May 6, 2026

उत्तर प्रदेश की अब तक की अहम खबरें –

Spread the love

✒️ *ओमिक्रॉन को लेकर केंद्र सरकार ने कही यह बात मुख्य बातें*

केंद्र सरकार ने कहा है कि कोरोना वायरस का ओमिक्रॉन स्वरूप डेल्टा से तीन गुना ज्यादा संक्रामक है, लिहाजा राज्य त्वरित फैसला लेते हुए रात्रि कर्फ्यू और कंटेनमेंट जोन बनाने जैसे जरूरी उपायों के लिए अलर्ट रहें। बीते 18 दिन में यह संख्या 100 गुना तक बढ़ गई। हालांकि, राहत की बात यह है कि किसी मरीज को आईसीयू में नहीं जाना पड़ा।केंद्र सरकार ने राज्यों को लिए ओमिक्रॉन के लिए वार रूम तैयार करने का निर्देश दिया है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने राज्यों के मुख्य सचिवों को पत्र लिखा है कि ओमिक्रॉन वायरस तेजी से फैलने में सक्षम है। साप्ताहिक संक्रमण दर 10 फीसदी से अधिक होने या आईसीयू के बेड 40 फीसदी से अधिक भर जाएं, तो जिला या स्थानीय स्तर पर रात्रि कर्फ्यू या कंटेनमेंट जोन बनाने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं।केंद्र सरकार ने कोरोना के ओमिक्रॉन स्वरूप के बढ़ते मामलों को लेकर राज्यों को सतर्क किया है।स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने मुख्य सचिवों को लिखा है कि डेल्टा के अलावा ओमिक्रॉन देश के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंच गया है। इसे काबू करने के लिए सख्ती से राज्य व केंद्रशासित प्रदेशों को आगे आना होगा। सख्त कदम उठाने होंगे। उन्हें टेस्ट, ट्रैक व सर्विलांस के साथ कंटेनमेंट जोन की नीति अपनानी होगी।

 

 

✒️ *ओमिक्रोन एलर्ट:देश में तेजी से बढ़ रहे ओमिक्रोन के मामले, देश में 225 मामले, महाराष्ट्र-दिल्ली में सबसे ज्यादा केस*

नए साल के आगमन के साथ ही कोरोना वायरस का नया वैरिएंट ओमिक्रॉन डराने लगा है। इसके लगातार बढ़ते आंकड़ों ने कई राज्यों को पाबंदी लगाने पर मजबूर कर दिया है। लोगों की तरफ से लगातार लापरवाही देश केंद्र सरकार ने राज्यों को पत्र लिखकर सख्त कदम उठाने को कहा है। देश में अब भी कोरोना वायरस के रोजाना करीब 6-7 हजार मामले सामने आ रहे हैं, यानी खतरा बरकरार है। इनमें से कुछ मामले ओमिक्रॉन के भी हैं। रोजाना किसी न किसी राज्य से ओमिक्रॉन के मामले मिल रहे हैं। कुछ ही दिनों में देश में ओमिक्रॉन का आंकड़ा 225 तक पहुंच गया है। सबसे अधिक मामले महाराष्ट्र और दिल्ली में सामने आए हैं।

 

✒️ *सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव और बेटी कोरोना पॉजिटिव, बुखार के बाद कराया था टेस्ट*

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव और उनकी बेटी कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। डिंपल यादव और उनकी बेटी ने खुद को घर पर ही आइसोलेट कर लिया है और घर से ही इलाज जारी है। उन्होंने संपर्क में आने वाले लोगों से कोरोना जांच कराने की अपील की है। यह भी कहा है कि ऐसे लोग आइसोलेसन में रहे। डिप्टी सीएमओ डॉ मिलिंद वर्धन ने भी डिंपल यादव और उनकी बेटी के कोरोना पाजिटिव होने की पुष्टि की है।डिंपल यादव ने ट्वीट कर भी यह जानकारी साझा की है। उन्होंने लिखा ‘मैंने कोविड टेस्ट कराया जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव है। मैं पूरी तरह से वैक्सिनेटेड हूं और कोई भी लक्षण अभी दिखाई नहीं दे रहे हैं। अपनी और दूसरों की सुरक्षा की दृष्टि से मैंने खुद को अलग कर लिया है। हाल फिलहाल मुझसे मिलने वाले सभी लोगों से अनुरोध है कि वे अपना टेस्ट जल्द कराएं।डिप्टी सीएमओ डॉ मिलिंद वर्धन ने बताया कि बुखार आने पर बेटी का कल टेस्ट हुआ था, जिसमें उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, उसके बाद कांटेक्ट ट्रेसिंग के आधार पर डिम्पल यादव का सैम्पल लिया गया आज उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। स्टाफ के सैंपल भी लिए जाएंगे। डिप्टी सीएमओ डॉ वर्धन ने कोरोना मरीजों के नाम सार्वजनिक न किए जाने की अपील की है। यूपी में पिछले 5 दिनों के भीतर 128 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।

 

