June 22, 2026

*सर्जिकल स्ट्राइक नहीं पाकिस्तान में घुसकर मसूद अजहर को मारो- शिवसेना*

Spread the love

जम्मू कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ काफिल पर हुए आतंकी हमले को लेकर शिवसेना ने बड़ा बयान दिया है। सामना के जरिए लिखे लेख में शिवसेना ने कहा कि पुलवामा हमले से देश हिल गया है। देश के लोगों में गुस्सा है। ऐसे में अब सर्जिकल स्ट्राइक नहीं बल्कि पाकिस्तान में घुसकर मसूद अजहर को मार गिराने की जरूरत है।

शिवसेना ने कहा, ”सर्जिकल स्ट्राइक जैसे कदम ऐसे आतंकियों के लिए ज्यादा नहीं है। अमेरिका ने जैसे ओसामा बिन लादेन का दो घंटे में खात्मा किया हमें भी वैसा ही करने की जरूरत है।” आजादी के बाद सभी सरकारों पर हमला बोलते हुए सामना ने कहा कि पिछले 70 साल से गले की नसों को तानकर कहा जा रहा है कि कश्मीर हमारा है, लेकिन उसी कश्मीर में हमारे ही जवानों की हत्याओं का दौर जारी है। पंडित नेहरू से लेकर नरेंद्र मोदी तक परिस्थिति बदलने की बजाय लगातार बिगड़ती जा रही है।

शिवसेना ने कहा कि इसे कायराना हमला कैसे कह सकते हैं। ”आतंकियों ने भारतीय सीमा में घुसकर फौजी अड्डों और सशस्त्र जवानों पर हमला किया। हमारे सैनिकों को शहीद कर दिया नुकसान पहुंचाया ऐसे हमले को कायराना हमला कैसे कह सकते हैं? यह हमला हमारे अति और अतिरिक्त आत्मविश्वास पर किया गया हमला है।”