June 23, 2026

*एअर इंडिया के 50 फीसदी हिस्‍सेदारी के लिए उसके कर्मचारियों ने ही लगाई बोली, ऐसा पहला ऐतिहासिक मामला*

Spread the love

भारत – सरकारी एयरलाइन कंपनी एअर इंडिया 69000 करोड़ रुपये से ज्‍यादा के कर्ज में फंसी है. अब इसे बचाने के लिए एअर इंडिया के ही कर्मचारी आगे आए हैं. कंपनी के वरिष्ठ कर्मचारियों के एक ग्रुप ने एअर इंडिया को खरीदने के लिए बोली में हिस्‍सा लिया है. एअर इंडिया के 209 कर्मचारियों के इस ग्रुप ने अमेरिका की एक प्राइवेट इक्विटी फर्म इंटरअप्‍स के साथ साझेदारी में सरकारी एयरलाइन में 50 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने के लिए बोली लगाई है. इंटरअप्‍स के चेयरमैन लक्ष्मी प्रसाद ने इसकी पुष्टि की है.

एअर इंडिया के वरिष्‍ठ कर्मचारियों के ग्रुप में शामिल हर व्‍यक्ति बोली के लिए 1-1 लाख रुपये का योगदान देगा. अगर सब कुछ ठीक रहता है तो देश के कॉरपोरेट इतिहास का यह पहला मामला होगा, जब किसी सरकारी कंपनी को उसके ही कर्मचारी खरीद लेंगे. हालांकि, पायलट और केबिन क्रू का प्रतिनिधित्व करने वाले संगठनों ने अपने सदस्यों को कर्मचारी बोली में भाग नहीं लेने की सलाह दी है. बोली प्रक्रिया का नेतृत्व एअर इंडिया की कॉमर्शियल डायरेक्टर मीनाक्षी मलिक कर रही हैं. इनके मुताबिक, पुराने कर्मचारी पूरी तरह इस मुहिम में साथ देंगे. इस मुहिम में शामिल 200 से ज्‍यादा कर्मचारी एक-एक लाख रुपये जुटा रहे हैं. एअर इंडिया में कुल 14 हजार कर्मचारी हैं.