✒️ *भाजपा नेताओं में जमीन को लेकर हुआ विवाद,हुई फायरिंग,भाजपा नेता सहित दो घायल*

अलीगढ़ के बन्नादेवी थाना इलाके में टाइगर लॉक के पास जमीन के विवाद को लेकर हुई फायरिंग में भाजपा नेता सहित दो लोग घायल हो गये। गंभीर हालत में भाजपा नेता महेंद्र प्रताप सिंह उर्फ पिंका ठाकुर को क्वार्सी के अस्पताल में भर्ती किया गया है।भाजपा नेता की गंभीर हालात के चलते परिजन भाजपा नेता को दिल्ली के अस्पताल में ले गए है। पुलिस फायरिंग की वजह जानने में जुटी हुई है। दूसरे पक्ष से भाजपा नेता लालजी सिंह वर्मा के पुत्र को गोली लगी है। घटना को लेकर लाल जी सिंह वर्मा के पक्ष के लोगो ने थाना बन्नादेवी पहुँचे। खबर लिखे जाने तक घटना के मामले में पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है। भाजपा नेता लाल जी सिंह वर्मा के पुत्र एडवोकेट राजीव से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी को लेकर महेंद्र प्रताप सिंह उर्फ पिंका ठाकुर से आज शाम को विवाद बढ़ गया। बताया जा रहा है कि भाजपा नेता लाल जी सिंह वर्मा के पुत्र राजीव , महेंद्र प्रताप के आवास पर प्रापर्टी के विवाद को लेकर बात करने आये थे. इसी दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। जिस पर कई राउंड फायरिंग हो गई। जिसमें पूर्व जिला पंचायत सदस्य महेंद्र प्रताप को गोली लग गई।वही दूसरे पक्ष के एडवोकेट राजीव को भी गोली लग गयी है। राजीव के पिता लालजी सिंह वर्मा ने फेसबुक पर घटना को लेकर मुख्यमंत्री योगी को संबोधित करते हुए कहा है कि लोग जमीनों पर कब्जा कर रहे है और स्थिति बिगड़ सकती है। पुलिस हर पहलू पर जांच में जुटी हुई है।

 

✒️ *मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में महत्वपूर्ण बैठक में लिए कई निर्णय, अफसरों को दिए ये निर्देश*

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उच्चस्तरीय बैठक में कई निर्णय लिए और आला अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। कोविड से बचाव के लिए ट्रेसिंग, टेस्टिंग, ट्रीटमेंट और टीकाकरण की नीति के सही क्रियान्वयन से प्रदेश में फिलहाल स्थिति नियंत्रित है,लेकिन इस वक्त थोड़ी सी लापरवाही भारी पड़ सकती है। उन्होंने निर्देश दिया कि भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुरूप नए कोरोना के नए वैरिएंट की रोकथाम के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएं।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि बीते 24 घंटों में एक लाख 84 हजार 494 सैम्पल की जांच में कुल 21 कोरोना वायरस से संक्रमितों की पुष्टि हुई है। इसी अवधि में 14 लोग उपचारित होकर कोरोना मुक्त भी हुए। आज प्रदेश में कुल एक्टिव कोविड केस की संख्या 216 है, जबकि 16 लाख 87 हजार 633 मरीज कोरोना को मात दे चुके हैं। 18 करोड़ 88 लाख से अधिक कोविड टीकाकरण और नौ करोड़ 12 लाख से अधिक टेस्टिंग करके उत्तर प्रदेश टेस्टिंग और टीकाकरण देश में प्रथम स्थान पर है। यहां छह करोड़ 56 लाख 60 हजार से अधिक लोगों को टीके की दोनों डोज देकर कोविड का सुरक्षा कवर प्रदान कर दिया गया है। 12 करोड़ 31 लाख लोगों ने टीके की पहली डोज प्राप्त कर ली है।

 

✒️ *दिल्ली में क्रिसमस, नए साल पर जश्न के लिए दिशा-निर्देश, समारोहों पर रोक*

दिल्ली में कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वैरिएंट के बढ़ते मामलों के बीच क्रिसमस और नए साल के लिए दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। डीडीएमए ने सभी प्रकार के समारोहों पर कुछ प्रतिबंध लगाए हैं। इसके अलावा 50 प्रतिशत क्षमता के साथ सम्मेलन करने की मंजूरी दे दी है।डीडीएमए ने निर्देश दिए हैं कि सभी डीएम और पुलिस उपायुक्त सुनिश्चित करें कि दिल्ली में क्रिसमस और नए साल के मौके पर उनके क्षेत्र में कोई सांस्कृतिक कार्यक्रम, जमावड़ा, समारोह ना हो। शादी और अन्य समारोहों पर 200 लोगों की अनुमति दी गई है।

 

✒️ *माता वैष्णो देवी की ट्रेन रद:कटड़ा वंदे भारत, जम्मू राजधानी समेत 40 ट्रेनें बृहस्पतिवार को रहेंगी रद, माता वैष्णो देवी गए श्रद्धालु फंसे*

पंजाब में ट्रैक पर किसान संगठनों के धरना-प्रदर्शन की वजह से तीसरे दिन भी ट्रेनों की आवाजाही बाधित रही। पंजाब और जम्मू की ओर जाने वाली 50 के करीब ट्रेनें रद रहीं। बृहस्पतिवार को भी वंदे भारत, जम्मू राजधानी एक्सप्रेस, श्री शक्ति एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें रद करने की घोषणा की गई है। बताया जा रहा है कि करीब 40 ट्रेनों को रद किया गया है। इससे यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। माता वैष्णो देवी के दर्शन को गए श्रद्धालु जम्मू व कटड़ा में फंसे हुए हैं। इसी तरह से दिल्ली से पंजाब व जम्मू जाने वाले यात्री ट्रेन रद होने से परेशान हैं। रेल प्रशासन प्रदर्शनकारियों के आगे विवश है।कटड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस, राजधानी एक्सप्रेस, श्री शक्ति एक्सप्रेस, उत्तर संपर्क क्रांति, शान-ए-पंजाब एक्सप्रेस, जम्मू मेल, पुणे-जम्मूतवी झेलम एक्सप्रेस, बांद्रा टर्मिनल-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा स्वराज एक्सप्रेस, ऊधमपुर-कोटा एक्सप्रेस, नई दिल्ली-अमृतसर एक्सप्रेस, ऊधमपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला एसी एक्सप्रेस।बता दें कि इससे पहले सोमवार और मंगलवार को भी कई ट्रेनें कैसिंल कर दी गई थी। इससे हजारों लोगों की परेशानी बढ़ गई है। माता वैष्णो देवी गए सैकड़ों श्रद्धालु भी कटड़ा में फंस गए हैं। वहीं पंजाब और हरियाणा जाने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

