपी ने थाना प्रभारी को जांच के आदेश दिए हैं। रोरावर थाना प्रभारी रूपेश कुमार वर्मा ने बताया कि मामले में आरोपित पति दीपक कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

 

✒️ *बाबरी मंडी में गली में कीचड़ होने पर लगाया विधायक के नाम पोस्टर*

अलीगढ़ बाबरी मंडी में मंदिर के आने-जाने वाले रास्ते पर कीचड़ होने पर लोगों ने गली में विधायक के नाम पर पोस्टर लगा दिया।कीचड़ से होने वाली परेशानी का निराकरण कराने की मांग की,बाबरी मंडी के लोगों ने गली में एक गत्ते का पोस्टर बनाया और उसको गली में टांग दिया है। उस पर लिखा है कि विधायक जी पिछले 40 दिनों से लगातार नाले का पानी गली में आ रहा और उसी से होकर लोग मंदिर जाने को मजबूर हैं। इसके अलावा इस पर कुछ नहीं लिखा है। विधायक का नाम भी नहीं है। मोहल्ले के लोगों ने गांधी गीरी तरीके से विरोध भी किया और व्यवस्था पर तंज भी कसा। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि नगर व पार्षद को बताने का कोई फायदा नहीं है। किसी तरह की सुनवाई नहीं होती है।

 

✒️ *नेडा शुरू करेगा ट्रेनिंग कोर्स, मिलेगा युवाओं को रोजगार*

प्रदेश सरकार द्वारा सोलर इंडस्ट्री में युवाओं को रोजगार के अधिकाधिक अवसर मुहैया कराने के लिए 6 जून से निःशुल्क सर्टिफिकेट प्रशिक्षण कोर्स शुरू किये जा रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को सोलर वल्ब, ट्यूबलाइट, लालटेन, कुकर, हीटर, पम्प, सोलर पैनल बनाने और इनकी मस्म्मत के साथ ही सोलर प्लांट लगाने व रखरखाव की बारीकियां सीखेंगे। परियोजना अधिकारी यूपीनेडा प्रवीननाथ पाण्डेय ने बताया कि हाईस्कूल उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिये प्रशिक्षण अवधि 06 दिन जबकि पॉलिटेक्निक व आईटीआई डिप्लोमाधारकों को 45 दिन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि हाई स्कूल उत्तीर्ण छात्रों के हर बैच में 30 युवाओं को शामिल किया जाएगा, जबकि पॉलिटेकिनक व आईटीआई डिप्लोमा धारकों के हर बैच में 27 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। हाईस्कूल उत्तीर्ण छात्रों के लिये कन्नौज स्थित सियर मऊ प्रशिक्षण केन्द्र में सूर्यमित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम शरू होगा जिसका पहला वैच 6 जून, दूसरा 20 जून और तीसरा 4 जुलाई से शुरू होगा। जबकि डिप्लोमा एवं आईटीआई धारकों को लखनऊ के चिनहट केन्द्र में प्रशिक्षित किया जाएगा।उन्होंने बताया कि 18 से 35 वर्ष आयु के इच्छुक अभ्यर्थी प्रशिक्षण में प्रतिभाग करने के लिये मोबाइल एवं व्हाट्सएप नम्बर 8004949089 एवं ईमेल ho_chinhat@rediffmail.com पर सम्पर्क कर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। रजिस्ट्रेशन के पश्चात अभ्यर्थी को 500 रुपये का डीडी या फिरनगद भुगतान करना होगा। पंजीकरण शुल्क प्रशिक्षण के सफलतापूर्वक पूर्ण होने के उपरांत प्रशिक्षणार्थियों को अन्तिम दिन वापस कर दिया जायेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षणार्थियों को आने-जाने का कोई भुगतान देय नहीं होगा।

 

✒️ *जल संचयन एवं संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ठ कार्य कराने वाले व्यक्ति व संस्थाओं को दिया जाएगा राज्य भूजल पुरस्कार*

सीनियर जियोफिजिस्टि शिवम द्विवेदी ने अवगत कराया है कि प्रदेश सरकार द्वारा जल संचयन एवं संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ठ कार्य करने वाले व्यक्तियों को “राज्य भूजल पुरस्कार” से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्षा जल संचयन, भूगर्भ जल संरक्षण एवं भूगर्भ जल पुर्नभरण को प्रोत्साहित करने और जन-सामान्य के मध्य जागरूकता लाये जाने के उद््देश्य से प्रत्येक जनपद से इस क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले एक व्यकित या संस्था का चयन करते हुए “राज्य भूजल पुरस्कार” प्रदान किया जाना है।उन्होंने कहा कि जनपद में वर्षा जल संचयन, भूगर्भ जल संरक्षण एवं भूगर्भ जल पुर्नभरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्ति एवं संस्था अपना पूर्ण विवरण निर्धारित प्रारूप पर प्रत्येक दशा में दिनांक 07 जून तक “कार्यालय भूगर्भ जल विभाग खण्ड-आगरा” को हार्ड कॉपी में या विभागीय ई-मेल gwdagra@gmail.com पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि वांछित सूचना ससमय संस्तुति सहित निदेशक, भूगर्भ जल विभाग उ0प्र0 लखनऊ प्रेषित की जा सके।

