June 8, 2026

परमाणु जंग का खतरा? NATO की चेतावनी पर पुतिन ने दिखाए तेवर, बलों को अलर्ट पर रहने का आदेश-

Spread the love

परमाणु जंग का खतरा? NATO की चेतावनी पर पुतिन ने दिखाए तेवर, बलों को अलर्ट पर रहने का आदेश

 

 

 

 

कीव (यूक्रेन): यूक्रेन और रूस (Ukraine & Russia Conflict) के बीच जारी सैन्य संघर्ष और तनावपूर्ण स्थिति में पहुंच रहा है. इस हमले के बाद पश्चिमी देशों के साथ टकराव बढ़ने के कारण रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) ने देश के परमाणु रोधी बलों (Nuclear Forces) को अलर्ट पर रहने का आदेश दिया है.

 

शीर्ष अधिकारियों के साथ हुई एक बैठक में पुतिन ने रविवार इस पर जोर दिया कि NATO के प्रमुख सदस्य देशों ने आक्रामक बयान दिए हैं और पश्चिमी देशों ने उन पर और रूस के खिलाफ कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगाए हैं.

 

 

पुतिन ने रूस के रक्षा मंत्री और मिलिट्री जनरल स्टाफ के प्रमुख को आदेश दिया कि परमाणु रोधी बलों को युद्ध संबंधी दायित्व के लिए तैयार रखा जाए. यूक्रेन पर अटैक से पहले ही अपने भाषण में व्लादिमीर पुतिन ने दुनिया के तमाम देशों को धमकी दी थी कि अगर उन्होंने दखल देने का प्रयास किया तो उनके पास हथियार भी हैं. पुतिन के इरादों से साफ है कि यूक्रेन में चल रही जंग परमाणु युद्ध में बदल सकता है.

पुतिन का कहना है कि किसी को कोई संदेह नहीं होना चाहिए कि हमारे देश पर सीधा हमला किसी भी संभावित हमलावर के लिए विनाशकारी परिणाम का कारण बनेगा.

 

 

 

संयुक्त राष्ट्र की संस्था भी करेगी बैठक

उधर, संयुक्त राष्ट्र की परमाणु निगरानी संस्था के 35 देशों के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स बुधवार को यूक्रेन के बारे में एक आपातकालीन बैठक करेंगे, जहां 4 मौजूदा परमाणु ऊर्जा संयंत्रों वाले देश में युद्ध छिड़ा हुआ है.

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी एजेंस ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि, IAEA बोर्ड ऑफ गवर्नर्स बुधवार को यूक्रेन में मौजूदा स्थिति पर चर्चा करने के लिए एक बैठक आयोजित करेगा.

 

यूक्रेन और रूस के बीच जारी सैन्य तनाव अपने चरम पर है. इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने दुनिया से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में रूस की मतदान शक्ति को खत्म करने का आग्रह किया और उन्होंने यूक्रेन के खिलाफ रूसी कार्रवाई को ‘नरसंहार’ बताया.

 

वहीं रूस की सरकारी मीडिया ने दावा किया है कि यूक्रेन बेलारूस में शांति वार्ता के लिए तैयार हो गया है. हालांकि इससे पहले खबरें आई थीं कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बेलारूस में शांति वार्ता के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है.