*विदेशी निवेश का ‘कॉरिडोर’ बनाने में जुटी टीम योगी, दूसरे चरण के रोड शो में भी मिला अपार समर्थन*
*-सीएम योगी के मार्गदर्शन में विदेशों में रोड शो और वन टू वन बिजनेस मीटिंग के जरिए निवेशकों को किया जा रहा प्रोत्साहित*
*-विदेशों में रोड शो के दूसरे चरण में यूएई, ऑस्ट्रेलिया, बेल्जियम और ब्राजील में किया गया यूपीजीआईएस का प्रचार-प्रसार*
*-विदेशी निवेशकों को उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए अनुकूल और सुरक्षित माहौल के साथ योगी सरकार की सुगम नीतियों से कराया गया परिचित*
*-विभिन्न सेक्टर्स में निवेश के लिए उत्साहित नजर आ रहे विदेशी निवेशक, यूपीजीआईएस 2023 में बड़ी संख्या में कर सकते हैं भागीदारी*
*लखनऊ, 12 दिसंबर।* उत्तर प्रदेश में भारी मात्रा में निवेश की संभावनाएं बन रही हैं। पहले चरण में मेक्सिको, जर्मनी, यूके और कनाडा में सफल रोड शो के बाद अब टीम योगी को दूसरे चरण में यूएई, बेल्जियम, ऑस्ट्रेलिया और ब्राजील में भी निवेशकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। सीएम योगी के मार्गदर्शन में प्रदेश में निवेश के लिए विदेशी निवेशकों को प्रोत्साहित करने पहुंचीं टीमों को पूरी दुनिया में हाथों हाथ लिया जा रहा है। बड़े औद्योगिक समूह उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए गंभीरता से विचार कर रहे हैं। टीम योगी ने उन्हें प्रदेश में व्यापार के लिए अनुकूल और सुरक्षित माहौल के साथ सुगम नीतियों और बिना लेट लतीफी ऑनलाइन स्वीकृतियों की जानकारी दी है जिससे वे काफी उत्साहित हैं। उल्लेखनीय है कि प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की मुहिम के तहत योगी सरकार ने फरवरी 2023 में राजधानी लखनऊ में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन करने का निर्णय लिया है। इस आयोजन के जरिए सरकार ने 10 लाख करोड़ रुपए के निवेश का लक्ष्य तय किया है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए टीम योगी 18 देशों के साथ-साथ देश के 7 बड़े शहरों में भी रोड शो कर रही है।
*दुबई से बड़े निवेश की संभावना*
उत्तर प्रदेश सरकार में एमएसएमई मिनिस्टर राकेश सचान की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने यूएई के दुबई में यूपीजीआईएस 2023 का प्रचार-प्रसार किया। यह प्रतिनिधिमंडल कोनारेस ऑफिस भी गया और यहां पर कंपनी के सीईओ भरत भाटिया से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें यूपीजीआईएस के उद्देश्य और उत्तर प्रदेश में सुरक्षित निवेश और सरकार की ओर से प्रदान की जा रही सहूलियत के बारे में जानकारी की। इस अवसर पर कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न विषयों पर गहन विचार विमर्श भी हुआ। यूएई के साथ भारत के पुराने संबंधों को देखते हुए यहां से उत्तर प्रदेश में बड़े निवेश की संभावना जताई जा रही है।
*डिफेंस, अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर में रुचि ले रहा ऑस्ट्रेलिया*
दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया की राजधानी सिडनी में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता में प्रतिनिधिमंडल ने ऑस्ट्रेलियाई निवेशकों के बीच रोड शो कम कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया। प्रतिनिधिमंडल की ओर से उत्तर प्रदेश में निवेश के अवसरों और प्रदेश सरकार की नीतियों के विषय में संवाद किया गया। स्वतंत्रदेव सिंह ने न्यू साउथ वेल्स सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से भी चर्चा की और उन्हें उत्तर प्रदेश में डिफेंस, वॉटर रिसोर्स, हेल्थ और अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर समेत विभिन्न क्षेत्रों में निवेश के लाभों के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने इस क्षेत्र में निवेश को लेकर रुचि भी दिखाई है। इस अवसर पर सीएम योगी का वीडियो मैसेज भी दिखाया गया, जिसमें उन्होंने विश्व की औद्योगिक इकाइयों को उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया है।
*ब्राजील में भी बड़े निवेश के आसार*
उधर, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और मत्स्यपालन मंत्री संजय निषाद की अगुवाई वाला प्रतिनिधिमंडल ब्राजील की राजधानी साओ पाउलो पहुंचा और यहां स्वामी विवेकानंद कल्चरल सेंटर में रोड शो का आयोजन किया गया। यहां भी विभिन्न क्षेत्रों के दिग्गज उद्योग समूहों के साथ ही ब्राजील इंडिया चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों को उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस दौरान उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास एवं निवेश की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर ब्राजील में रंगारंग कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। ब्रजेश पाठक ने साओ पाउलो के इबिरापुएरा पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर रोड शो की शुरुआत की। इससे पहले, यह प्रतिनिधिमंडल मेक्सिको में था जहां विभिन्न क्षेत्रों के निवेशकों में उत्तर प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। यहां एडोमेक्स सोशल, फोरो ग्लोबल एग्रोलिमटारियो, कोम्से, एनिएरम, केनेटी, ग्रुप बिम्बो और ग्रुप बीएएल जैसे उद्योग समूहों के प्रतिनिधि सम्मिलित हुए।
*इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में निवेश के इच्छुक बेल्जियम के समूह*
औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी और पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद की अगुवाई वाले प्रतिनिधिमंडल ने बेल्जियम की राजधानी ब्रुसेल्स में रोड शो व वन टू वन बिजनेस मीटिंग की। यह प्रतिनिधिमंडल यूरोपियन इन्वेस्टमेंट बैंक के प्रतिनिधियों से भी मिला और उन्हें यूपीजीआईएस में सम्मिलित होने का निमंत्रण दिया। दोनों प्रतिनिधिमंडलों के बीच उत्तर प्रदेश में मेट्रो रेल के विस्तार समेत आगामी इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स में भागीदारी की संभावनाओं पर चर्चा हुई। यूरोपियन इन्वेस्टमेंट बैंक की ओर से इस बैठक में ब्रुसेल्स में एशिया और पैसिफिक डिवीजन के हेड और एमडी एडवर्डास बमस्टेनास भी उपस्थित रहे। इससे पहले, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी ने एक ट्वीट कर यूपीवासियों को भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार के प्रयासों का प्रतिफल जरूर मिलेगा। उन्होंने लिखा, पूरी दुनिया कुछ दिनों बाद लखनऊ आ रही है। मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में निवेशकों का महाकुंभ होने जा रहा है। यूपी की समृद्धि के लिए यूरोप छान रहा हूं। विश्वास से कह सकता हूं कि आप सबको डबल इंजन सरकार के प्रयासों पर गर्व होगा। इससे पहले नंद गोपाल नंदी ने ये भी खुलासा किया था कि विदेशी निवेशकों के लिए डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर निवेश की मजबूत संभावनाएं बना रहा है। कॉरिडोर में अब तक उद्यमियों ने 105 एमओयू साइन कर 12 हजार करोड़ रुपए का निवेश किया है।

More Stories
यूपी विद्युत नियामक आयोग ने 8 मई को बुलाई बड़ी बैठक –
यूपी में 4 मई को होने वाले निकाय चुनाव के मतदान से पहले भारत-नेपाल की सीमा को किया जाएगा सील-
सीआईएसएफ की परीक्षा में पकड़े गए दो मुन्ना भाई-