August 11, 2026

*पटना: पीएम मोदी की संकल्प रैली में बम ब्लास्ट की धमकी देने वाला गिरफ्तार*

Spread the love

बिहार : पटना में एक शख्स को पीएम नरेंद्र मोदी की आगामी रैली में बम धमाके की धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। दरअसल 3 मार्च को पीएम नरेंद्र मोदी पटना में संकल्प रैली करने वाले हैं। इसी को लेकर इस शख्स ने व्हाट्सअप ग्रुप पर बम धमाके की धमकी को लेकर एक पोस्ट शेयर किया था। सूचना के आधार पर आरोपी शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बुधवार को इस बात की जानकारी दी।

जानकारी के मुताबिक पटना के रहने वाले उदयन राय जो अपने आप को समाजसेवक बताता है उसने रविवार को गांधी मैदान में होने वाली एनडीए की रैली में बम धमाका करने की धमकी देने वाला एक मैसेज शेयर किया था। इसकी सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मंगलवार को उसे गिरफ्तार कर लिया है।

जिला पुलिस अधिकारी रामशंकर सिंह ने कहा कि राय के खिलाफ अफवाह फैलाने और धमकी देने के लिए आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश किया गया है।