April 20, 2026

व्यापारी सुरक्षित होगा तो प्रति व्यक्ति आय बढ़ेगी: योगी- अजय मिश्रा

Spread the love

व्यापारी सुरक्षित होगा तो प्रति व्यक्ति आय बढ़ेगी: योगी

 

व्यापार के लिए सुरक्षा और बेहतर कानून व्यवस्था बहुत जरूरी: योगी

 

सपा सरकार में अपराधियों ने व्यापारियों को पलायन के लिए मजबूर किया: योगी

 

सपा सरकार के शासन में 500 दंगे हुए, व्यापारियों के प्रतिष्ठानों को जलाया गया

 

लखनऊ में श्रवण साहू के पुत्र की हत्या की गई

 

व्यापारी अगर न्याय की गुहार करता तो उस पर झूठे मुकदमे लगाए जाते थे

 

लखनऊ 05 दिसम्बर।

व्यापार के लिए सुरक्षा और बेहतर कानून व्यवस्था बहुत जरूरी है। लेकिन सपा सरकार में 500 दंगे हुए। माफियाओं ने व्यापारियों के प्रतिष्ठान जलाए उन्हे प्रदेश से पलायन करने पर मजबूर किया। न्याय की गुहार लगाने पर व्यापारियों पर ही झूठे मुकदमें लगा दिए गए। यह चेहरा पिछली सरकारों का रहा है। व्यापारी

सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लचर कानून व्यवस्था पर सपा, कांग्रेस और बसपा को आड़े हाथों लेते हुए यह बातें कहीं।

लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने व्यापारी सम्मेलन में कहा कि पिछली सरकारों ने व्यापारियों को कारोबार करने के लिए सुरक्षित माहौल नहीं दिया। जब कोई पर्व आता था तो दंगे होते थे जिससे कर्फ्यू लग जाता था। पिछली सपा सरकार में 500 दंगे हुए। व्यापारियों के प्रतिष्ठान भी जलाए और लूटे गए। लखनऊ के व्यापारी श्रवण साहू के पुत्र की हत्या कर दी गई और फिर उसके गुहार लगाने पर क्या हुआ यह आप सब जानते हैं।

उन्होंने कहा कि 2017 में हमारी सरकार ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टालरेंस की नीति पर काम शुरू किया तो सबसे ज्यादा परेशानी समाजवादी पार्टी को हुई। सपा को यह परेशानी इसलिए हो रही है क्योंकि सभी दुर्दांत माफियाओं की सरपरस्त यही है। उन्होंने सपा सरकार में अपराधी किस कदर बेखौफ थे उसकी एक मिसाल लखनऊ में ही मिलती है। प्रतिष्ठित कारोबारी श्रवण साहू के पुत्र की हत्या जिस दुर्दांत अपराधी ने की उसने डीजीपी आवास के पास ही कब्जाई जमीन पर हवेली बना डाली। हमारी सरकार ने शत्रु सम्पत्ति पर बनाई गई इस अपराधी की हवेली पर बुलडोजर चलवा दिया। इन कार्रवाइयों से सबसे ज्यादा परेशानी सपा को होती है। वह हमें बुलडोजर वाली सरकार बताते हैं क्योंकि सबसे ज्यादा माफिया उन्ही के साथ हैं। लेकिन कोई कुछ भी कहे अगर व्यापारियों की सम्पत्तियों, गरीबों और सरकारी सम्पत्तियों पर अगर माफिया कब्जा करेंगे तो बुलडोजर चलना तय है।

उन्होंने कहा कि कैराना के 70 फीसदी व्यापारियों को पलायन करने पर मजबूर किया गया। हमने जब अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टालरेंस की नीति पर काम शुरू किया तो वहां के व्यापारी वापस आ चुके हैं। वहां अब प्रतिष्ठान बन रहे हैं पेट्रोल पंप लग रहे हैं। अब अगर कोई अपराधी गड़बड़ करेगा तो पुलिस की गोली उसका जवाब दे देती है।

उन्होंने कहा कि हमारा व्यापारी खुश होगा तो प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। 2017 से पहले ईंज आफ डुइंग बिजनेस में प्रदेश 14 वें स्थान पर था। प्रदेश में कोई निवेश करने वाला नहीं था क्योंकि पहले पूंजी भी फंसती थी और जान के लाले भी पड़ते थे। हमारे प्रयास से अब प्रदेश ईज डुइंग आफ बिजनेस में दूसरे स्थान पर है। अब व्यापारी निवेश करने आ रहे हैं। बीमा योजना में व्यापारियों को दस लाख रुपये की सहायता देने का काम हमारी सरकार ने किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस रही हो सपा रही या बसपा। सबने व्यापारियों का शोषण किया जिससे परम्परागत कारोबार नीचे चला गया। लखनऊ का चिकन कारोबार, मुरादाबाद का पीतल, भदोही के कालीन, हर जनपद में कुछ न कुछ था। हमने इसकी मैपिंग करवाई, ब्रांडिंग करवाई, डिजाइनिंग करवाई। इसके बिजनेस को बढ़ाने के लिए एक जनपद एक उत्पाद शुरू किया। इससे प्रदेश के 60 लाख कारोबारियों को जोड़ा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से प्रदेश आत्मनिर्भर भारत में सहयोगी बनते हुए हर वर्ष एक लाख 31 करोड़ रुपये का निर्यात कर रहा है।

उन्होंने कहा कि आस्था हमारी पूंजी है। लेकिन सपा सरकार ने कांवड़ यात्रा, बसपा ने थाने में जन्माष्टमी और कांग्रेस ने तो रामजन्म भूमि में पूजा करने पर रोक लगा दी। भाजपा की सरकार आते ही थाने में भव्य जन्माष्टमी, मथुरा में श्रीकृष्णजन्माष्टमी, बरसाना में होली, अयोध्या में भव्य दीपोत्सव का कार्यक्रम शुरू हो गया। कांवड़ यात्रा भव्यता के साथ निकल रही है। अब सभी रामभक्त बनने की होड़ में हैं। यह जनता और लोकतंत्र की ताकत है। कि यह सब मजबूर हैं। भाजपा के लिए राष्ट्रधर्म सर्वोपरि है। हमारे कार्यक्रम में वंदेमातरम् गूंजता है। सपा, बसपा और कांग्रेस की सभा में ऐसा नहीं हो सकता। पहले धारा 370 पर कोई पार्टी इसलिए नहीं बोलती थीं कि उनका वोट बैंक खिसक जाएगा। लेकिन हमने धारा 370 भी हटाई और राममंदिर भी बना रहे हैं। हम जो कहते हैं वह करते हैं। कार्यक्रम को उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष व आयोजक अभिषेक खरे, विनीत शारदा और राहुल गुप्ता ने भी संबोधित किया।