November 1, 2026

यूपी : विधानसभा चुनाव में बाधा डालने वालों को चिह्नित कर कसें नकेल-

Spread the love

यूपी : विधानसभा चुनाव में बाधा डालने वालों को चिह्नित कर कसें नकेल

 

 

@ जिला निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव तैयारियों की समीक्षा

 

 

वाराणसी। जिला निर्वाचन अधिकारी कौशल राज शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान प्रक्रिया में व्यवधान पैदा करने वाले कारकों को चिह्नित कर तत्काल नकेल कसने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाए। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

 

जिला निर्वाचन अधिकारी शुक्रवार को कैंप कार्यालय पर विधानसभा चुनाव की अब तक तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष व सकुशल कराने के लिए तैनात प्रभारी अधिकारियों को वल्नरेबल तथा क्रिटिकल बूथों को चिह्नित करने का निर्देश दिया। कहा कि इस तरह के बूथ चिह्नित के दौरान धार्मिक राजनीतिक, सांप्रदायिक तनाव, व्यक्तिगत व जाति रंजिश, बाहुबल के प्रभाव आदि बिंदुओं को ध्यान में रखें। वल्नरेबल बूथ तय करने के दौरान कारण स्पष्ट होने चाहिए। किसी सीधे-साधे व्यक्ति को दबंग बताकर कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। विधानसभा प्रभारियों संग बैठक कर तथा विधायक अथवा पूर्व विधायक से जानकारी अवश्य कर ली जाय। आबादी के बीच वाले मतदान केंद्रों पर किसी विशेष व्यक्ति अथवा जाति के प्रभाव से अन्य जाति के लोग वोट न डाल पाते हो, ऐसे स्थानों को चिह्नित कर लिया जाए। इसके बाद कार्रवाई कर बूथों को सामान्य की श्रेणी में लाया जाए। बैठक में एसपी ग्रामीण अमित वर्मा, एडीएम सिटी, प्रशासन, सभी एसडीएम तथा सभी थानाध्यक्ष सहित सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

फ्लाइंग स्क्वाड शुरू करें कार्रवाई

 

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि फ्लाइंग स्क्वाड की टीम अलर्ट मूड में आ जाएं। चुनाव में पैसा बांटने वाले, शराब परोसने वाले, गलत पर्ची वितरण करने वाले लोगों व क्षेत्र को चिह्नित कर कार्रवाई शुरू करें। ताकि सकुशल चुनाव की राह में ऐसे लोग रोड़ा न बनने पाएं। स्टैटिक सर्विलांस टीम के लिए थानावार स्थान चिह्नित कर लिया जाय। बैरियर लगाने के लिए सीमाओं को पहले से चिहंकन कर लिया जाए।

 

 

 

क्यूआरटी टीमें संवेदनशील बूथों का करेंगी चक्रमण

 

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि क्यूआरटी की तीन-तीन टीमें तैनात होंगी। ये टीमें सेक्टर और जोनल वार संवेदनशील बूथों का चक्रमण करेंगी। कहा कि अधिकारी नेटवर्क सिग्नल विहीन बूथों की पहचान कर लें। साथ ही चुनावी रैलियों व हेलीपैड के लिए बड़े मैदान की पहचान कर लें। फोर्स के ठहरने के लिए उचित स्थलों को चिह्नित कर लिया जाय। 31 दिसम्बर के बाद से अवैध शराब बनाने वाले स्थानों पर छापा मारने तथा गुंडा एक्ट की कार्यवाही प्रारंभ कर दी जाय। इससे पूर्व 107/16 की कार्रवाई करने के नाम चिह्नित कर लें। किसी भी हाल में दिव्यांग, महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों पर 107/16 की कार्रवाई न की जाए।

 

 

असलहों की दुकानों की मजिस्ट्रेट करेंगे जांच

 

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जिले की सभी आर्म्स दुकानों की जांच मजिस्ट्रेट करेंगे। साथ ही साप्ताहिक इसकी इसकी सूचना भी उपलब्ध कराएंगे।

 

असलहा जमा करने से छूट को 28 तक कर सकेंगे आवेदन

 

जिला निर्वाचन अधिकारी ने थानेवार असलहों की संख्या की सूचना संकलित करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही यह भी कहा कि असलहा पटल इनकी संख्या का मिलान भी करा लें। कम से कम से कम 60 फीसद असलहे जमा कराएं जाएं। चुनाव के दौरान असलहा जमा करने से छूट प्राप्त करने के लिए लोग 28 दिसंबर तक संबंधित थाने में आवेदन कर सकते हैं।