May 28, 2026

शंकरगढ़ के रानीगंज रोड स्थित विद्यालयों में प्रवेश के नाम पर अभिभावकों से लूट-

Spread the love

*शंकरगढ़ के रानीगंज रोड स्थित विद्यालयों में प्रवेश के नाम पर अभिभावकों से लूट ।।*

शंकरगढ़(प्रयागराज) शिक्षा दिनों- दिन कारोबार का रूप ले रही है बल्कि ये कहे तो बेहतर होगा कि लग्जरी कारोबार । इस लग्जरी कारोबार में शिक्षा देने के बदले अभिभावकों की जेब पर डाका डाला जा रहा है । नये सत्र की शुरूआत हो गयी है । घर- घर में चिंताओं की तरह – तरह की कहानी सुनने को मिल रही है । कोई अपनी दवा रोककर तो कोई मोबाइल – केबल जैसे छोटे – मोटे खर्चों में कटौती करके बच्चों का दाखिला करवाने में तमाम तरह के जतन कर रहे है । हर साल शिक्षा सत्र शुरू होते ही शिक्षा माफिया सक्रिय हो जाते हैं । किताब, ड्रेस, स्टेशनरी और अन्य व्यवस्थाओं के नाम पर अभिभावकों को लूटा जाता है और इसमें निजी स्कूलों की भूमिका बड़ी होती है । इसके अलावा एनसीईआरटी किताबों के बजाए निजी प्रकाशकों की किताबें अभिभावकों को खरीदने के लिए मजबूर किया जाता है। बाकायदा निजी प्रकाशकों की किताबों के लिए ठेका दिया जाता है । स्कूलों की मनमानी की शिकायत अभिभावक आखिर किससे करें ? आज हर स्कूल में कमीशन के नाम पर अभिभावकों के साथ खुली लूट हो रही है और अभिभावक बेबस होकर अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए जानते- समझते लुट रहे हैं । केवल एक घर में नहीं बल्कि पूरे शंकरगढ़ में आज हर घर की अगर कोई समस्या है तो वो है बच्चों की शिक्षा की । आज हर घर का अभिभावक अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा देने का ख्वाब संजोए हुए है, लेकिन प्राइवेट स्कूलों की लूटखोरी के आगे आज अभिभावक बेबस है । देश में बेटी- बचाओ बेटी पढ़ाओ के नारे हर मिनट नेताओं की जुबां पर रहते है, लेकिन इसका जवाब कौन देगा और कब देगा कि आखिर बेटी को पढ़ाने के लिए इतनी मोटी रकम का इंतजाम अभिभावक कहां से करें । जिनकी कमाई का आधा से ज्यादा हिस्सा शिक्षा माफिया खुलेआम लूट रहे हैं ।