June 12, 2026

*भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर का एलान, मैं तानाशाह को हराने बनारस जा रहा हूं*

Spread the love

भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की मुलाकात के बाद सियासी हलचलें तेज हो गई हैं। चंद्रशेखर ने अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ने का एलान कर दिया है। उन्होंने कहा कि मैं मोदी को आसानी से जीतने नहीं दूंगा।

मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती चंद्रशेखर ने न्यूज चैनलों से बातचीत में कहा, मैं तानाशाह को हराने बनारस जा रहा हूं, मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ूंगा, उन्हें आसानी से जीतने नहीं दूंगा। कोई मुझे समर्थन देगा या नहीं, इसकी मुझे परवाह नहीं है। चंद्रशेखर ने कहा कि इनकी (भाजपा) सरकार में हमारे लोगों ने जेल काटी, ऐसे राजा को दोबारा पीएम नहीं बनने दूंगा।

गौरतलब है कि आज प्रियंका ने मेरठ में चंद्रशेखऱ से मुलाकात की। वह यहां एक अस्पताल में भर्ती हैं। इस मुलाकात के बाद प्रियंका ने चंद्रशेखर की तारीफ की और योगी सरकार को निशाने पर लिया। प्रियंका ने कहा कि मुझे इस नौजवान का संघर्ष पसंद आया। योगी सरकार नौजवानों की आवाज कुचल रही है।