बिहार में किशनगंज जिले के एक गांव में 19 साल की एक महिला से उसके पिता के सामने ही छह लोगों ने कथित रूप से बलात्कार किया। पुलिस अधीक्षक कुमार आशीष ने बृहस्पतिवार को बताया कि कोढ़िवाडी थानाक्षेत्र में यह वारदात हुई।
लड़की की शिकायत पर बुधवार को दर्ज की गई प्राथमिकी के अनुसार छह लोग जबरन उसके घर में घुस गए। वे उसे और उसके पिता को उसके घर से करीब एक किलोमीटर सूनसान जगह पर ले गए। वहां उन्होंने उसके पिता को रस्सी से बांध दिया और उसके सामने उससे (महिला से) बलात्कार किया।
प्राथमिकी के अनुसार इन सभी छह आरोपियों ने बाप-बेटी को इस वाकये के बारे में किसी को भी बताने पर जान से मार देने की धमकी दी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वह गांव गए थे और उन्होंने महिला एवं उसके पिता से भेंट की तथा ग्रामीणों से भी इस वारदात के बारे में जानकारियां जुटायी।
पुलिस अधीक्षक के मुताबिक महिला को मेडिकल परीक्षण के लिए किशनगंज सदर अस्पताल भेजा गया है। आशीष ने बताया कि कोढ़िवाडी थाना के अलावा आसपास के थानों को भी इन छह आरोपियों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया गया है। सभी आरोपी फरार चल रहे हैं।

More Stories
सीआईएसएफ की परीक्षा में पकड़े गए दो मुन्ना भाई-
शराब के साथ चार अभियुक्त गिरफ्तार-
महिला ने युवक की बीच रोड पर की पिटाई-