September 29, 2026

*दिव्‍या स्‍पंदना ने पीएम नरेंद्र मोदी पर साधा निशाना, युवाओं से की ये अपील*

Spread the love

चुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ ही आरोप-प्रत्‍यारोपों का दौर तेज हो गया है। कांग्रेस और बीजेपी विभिन्‍न मुद्दों को लेकर एक-दूसरे के खिलाफ हमलावर रुख अपनाए हुए हैं। बीजेपी के खिलाफ कांग्रेस जहां राफेल डील में कथित भ्रष्‍टाचार को बड़ा मुद्दा बनाए हुए है, वहीं रोजगार के मुद्दे पर भी वह लगातार बीजेपी की अगुवाई वाली केंद्र की एनडीए सरकार के ख‍िलाफ हमलावर तेवर अपनाए हुए है।

कांग्रेस की आईटी सेल की प्रभारी दिव्‍या स्‍पंदना ने इसी मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरा है और युवाओं से अपील की है कि अपने बेहतर भविष्‍य के लिए वे बीजेपी को सत्‍ता से बाहर करें। उन्‍होंने प्रधानमंत्री मोदी के पकौड़े वाले बयान का हवाला देकर छात्रों से कहा कि उनके माता-पिता ने उन्‍हें उच्‍च शिक्षा दिलाने के लिए ऊंची दरों पर बैंक लोन इसलिए नहीं लिया कि वे पकौड़ा तलें।

दिव्‍या स्‍पंदना ने एक ट्वीट में कहा, ‘आपके माता-पिता ने ऊंची दरों पर बैंक लोन इसलिए लिए, ताकि आप अपनी आकांक्षाओं को पूरा कर सकें और अपनी पसंद की नौकरी पा सकें, लेकिन सरकार आपसे पकौड़ा तलने के लिए कह रही है। आपके माता-पिता आज भी लोन चुका रहे हैं, जबक‍ि आप नौकरी के लिए भटक रहे हैं। बीजेपी को सत्‍ता से बाहर करने के लिए वोट करें। कांग्रेस आपकी मदद करेगी।’