संयुक्त राष्ट्र आम सभा के अध्यक्ष की कश्मीर पर टिप्पणी से भारत नाराज़
नई दिल्ली :
भारत ने शुक्रवार को संयुक्त राष्ट्र की 75वीं आम सभा के अध्यक्ष वोल्कान बोज़्किर के कश्मीर पर दिए बयान की कड़ी आलोचना की है.
भारत ने विरोध दर्ज कराते हुए वोल्कान के बयान को ‘अनुचित’ और ‘खेदपूर्ण’ बताया है. गुरुवार को पाकिस्तान दौरे पर गए वोल्कान ने कहा था कि पाकिस्तान को कश्मीर का मुद्दा और ज़ोर-शोर से उठाना चाहिए और सभी पक्षों को इस मामले क़दम उठाना चाहिए ताकि जम्मू-कश्मीर की जो स्थिति बदली गई है, उसे रोका जा सके.
वोल्कान तुर्की के पूर्व राजनयिक हैं और उन्हें यूएन आम सभा की कमान पिछले साल सितंबर में मिली थी. गुरुवार को उन्होंने कश्मीर पर यह टिप्पणी इस्लामाबाद में पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद क़ुरैशी के साथ एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान की थी.
वोल्कान पहले तुर्की हैं, जिन्हें आम सभा का अध्यक्ष बनाया गया है. अपने पाकिस्तान दौरे में उन्होंने प्रधानमंत्री इमरान ख़ान से भी मुलाक़ात की.
वोल्कान बोज़्किर के बयान पर भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा, “भारतीय केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर को लेकर वोल्कान बोज़्किर ने अपने पाकिस्तान दौरे में जो टिप्पणी की है, उस पर भारत कड़ा विरोध दर्ज कराता है.”
उन्होंने कहा, “वोल्कान का यह कहना कि पाकिस्तान का फ़र्ज़ है कि वो संयुक्त राष्ट्र में कश्मीर का मुद्दा और ज़ोर-शोर से उठाए, यह भारत को अस्वीकार्य है. जम्मू-कश्मीर की तुलना किसी और वैश्विक स्थिति से करने का कोई आधार नहीं है.”
बागची ने कहा, “जब यूएन आम सभा का मौजूदा अध्यक्ष इस तरह की पूर्वाग्रह पूर्ण टिप्पणी करेगा तो यह इस संस्था के लिए नुक़सानदायक साबित होगा. यह बहुत ही खेदजनक बयान है.”
इस्लामाबाद में प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान बोज़्किर और क़ुरैशी ने फ़लस्तीनियों और कश्मीर के मुद्दे की तुलना की थी.



More Stories
दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद कुख्यात बदमाश टिल्लू ताजपुरिया की सुबह-सुबह हुई हत्या-
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल और मेरठ पुलिस के ज्वाइंट ऑपरेशन में एनकाउंटर-
दिल्ली पुलिस के सिपाही की मेरठ में हत्या-