 

✒️ *बाढ़ सम्बन्धी सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिये जनपद में बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित*

बाढ़ समन्वय अधिकारी एवं अधिशासी अभियन्ता नरौरा खण्ड निचली गंगा नहर, अलीगढ़ ने अवगत कराया है कि प्रदेश सरकार द्वारा दिये गये निर्देशों के क्रम में विगत वर्षों की भांति वर्ष-2022 की बाढ़ अवधि 01 जून से 31 अक्टूबर तक बाढ़ सम्बन्धी सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिये नरौरा खण्ड, निचली गंगा नहर, 25 लाल डिग्गी, कार्यालय परिसर में स्थित एनेक्सी भवन में सिंचाई विभाग बाढ़ नियन्त्रण कक्ष की स्थापना कर दी गयी है, जिसका दूरभाष नम्बर 0571-2703075 है। उन्होंने बताया कि बाढ़ नियन्त्रण कक्ष को सुचारू रूप से संचालित करने के लिये सहायक अभियन्ता-द्वितीय नरौरा खण्ड निचली गंगा नहर अरूण सचदेव (9410632407) को प्रभारी अधिकारी, अवर अभियन्ता-द्वितीय नरौरा खण्ड निचली गंगा नहर जयन्त कुमार बिन्द (9456606391) को सहायक प्रभारी अधिकारी एवं खण्डीय तारबाबू जयप्रकाश (9411416871) को बाढ़ नियंत्रण कक्ष का तारबाबू नामित किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारी के निर्देशानुसार कार्य करने के लिये बाढ़ नियन्त्रण कक्ष में कर्मचारियों को ड्यूटी निर्धारित कर दी गयी है। कार्मिकों द्वारा बाढ़ सम्बन्धी समस्त सूचनायें प्राप्त कर सम्बन्धित उच्चाधिकारियों को निर्धारित प्रकिया के अनुसार समय से प्रेषित किया जाना सुनिश्चित किया जायेगा। बाढ़ नियन्त्रण कक्ष में तैनात कर्मचारियों द्वारा दूरभाष, व्यक्तिगत रूप से प्राप्त शिकायत एवं सूझावों को रजिस्टर में अंकित कर सम्बन्धित अधिकारी को तत्काल आवश्यक कार्यवाही के लिये प्रेषित किया जायेगा। उन्होंने बताया कि किसी भी कर्मचारी के आकस्मिक अवकाश अनुपस्थित होने की स्थिति में प्रभारी अधिकारी द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था रिजर्व कर्मचारियों में से की जायेगी। बाढ़ कन्ट्रोल रूम तीन पालियों में प्रातः 06 बजे से अपरान्ह 02 बजे तक, अपरान्ह 02 बजे से रात्रि 10 बजे तक एवं रात्रि 10 बजे से प्रातः 06 बजे तक संचालित रहेगा।

 

✒️ *जिले में शुरू हुआ मलेरिया रोधी माह अभियान*

स्वास्थ्य विभाग जून महीने को मलेरिया रोधी माह के रूप में मनाने जा रहा है। पूरे माह मलेरिया की रोकथाम के लिए कई गतिविधियां आयोजित होगी।विभाग ने मलेरिया विभाग के तहत टीमें बनाकर छिड़काव का काम शुरू कर दिया है। विभाग की ओर से जागरूकता अभियान की शुरुआत हो चुकी है। इसी क्रम में जून माह को मलेरिया रोधी माह के रूप में मनाने और कई तरह की गतिविधि करने की सरकार की योजना है।मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में बैठक के दौरान मलेरिया माह जून में जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. राहुल कुलश्रेष्ठ द्वारा मलेरिया रोधी टीमों को मलेरिया रोग से रोकथाम से संबंधित प्रचार-प्रसार करने के दिशा निर्देश दिए गए।जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 01 से 30 जून तक जिले में मलेरिया रोधी माह मनाया जाएगा। मलेरिया प्रभावित इलाकों मे जागरूकता अभियान चलाया जाएगा और लोगों को इस बीमारी से बचने के तरीकों की जानकारी दी जाएगी। शासन ने निर्देश दिया है कि सभी मलेरिया संभावित मरीजों की आरडीटी किट से जांच की जाए। अगर मलेरिया की पुष्टि होती है, तो तत्काल उनको इलाज उपलब्ध कराया जाए। सहायक मलेरिया अधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि मलेरिया माह के पहले दिन शहरी मलेरिया कर्मचारियों द्वारा टीमें बनाकर जिला चिकित्सालय, जिला महिला चिकित्सालय, गूलर रोड, रसल गंज, क्वारसी, कुंवर नगर व पला साहिबाबाद पर जाकर मलेरिया रोग से रोकथाम को जागरूकता अभियान चलाया गया।