June 11, 2026

*वोटिंग से पहले कचरे से मिले सैकड़ों वोटर कार्ड*

Spread the love

राजधानी दिल्ली में वोटिंग से पहले कचरे से सैकड़ों वोटर आईडी कार्ड मिलने का मामला सामने आया है। घटना साउथ ईस्ट दिल्ली में बदरपुर के मोरलबन्द इलाके की है। वोटर कार्ड मिलने के बाद स्थानीय लोग जहां चुनाव आयोग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं वहीं, बीजेपी और आम आदमी पार्टी ने एक दूसरे पर साचिश रचने के आरोप लगाए हैं।

बता दें कि चुनाव से ठीक पहले इन वोटर आईडी कार्ड को लोगों के घरों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी चुनाव आयोग की थी, लेकिन इस तरह कूड़े के ढेर में वोटर कार्ड मिलने से चुनाव आयोग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। कचरे के ढेर से मिले ये वोटर आईडी कार्ड सरकारी अधिकारियों की बड़ी लापरवाही का नतीजा है।

दरअसल बदरपुर इलाके में शाम को कुछ बच्चे इन वोटर आईडी कार्ड के साथ खेल रहे थे, जब लोगों ने बच्चों के हाथों में वोटर आईडी कार्ड देखे तो लोगों में हड़कंप मच गया और लोग अपने वोटर आईडी कार्ड देखने के लिए मौके पर पहुंच गए। लोगों का कहना है कि उनके पास डिलिवरी का मैसेज तक आया हुआ है, लेकिन उनके वोटरकार्ड घर पहुंचने के बजाय कूड़े में पड़े हुए हैं।