 

✒️ *यूपी टीईटी की परीक्षा:23 जनवरी 2022 को आयोजित होगी यूपी टीईटी की परीक्षा, नोटिफिकेशन जारी*

यूपीटीईटी परीक्षा का आयोजन 23 जनवरी 2022 को किया जाएगा। इसी के साथ दिसंबर में उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा कराने की अटकलें भी समाप्त हो चुकी हैं। पेपर लीक के कारण 28 नवंबर को यूपीटीईटी परीक्षा स्थगित कर दी गई थी। सरकार ने एक महीने में परीक्षा कराने की बात कही थी। प्रथम पाली में सुबह 10:00 से 12:30 के बीच प्राथमिक स्तर की होगी परीक्षा। दोपहर 2:30 से 5:00 बजे पाली में उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षाा होगी।आपको बता दें कि पेपर लीक होने के चलते यूपीटीईटी परीक्षा निरस्त कर दी गई थी। टीईटी प्राथमिक स्तर की परीक्षा के लिए 13.52 लाख और टीईटी उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा के लिए 8.93 लाख अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।यूपीटीईटी से जुड़ी एक अहम अपडेट यह भी है कि इसके एडमिट कार्ड फिर से जारी होंगे। अभ्यर्थियों को नए एडमिट कार्ड डाउनलोड करने होंगे। पुराने से उन्हें एग्जाम सेंटर में एंट्री नहीं दी जाएगी। इतना ही नहीं, सूत्रों के अनुसार कुछ जिलों में परीक्षा केंद्र भी बदलने की तैयारी है।

 

✒️ *अलीगढ़ बार एसोसिएशन के चुनाव में रिकार्ड हुआ 96 फीसद मतदान*

अलीगढ़ दि सिविल बार एसोसिएशन के आठ पदों के लिए आज कलक्ट्रेट परिसर कार्यालय में शांतिपूर्ण तरीके से रिकार्ड मतदान हुआ। कुल मतदाताओं में से 96 फीसद ने वोट डाला। वहीं देर शाम मतपेटिकाओं को सील कर दिया गया। सुरक्षा के लिहाज से यहां पुलिस तैनात की गई है। गुरुवार को मतों की गिनती होगी। देर शाम तक नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे।दि अलीगढ़ बार एसोसिएशन के चुनाव के महासचिव संजय पाठक ने बताया कि कलक्ट्रेट परिसर कार्यालय में सुबह साढ़े आठ बजे से मतदान शुरू हुआ। दीवानी कचहरी से आकर अधिवक्ताओं ने वोट डाले। 2099 पंजीकृत अधिवक्ताओं में से 2032 अधिवक्ताओं ने मत का इस्तेमाल किया। संजय पाठक ने बताया कि गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे से मतों की गिनती शुरू होगी।50-50 के बक्सों की करीब 41 राउंड में गिनती होगी। ऐसे में शाम तक परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। इस बार अध्यक्ष पद पर संतोष कुमार वशिष्ठ, रनवीर सिंह, जगदीश सारस्वत, कैलाश बाबू गुप्ता व चौधरी लक्ष्मण सिंह मैदान में हैं। जबकि महासचिव पद पर उमेश कुमार सिंह, देवेंद्र पाल सिंह, अनूप कौशिक व हरेंद्र सिंह चौहान दावेदार हैं। इसी तरह वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर संजीव कुमार शर्मा, जवाहर लाल व संजय कुमार सहगल, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर चेतन कुमार सिंह व हरिओम शर्मा, कोषाध्यक्ष पद पर प्रमोद गौड़, प्रियदर्शन शर्मा व कौशल कुमार उम्मीदवार हैं। इनके अलावा संयुक्त सचिव प्रशासन पद पर देव प्रकाश, गिरीश गौड़ व चौधरी तेजवीर सिंह, संयुक्त सचिव प्रकाशन पद पर रामवीर सिंह, अनमोल पाराशर व मनोज कुमार, संयुक्त सचिव पुस्तकालय पद पर लक्ष्मी यादव व राजकुमार शर्मा प्रत्याशी हैं। इस बार शिशुपाल सिंह यादव को निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है। मतदान के दौरान कलक्ट्रेट परिसर में पूरे दिन गहमागहमी रही।

 

✒️ *रेलवे ने 21 माह बाद एमएसटी धारकों को दी बड़ी राहत, आज से अनारक्षित ट्रेनों में कर सकेंगे सफर*

