June 21, 2026

दिल्ली में लगाएगी LED स्क्रीन, भूमि पूजन का होगा लाइव

Spread the love

राम मंदिर के भूमि पूजन के लिए BJP दिल्ली में लगाएगी LED स्क्रीन, 70 विधानसभा क्षेत्रों में होगा लाइव टेलीकास्ट

नई दिल्ली. दिल्ली प्रदेश भाजपा (Delhi Bjp) अध्यक्ष आदेश कुमार गुप्ता ने गुरुवार को कहा कि पांच अगस्त को अयोध्या में भव्य राम मंदिर के शिलान्यास (Ram Mandir Shilanyas) के मौके पर पार्टी पूरे शहर भर में विशाल एलईडी स्क्रीन लगाएगी, ताकि राजधानी के लोग इसका सीधा प्रसारण देख सकें. उन्होंने कहा कि ‘भूमि पूजन’ (Bhoomi Pujan) के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या (Narendra Modi In Ayodhya) में मौजूद रहेंगे और यह एक ऐतिहासिक मौका होगा. उन्होंने कहा कि पार्टी के नेता दीप प्रज्ज्वलित कर इस अवसर पर जश्न मनाएंगे.

गुप्ता ने एक बयान में कहा, ‘इस अवसर को आने वाली पीढ़ियां भी याद करेंगी और यह हमारा दायित्व बनता है कि हम इस ऐतिहासिक क्षण को गौरवशाली बना दें.’ उन्होंने कहा कि दिल्ली प्रदेश भाजपा के नेता और कार्यकर्ता राजधानी की सभी 70 विधानसभा सीटों पर लोगों के साथ ‘‘भूमि पूजन’’ का विशाल एलईडी स्क्रीन पर सीधा प्रसारण देखेंगे. उन्होंने कहा कि शाम को पार्टी के कार्यकर्ता अपने-अपने घरों में दीप जलाएंगे और अपने पड़ोसियों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे.

भाजपा इस दिन को उत्सव के रूप में मनाएगी

प्रदेश भाजपा के महासचिव राजेश भाटिया ने कहा कि दिल्ली भाजपा इस दिन को उत्सव के रूप में मनाएगी और इसमें भारी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करेगी. उन्होंने कहा, ‘पांच अगस्त को, 500 सालों के बाद अयोध्या में राम मंदिर का सपना पूरा होने जा रहा है. हम दिल्ली के लोगों के साथ इस दिन को दिवाली की तरह मनाने की तैयारी कर रहे हैं.’

श्री राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र न्यास ने अयोध्या में भूमि पूजन के लिए प्रधानमंत्री को आमंत्रित किया है. न्यास के सदस्यों के अनुसार, राम मंदिर के भूमि पूजन के लिए प्रधानमंत्री 5 अगस्त को अयोध्या दौरे पर रहेंगे.

राम मंदिर के भूमि पूजन से पहले अयोध्या को सजाने का काम चल रहा है. सरयू घाट, राम की पैड़ी, बाइपास रोड तकरीबन अयोध्या के हर इलाके में इस वक्त सजावट और पेंटिंग्स का काम बहुत तेजी से हो रहा है. यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ भूमि पूजन को यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं. इसके लिए उन्होंने 3 से 5 अगस्त तक दीपोत्सव मनाने की बात भी कही है.