May 14, 2026

जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने आज कैम्प कार्यालय पर लोक निर्माण विभाग की समीक्षा की-

Spread the love

वाराणसी (सू.वि)दि:29.09.2022

 

जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने आज कैम्प कार्यालय पर लोक निर्माण विभाग की समीक्षा की जिसमें विभाग द्वारा रोड के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण के कार्य कराये जा रहे निर्माण कार्यों में आ रही विभिन्न बाधाओं की जानकारी दी गयी साथ ही सम्बन्धित विभागों से समन्वय करते हुए उनको दूर कराने का निर्देश दिया गया।

पड़ाव से रामनगर रोड एन एच-7 का शेष भाग जिसकी लम्बाई 6.852 किमी है इसका सुदृढ़ीकरण और 4 लेन में चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने एसडीएम सदर से पूछा कि इस रोड पर कौन कौन से गांव पड़ते हैं और उनके कौन कौन लेखपाल हैं इसका चार्ट बनाकर उपलब्ध करायें साथ ही इस रोड का एक सप्ताह में सर्वे करा कर रिपोर्ट भी प्रस्तुत करें।

उन्होंने रोड के चौड़ीकरण में रुकावट बन रहे जो भी मकान आ रहे हैं उनके मालिकों को बैनामा की कापी जमा करने को कहा है जिनके पास मकान के वैध दस्तावेज नहीं होंगे उनके मकान जमींदोज किये जायेंगे और उन्हें कोई मुआवजा भी नहीं देय होगा।

बैनामा जमा करने की कार्यवाही के लिए एक सप्ताह का समय देते हुए सम्बन्धित को नोटिस देने व मुनादी कराने के लिए एसडीएम सदर को निर्देशित किया। 10 अक्टूबर तक बैनामी सम्पत्ति की घोषणा करने को कहा गया है।

वाराणसी काली माता मंदिर से आवास विकास कॉलोनी होते हुए आजमगढ़ रोड तक 2.40 किमी का कार्य होना है। इस रोड पर 1300 मीटर तक निर्माण कार्य चालू है। निर्माण कार्य जद में आने वाले मंदिर, मस्जिद या अन्य धार्मिक स्ट्रक्चर को स्थानांतरित करने के लिए स्थान चिन्हित करते हुए लोगों की सहमति से शिफ्ट किये जाने का निर्देश दिया।

लहरतारा से बीएचयू रविंद्रपुरी कॉलोनी होते हुए भी जिया सिनेमा तक फोरलेन तथा उसके आगे चौनेज 8.212 से 9.512 तक 6 लेन (9.512 किमी), कचहरी आशापुर होते हुए संदहां तक 4 लेन में चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण (9.325 किमी), पाण्डेयपुर चौराहे से रिंग रोड तक (2.40 किमी) तथा मोहनसराय से दीनदयाल उपाध्याय नगर चकिया मार्ग के चौनेज 0.000 से 10.20 के मध्य सर्विस लेन के साथ 6 लेन तथा चौनेज 10.200 से 11.180 के बीच 4 लेन (11.180 किमी) मार्ग का सुदृढ़ीकरण एवं चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने वन विभाग को पेड़ो को हटाने, विद्युत विभाग को पोल शिफ्ट कराने के लिए निर्देशित किया।