करीब 21 महीने के बाद उत्तर रेलवे ने दैनिक यात्रियों को अनारक्षित श्रेणी वाली एक्सप्रेस ट्रेनों में सफर करने की अनुमति दे दी है। अब वह उन ट्रेनों में सफर कर सकेंगे, जिनमें केवल अनारक्षित श्रेणी वाली बोगियां होंगी। हालांकि, पुष्पक एक्सप्रेस जैसी आरक्षित श्रेणी वाली ट्रेनों में एमएसटी से सफर करने की अनुमति नहीं मिलेगी। इसका आदेश मंगलवार को रेलवे बोर्ड ने जारी कर दिया।रेलवे ने कोविड-19 से पूर्व की व्यवस्था को बहाल करते हुए पैसेंजर ट्रेनों, इंटरसिटी और केवल साधारण बोगियों वाली एक्सप्रेस ट्रेनों में मासिक सीजन टिकट की यात्रा को अनुमति प्रदान की है। पिछले साल मार्च में कोरोना के कारण लगाए गए संपूर्ण लाकडाउन के बाद से दैनिक यात्रियों की यात्रा पर रोक लगा दी गई थी। उत्तर रेलवे के लखनऊ, मुरादाबाद, दिल्ली, अंबाला और फिरोजपुर रेल मंडल की अनारक्षित एक्सप्रेस ट्रेनों में तत्काल प्रभाव से एमएसटी से यात्रा के आदेश दिए गए हैं। इस आदेश से करीब 40 हजार दैनिक यात्रियों को राहत मिलेगी।

 

✒️ *इंडियन प्रीमियर लीग-2022 मेगा नीलामी: नीलामी के लिए तारीखों का हुआ खुलासा, फरवरी में इस दिन लग सकती है खिलाड़ियों की बोली*

इंडियन प्रीमियर लीग के नए सीजन को लेकर हर कोई उत्साहित है। आईपीएल 2022 से लीग में दो नई टीमें शामिल हो जाएंगी और टीमों की संख्या भी बढ़कर 10 हो जाएगी। यही नहीं नए सीजन के लिए बड़े स्तर पर खिलाड़ियों की नीलामी होगी जिसमें दुनियाभर के कई स्टार क्रिकेटर भी शामिल होंगे।समाचार एजेंसी पीटीआई बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से बताया कि इंडियन प्रीमियर लीग के मेगा ऑक्शन का आयोजन सात और आठ फरवरी को बंगलुरू में होगा। यह आईपीएल की आखिरी मेगा नीलामी हो सकती है क्योंकि अधिकांश मूल आईपीएल टीमें अब इसे बंद करना चाहती हैं।बोर्ड के एक अधिकारी ने कहा, ‘कोरोना महामारी के कारण स्थिति खराब नहीं होने की दशा में आईपीएल 2022 की नीलामी भारत में होगी। दो दिवसीय नीलामी सात और आठ फरवरी को बंगलुरू में होगी, जिसके लिए तेजी से तैयारियां चल रही हैं।’कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वेरिएंट के मामले बढ़ने की दशा में विदेश यात्रा को लेकर प्रतिबंध हो सकते हैं जिससे भारत में इसे कराना आसान होगा।आईपीएल के अगले सत्र से लीग में शामिल होने वाली लखनऊ और अहमदाबाद की नई टीमों के पास ड्राफ्ट में से चुने गए तीन खिलाड़ियों का ऐलान करने के लिए क्रिसमस तक का समय है। बीसीसीआई उन्हें अतिरिक्त समय दे सकता है क्योंकि सीवीसी को अभी मंजूरी मिलना बाकी है।अधिकांश टीमों का मानना है कि हर तीन साल में नीलामी होने पर टीम संयोजन बिगड़ जाता है। दिल्ली कैपिटल्स के सह मालिक पार्थ जिंदल ने कहा था कि टीम बनाने में इतनी मेहनत करने के बाद खिलाड़ियों को फारिग करना काफी कठिन होता है।

 

✒️ *शेयर बाजार में उछाल, सेंसेक्स 611 अंक बढ़कर 56,930 के स्तर पर हुआ बंद*

शेयर बाजार में आज का दिन राहत भरा रहा और यह हरे निशान पर बंद हुआ। सेंसेक्स 611 अंक बढ़कर 56,930 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी ने 16,955 के स्तर को छुआ। आज कारोबार के दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईसीआईसीआई बैंक और एलएंडटी के शेयरों में बढ़त दर्ज की गई। सेंसेक्स 611 अंका यानि 1.09 फीसदी बढ़कर 56930 पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 184 अंकों का उछाल आया और यह 16,955 पर बंद हुआ।बजाज फाइनेंस ने सबसे अधिक तीन फीसदी उछाल दर्ज किया, इसके अलावा भारती एयरटेल, सन फार्मा, और एसबीआई ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। वहीं, विप्रो, आईटीसी और नेस्ले इंडिया के शेयरों में गिरावट आई। जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के रिसर्च प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि वैश्विक बाजार में सकारात्मक रिबाउंड के बीच घरेलू बाजार बढ़ रहा है। रिबाउंड व्यापक था, जबकि मिड और स्मॉल कैप ने बेहतर प्रदर्शन किया।

 

✒️ *अलीगढ़ के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष 10 माह बाद बुलंदशहर जेल से हुए रिहा*

अलीगढ़ के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तेजवीर सिंह गुड्डू बुलंदशहर जेल में बंद आज 10 महीने बाद रिहा हो गए। सिविल लाइंस पुलिस ने तीन फरवरी को तेजवीर सिंह गुड्डू को गिरफ्तार करके जेल भेजा था।तेजवीर सिंह गुड्डू पर गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई की गई थी, जिसमें हाईकोर्ट से जमानत मंजूर हुई है। छह दिन से पुलिस वेरीफिकेशन की प्रक्रिया चल रही थी। वेरीफिकेशन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जेल से रिहा किया गया है।आज वो घर आ गए हैं।10 जनवरी को मडराक में शहर के एक प्रमुख उद्योगपति पर हमले के बाद से पूर्व जिपं अध्यक्ष तेजवीर सिंह गुड्डू की मुश्किलें बढ़ गई थीं। पुलिस ने उनके बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। बेटे की जमानत के सिलसिले में तेजवीर सिंह गुड्डू दीवानी न्यायालय आए थे। तभी लौटते वक्त तीन फरवरी की दोपहर सिविल लाइन पुलिस ने तेजवीर सिंह गुड्डू को गिरफ्तार कर लिया था। तेजवीर सिंह गुड्डू पर नौ मई 2019 को सिविल लाइन थाने में जमीनी धोखाधड़ी के दो मुकदमे दर्ज हुए थे। वहीं गुड्डू पर गैंगस्टर का तीसरा मुकदमा दर्ज किया गया था। इससे एक दिन पहले ही पुलिस ने तेजवीर सिंह गुड्डू व उसके दोनों बेटों के खिलाफ गैंगस्टर में कार्रवाई की थी। तेजवीर सिंह गुड्डू को शुरुआत में खैर रोड स्थित अस्थायी जेल में रखा गया। आठ फरवरी की रात अस्थायी जेल से मुख्य कारागार में लाया गया, जहां से नौ फरवरी को प्रशासनिक आधार पर बुलंदशहर की जेल में शिफ्ट कर दिया गया। मुकदमे की पैरवी कर रहे अधिवक्ता प्रताप सिंह राघव ने बताया कि धोखाधड़ी के दो मुकदमों में पहले ही जमानत मंजूर हो गई थी। गैंगस्टर के मुकदमे में हाईकोर्ट में अपील दायर की गई थी, जो स्वीकार हो गई थी। मंगलवार को तेजवीर सिंह गुड्डू की रिहाई हो गई है।

 

✒️ *भारत ने पाकिस्तान को लगातार दूसरी बार हराया, 4-3 से जीता मैच, एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में मिला कांस्य*

एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में जापान से मिली अप्रत्याशित हार के बाद भारतीय टीम ने आज पाकिस्तान के खिलाफ कांस्य पदक के मुकाबले में जबरदस्त वापसी की। टीम इंडिया ने पाकिस्तान को तीसरे स्थान के लिए हुए मैच में 4-3 से हराया।भारत का यह एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में ओवरऑल पांंचवां पदक और पहला कांस्य पदक है। इस ब्रॉन्ज से पहले भारत तीन स्वर्ण और एक रजत पदक जीत चुका है। 2011, 2016 और 2018 में टीम ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।

 

✒️ *अलीगढ़ का सबसे बड़ा औद्योगिक क्षेत्र यूपीएसआईसी करेगा विकसित*

अलीगढ़ गभाना तहसील के ख्यामई में विकसित होने वाले सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र का निर्माण उप्र लघु उद्योग निगम ( यूपीएसआईसी) करेगी। शासन ने यूपीएसआईसी के नाम पर फाइनल मुहर लगा दी है। तीन एजेंसियों का नाम शासन को भेजा गया था, जिसमें यूपीएसआईसी का नाम फाइनल हुआ है। ख्यामई में 48 हेक्टेयर में विकसित होने वाले नए औद्योगिक क्षेत्र के लिए मिक्स यूनिटों की स्थापना को करीब 3300 करोड़ रुपये का निवेश एडवांश में प्राप्त हो चुका है।अलीगढ़ की गभाना तहसील के ख्यामई में 48 हेक्टेयर सरकारी जमीन उद्योग विभाग के नाम अगस्त माह में की गई थी। 14 सितंबर 2021 को राजामहेंद्र प्रताप सिंह स्टेट यूनिवर्सिटी के साथ प्रधानमंत्री के हाथों नए औद्योगिक क्षेत्र का शिलान्यास भी कराया जाना था, लेकिन उस समय तक निर्माण एजेंसी का नाम फाइनल नहीं था। लेकिन अब शासन ने इसका नाम फाइनल कर दिया है। अलीगढ़ मंडल का सबसे आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र गभाना में बसाने की तैयारी है। लखनऊ की एक निजी एजेंसी ने इसकी डीपीआर तैयार की है, जिसमें एमएसएमई इकाईयों, मॉल, आवास, एसटीपी प्लांट व ग्रीनरी को शामिल किया गया है। 48 हेक्टेयर जमीन पर तीन श्रेणियों में उद्योगों को जमीन आवंटित की जाएगी। इसमें डिस्टलरी को भी जगह दी जाएगी।

 

✒️ *अलीगढ़ के डीएस कालेज में सीट से ज्यादा दाखिले, छात्रों ने प्राचार्य कार्यालय घेरा*

डीएस डिग्री कालेज में स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया के दौरान उपलब्ध सीटों से ज्यादा विद्यार्थियों को प्रवेश दिए गए। प्रवेश प्रक्रिया में धांधली के आरोप लगाते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कालेज में प्राचार्य कक्ष का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया। प्राचार्य व चीफ प्राक्टर के साथ विद्यार्थियों की नोकझोंक भी हुई। करीब दो घंटे तक प्राचार्य कार्यालय का घेराव विद्यार्थियों ने किया। अब प्रवेश समिति प्रकरण की जांच करेगी।डीएस में प्रवेश प्रक्रिया के तहत उपलब्ध सीटों पर प्रवेश दिए गए। डा. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा की ओर से 33 प्रतिशत सीटों की बढ़ोतरी बाद में की गई। अब बढ़ोतरी के बाद जितनी सीटें होनी चाहिए उतनी दर्शायी नहीं जा रही हैं। विद्यार्थियों को बताया जा रहा है कि पहले प्रवेश हो चुके हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि जब सीमित सीट थीं तो उससे अधिक विद्यार्थियों को प्रवेश कैसे दे दिया गया? इसीलिए सीट बढ़ोतरी होने पर विद्यार्थियों को उतनी सीट नहीं मिल रहीं जितनी मिलनी चाहिए। इसकी शिकायत छात्र-छात्राओं ने एबीवीपी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से की। इस पर एबीवीपी के प्रांत मंत्री बलदेव चौधरी सीटू के नेतृत्व में कार्यकर्ता कालेज पहुंचे। सीटू ने बताया कि प्राचार्य से मांग की गई है कि पूर्व में प्रवेशित अतिरिक्त छात्रों की सूची चस्पा व कालेज की वेबसाइट पर अपलोड की जाए। संवैधानिक तौर पर जो आरक्षण प्रवेश में देना चाहिए वो भी नहीं दिया गया। जब तक मांग नहीं मानी जाएगी आंदोलन जारी रहेगा। कहा कि डीएस कालेज में हर साल प्रवेश में इसी तरह गड़बड़ी की जाती है। मनमाने तरीके से प्रवेश दिए जाते हैं। मेहनत करने वाले बाहर रहते हैं और सिफारिश वाले प्रवेश पा जाते हैं। इस दौरान प्रांत सह छात्रा प्रमुख शिवानी पचौरी, जय यादव, विभाग संयोजक तनिष्क प्रताप सिंह, विभाग संगठन मंत्री अतुल भारद्वाज, करन आर्य, महानगर मंत्री अंकुर शर्मा, महानगर सहमंत्री सागर मौर्य, जतिन वाष्र्णेय, महानगर विस्तारक आकाश राठौर, चारू, अंजलि, आरोही, निखिल, गौरव, उमेश, सचिन, शिवांगी चौधरी, पूनम, ज्योति सारस्वत आदि मौजूद रहे।

 

✒️ *अलीगढ़ शमशाद मार्केट से हंगामे और विरोध के बीच हटा अतिक्रमण,25 हजारका लगा जुर्माना*

अलीगढ़ नगर निगम ने बुधवार को शमशाद मार्केट से लेकर केला नगर तक अतिक्रमण हटवाया। नगर निगम ने अलग-अलग मामलों में 25 हजार रुपये जुर्माना वसूल किया।शहर की जल निकासी, यातायात व्यवस्था और नगरीय पथ विक्रेताओं को व्यवस्थित करने के लिए नगर आयुक्त गौरांग राठी के निर्देश पर बुधवार को सहायक नगर आयुक्त ठाकुर प्रसाद सिंह के नेतृत्व में शमशाद मार्केट चौराहे से केला तक अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई करते हुए 25000 का जुर्माना वसूला गया। दुकानदारों ने कई जगह विरोध भी किया। नगर आयुक्त गौरांग राठी ने कहा कि यातायात व्यवस्था को बाधित, सड़क पर अतिक्रमण और जल निकासी को प्रभावित करने वाले लोगों को चिन्हित कर लिया गया है। अभियान से पूर्व ऐसे लोगों की वीडियोग्राफी/फोटोग्राफी कराई जा रही है। आगामी सोमवार को नगर निगम शमशाद मार्केट चौराहे से अनूपशहर रोड अभियान चलाएगा।

 

✒️ *विकास भवन जल्द ही होगा आईएसओ प्रमाणित*

विकास भवन जल्द ही आईएसओ प्रमाणित होगा। इसके लिए डीएम के दिशा-निर्देशन एवं सीडीओ अंकित खण्डेलवाल के नेतृत्व में तैयारियां शुरू हो गयी हैं। विकास भवन को आईएसओ प्रमाणित करने के लिए एक निजी कंपनी को जिम्मेदारी सौंपी गयी है। मामले में सीडीओ ने बुधवार को अपने कार्यालय कक्ष में सभी कार्यालयाध्यक्षों को निर्देशित किया है। कहा कि वह 07 दिनों में कंपनी द्वारा बताए गये मानक के अनुसार कार्यालय की व्यवस्था, साज-सज्जा करें। साथ ही बैठक में साफसफाई, अधिकारियों की नाम पट्टिका व विजली की तारों आदि को सुव्यवस्थित करने पर जोर दिया।

 

✒️ *स्वास्थ्य केन्द्रों पर मनाया गया खुशहाल परिवार दिवस*

स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सा स्वास्थ्य इकाईयों पर बुधवार को खुशहाल परिवार दिवस का आयोजन किया गया साथ ही  परिवार नियोजन के साधनों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।अलीगढ़ जिले के सभी चिकित्सा स्वास्थ्य केंद्रों पर बुधवार को खुशहाल परिवार दिवस मनाया गया। जिला महिला चिकित्सालय में  खुशहाल परिवार दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दंपती को परिवार नियोजन के लाभ और विभिन्न तरीकों के बारे में जानकारी दी गई।  छोटे परिवार के बड़े फायदे के बारे में भी बताया गया।अभियान के दौरान सभी चिकित्सा स्वास्थ्य इकाइयों पर 336 आईयूसीडी, 85 पीपीआईयूसीडी, 871 छाया, 1382 माला-एन, 340 अंतरा इंजेक्शन व 7836 निरोध भी  वितरित किए गए और इसके साथ ही 02 पुरुष नसबंदी 02 एवं 91 महिला नसबंदी की गई ।

सीएमओ डॉ. आनन्द उपाध्याय ने कहा कि खुशहाल परिवार दिवस एक अनूठी पहल में भी आशा कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण भूमिका रही है।एसीएमओ व अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. खान चंद ने बताया कि सभी आशा गृह भ्रमण के दौरान नव विवाहित व लक्षित समूह के उन दंपत्ति को चिन्हित किया है, जो परिवार नियोजन के किसी साधन को नहीं अपना रहे हैं। जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) एमपी सिंह ने बताया कि जिले में खुशहाल परिवार दिवस पर पुरुष नसबंदी पखबाड़े व परिवार नियोजन को अपनाने के लिए एएनएम व आशाएं पुरुषों को प्रोत्साहित कर रही हैं।

 

✒️ *अलीगढ़ में 30 दिसंबर को होगी जिला पंचायत की बैठक*

अलीगढ़ जिला पंचायत की बैठक 30 दिसंबर को जिला पंचायत परिसर स्थित पंडित गोविन्द बल्लभ पंत सभागार में आयोजित की जाएगी। अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि दोपहर साढ़े 12 बजे से बैठक शुरू होगी। जिसमें पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टी, जिला पंचायत का पुनरीक्षित बजट वर्ष 2021-22 एवं मूल आय व्यय बजट वर्ष 2022-23 के अनुमोदन पर विचार, राज्य वित्त एवं 15वें वित्त के अन्तर्गत उपलब्ध धनराशि एवं वर्ष 2022-23 में राज्य वित्त एवं 15 वें वित्त के अन्तर्गत प्राप्त होने वाली धनराशि से कराए जाने वाले कार्यों की कार्ययोजना के अनुमोदन पर विचार, मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले लाभार्थीपरक योजनाओं के सम्बन्ध में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ विचार विमर्श व अन्य बिन्दुओं पर चर्चा की जाएगी।

 

✒️ *नुमाइश में 24 दिसम्बर को होगा “एक शाम-राष्ट्र के नाम” में सांस्कृतिक संग राष्ट्रीय कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह*

अलीगढ़ महोत्सव 2022″ में कार्यक्रम “एक शाम-राष्ट्र के नाम” का भव्य आयोजन राजकीय औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी की कृष्णाँजलि नाट्यशाला में  24 दिसम्बर 2021  को सायं 7:00 बजे से होगा ! समारोह के मुख्य अतिथि शहर विधायक  संजीव राजा एवं प्रमुख समाजसेवी व वरिष्ठ भाजपा नेता कालीचरन वार्ष्णेय तथा विशिष्ट अतिथिगण निरंजनी अखाड़ा की महामंडलेश्वर डॉ० अन्नपूर्णा भारती और वरिष्ठ समाजसेवी अशोक कुमार पाण्डेय आदि रहेंगे !समारोह में बाल सांस्कृतिक कलाकारों एवं प्रतिभाओं की देशभक्ति पूर्ण प्रस्तुतियों के साथ प्रोत्साहन-सम्मान किया जाएगा एवं राष्ट्रीय कवि सम्मेलन में ख्यातिप्राप्त कवियों में सर्वश्री डॉ० जयसिंह आर्य (दिल्ली), डॉ० जयप्रकाश मिश्र (गाजियाबाद), डॉ० अंजना कुमार (कानपुर),डॉ० ममता वार्ष्णेय (नोएडा),सुबोध सुलभ (टूण्डला), डॉ० आर० आर० आजाद एवं सुभाष सिंह तोमर सहित काव्य गर्जना करेंगे ! सम्मान समारोह में प्रमुख समाज सेवकों को विभिन्न क्षेत्रों में अर्जित उपलब्धियाँ एवं समाज में प्रसंशनीय योगदान के लिए सर्वश्री हरिश्चंद्र गुप्ता ‘HHHP’, मानिक चन्द्र गुप्ता पहलवान लस्सी वाले,किशोर कुमार एडवोकेट, इंजी० कुलभूषण वार्ष्णेय, मानव महाजन एडवोकेट इंजी० जगमोहन गुप्ता,विष्णु भैया, ज्ञानेन्द्र मिश्रा, डॉ० विश्वमित्र आर्य,कृष्ण कुमार तिवारी एडवोकेट, गिरीश पचौरी,कुँवर प्रमोद सेनानी, विनय अग्रवाल, सुभाष सिंह तोमर, गौरव गुप्ताब्रास’, अतुलअग्रवाल, चिराग वार्ष्णेय आदि को ‘राष्ट्र गौरव’ अवार्ड से अलंकृत किया जायेगा।

 

✒️ *सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता के लिए उपजिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक*

उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी राकेश कुमार पटेल की अध्यक्षता में विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 में पुरूष/महिला/दिव्यांग मतदाताओं द्वारा निर्वाचन में उनके मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग किये जाने के दृष्टिगत जनपद स्तर से बूथ स्तर तक इसके व्यापक प्रचार-प्रसार कराये जाने की कार्य योजना सम्बंधित स्वीप योजना के अन्तर्गत कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक सम्पन्न हुई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी ने जनपद के सभी विधानसभाओं के सभी 3129 बूथों पर चुनाव पाठशाला का गठन कराते हुए निर्वाचन की समाप्ति तक उसकी मासिक बैठक कराते हुए मतदाता जागरूकता सम्बधित कार्यक्रम कराने का निर्देश दिया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी विधानसभाओं के ऐसे 50-50 बूथों जिस पर विगत निर्वाचनों में सबसे कम मतदान हुआ है, को चिन्हित कर उसमें मतदाता जागरूकता सम्बंधित विशेष कार्यक्रम/चौपाल आयोजित कराने का निर्देश देते हुए कहा कि इसमें विभिन्न विभागों के ग्रामीण स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों का भी सहयोग लिया जाए। साथी ही महिला मतदाताओं में मतदान के प्रति जागरूकता  केे लिए पंचायत स्तर पर गठित महिला स्वंय सहायता समूहो एवं नेहरू युवा केन्द्र के माध्यम से युथ क्लब की मतदाता जागरूकता सम्बंधित बैठक का आयोजन कराया जाए। बैठक में विद्यालयों में मतदाता साक्षरता क्लब का गठन कराते हुए सभी विद्यालयों में सम्पूर्ण चुनावी प्रक्रिया की जानकारी एवं लोकतंत्र में निर्वाचन का महत्व आदि से सम्बंधित बिन्दुओं पर निबन्ध/चित्रकला/रंगोली आदि सेसम्बंधितप्रतियोगिताएं आयोजित कराये जाने के संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया गया।

 

✒️ *जिला सलाहकार  समिति/जिला स्तरीय समीक्षा बैठक DCC/DLRC  सितंबर 2021 तिमाही का आयोजन*

जिला सलाहकार समिति/ जिला स्तरीय समीक्षा  बैठक सितंबर 2021 तिमाही 22.12.2021 को डीएम के निर्देशों के क्रम में सीडीओ की अध्यक्षता  मे कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में  आहूत की गयी।  बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक  अनिल कुमार सिंह द्वारा  बताया गया जनपद में बैंकों का कुल कारोबार 34481 करोड़ है। जिसने कुल जमा 22488 करोड़ तथा कुल ऋण 11993 करोड़ है तथा जनपद का सी डी रेशो 53.29 रहा है। जिसे मार्च 22 तक 60 प्रतिशत से ऊपर करने की आवश्यकता है, वार्षिक ऋण योजना के अन्तर्गत वित्तीय वर्ष 2021-22 के लक्ष्य 9459.44 के सापेक्ष  सितंबर 21 तिमाही में 3036.54 करोड़ का ऋण वितरण किया गया जो कुल लक्ष्य का 32.10 प्रतिशतहै। बैठक में बैकिंग सुविधाओं के साथ ही सरकार द्वारा प्रायोजित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई जिसमें अध्यक्ष  द्वारा सभी लंबित आवेदनों को यथाशीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए तथा  आवेदनों को निरस्त करने से पहले सही प्रकार से समीक्षा की जाए । समीक्षा में पाया गया कुछ बैंकों द्वारा योजनाओं में प्रगति हेतु कोई भी प्रयास नहीं किए जा रहे है। बैठक में डीडीआईएफ संजय सिंह, उपायुक्त डीआईसी श्रीनाथ पासवान,जिला  कृषि अधिकारी श्री राम प्रवेश, पी ओ डूडा  प्रभात मिश्र, खादी ग्रामोद्योग से अशोक सिंह मत्स्य निदेशक एजाज नकवी,आर सेटी निदेशक अतुल सिंह, अग्रणी बैंक कार्यालय से रोशन सिंह, प्रदीप कुमार, बैंको से सभी जिला समन्वयक तथा अन्य विभागों से आए कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

✒️ *आरबीआई के नोडल अधिकारी तथा एलडीएम द्वारा आर सेटी व वित्तीय साक्षरता केंद्र धनीपुर का निरीक्षण*

वित्तीय साक्षरता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के क्रम में केनरा बैंक के वित्तीय साक्षरता केंद्र द्वारा केनरा बैंक के ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में पशुपालन तथा कंप्यूटर अकाउंटिंग के बैच में वित्तीय साक्षरता के प्रति जागरूकता हेतु कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें आरबीआई के नोडल अधिकारी भीम चौधरी जी तथा एलडीएम अनिल कुमार सिंह ने वित्तीय साक्षरता के विषय में प्रशिक्षुओं को जागरूक किया गया तथा आर सेटी का भ्रमण भी किया।इसके उपरांत जनपद में केनरा बैंक, नाबार्ड तथा आरबीआई के सहयोग से संचालित तीन नए वित्तीय साक्षरता केंद्र धनीपुर, अतरौली तथा खैर में से धनीपुर केंद्र का भी निरीक्षण कर प्रगति पर चर्चा की गई।कार्यक्रम में आर सेटी निदेशक अतुल सिंह, एफएलसी मुकेश पाण्डेय, अग्रणी बैंक कार्यालय से व प्र रोशन सिंह, अधि प्रदीप कुमार, तथा आर सेटी से धर्मवीर सिंह, सुमित सक्सेना आदि मौजूद रहे।

 

✒️ *अकराबाद पुलिस ने अवैध तमंचा सहित एक अभियुक्त किया गिरफ्तार*

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी द्वारा अपराध की रोकथाम एवं अवैध असलहा रखने वालों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही हेतु चलाए जा रहे ऑपरेशन निहत्था के तहत थाना अकराबाद पुलिस टीम ने अभियुक्त राहुल पुत्र भगवान दास निवासी लाला का नगला थाना कोतवाली हाथरस जनपद हाथरस को एक तमंचा 315 बोर व एक जिंदा कारतूस 315 बोर के साथ गिरफ्तार किया गया । अभियुक्त के खिलाफ धारा 3/25 आर्म्स एक्ट पंजीकृत करते हुए अभियुक्त को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

 

✒️ *क्वार्सी पुलिस ने एक अभियुक्त किया गिरफ्तार, कब्जे से चोरी का गैस सिलेंडर बरामद*

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी द्वारा वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत थाना क्वार्सी पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त तनु उर्फ तनवीर पुत्र जबक निवासी चाँद मेम्बर वाली गली मौलाना आजाद नगर थाना क्वार्सी को मय चोरी का सिलेंडर सहित गिरफ्तार किया। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ़ धारा 380,457 भादवि पंजीकृत किया गया। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।