June 16, 2026

वाराणसी में तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत, दो की मौत-

Spread the love

*वाराणसी में तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत, दो की मौत*

वाराणसी के हरहुआ-रामेश्वर पंचक्रोशी मार्ग पर गुरुवार शाम दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत हो गई। इससे उन पर सवार दो लोगों की मौत हो गई। एक युवक घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

 

बड़ागांव थाना क्षेत्र के बेरवा गांव निवासी भुल्लन विश्वकर्मा (52) काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे। तभी हरहुआ-रामेश्वर पंचक्रोशी मार्ग पर भुल्लन भटौली गांव के पास सामने से आ रही बाइक से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में भुल्लन और दूसरी बाइक पर सवार शिवम विश्वकर्मा (20) और रोहित (24) निवासी कैथौली गांव गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

हवा में उछलकर दूर गिरे बाइक सवार

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों पर सवार तीनों लोग दूर-दूर जाकर गिरे। गंभीर चोट लगने के कारण भुल्लन विश्वकर्मा और शिवम विश्वकर्मा ने थोड़ी ही देर में दम तोड़ दिया। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही घायल रोहित को हरहुआ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। साथ में ही काम करते थे भुल्लन और शिवम

ग्रामीणों ने बताया कि भुल्लन और शिवम दोनों लोग साथ में ही बढ़ई का काम करते थे। गुरुवार को भुल्लन काम करने चले गए थे जबकि शिवम घर पर ही था। शाम को रोहित और शिवम एक ही बाइक से हरहुआ बाजार जा रहे थे। यह संयोग ही था कि उसी समय भुल्लन घर लौट रहा था और दोनों बाइकों में आमने सामने टक्कर हो गई।

भुल्लन विश्वकर्मा को एक बेटा और तीन बेटियां हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। वहीं शिवम विश्वकर्मा तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। घर की जिम्मदारी भी दोनों मृतकों के ऊपर ही थी। घटना के बाद मृतकों के परिवार में मातम का माहौल है। वहीं गंभीर रूप से घायल रोहित फिल्मों में काम करता है।

हाईवे पर खड़ी बस में ऑटो भिड़ी, चार घायल

भीखीपुर स्थित केआईटी संस्थान के समीप नेशनल हाईवे पर खड़ी बस में ऑटो भिड़ गई। इसमें ऑटो चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर मय फोर्स सहित पहुंचे खजूरी चौकी इंचार्ज रविकांत चौहान ने सभी घायलों को एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया।मिर्जापुर जिले के सिटी कोतवाली थाना अंतर्गत घंटाघर निवासी बाबू अली (50) पत्नी नसीबा बेगम तथा बेटे सोनू के साथ ऑटो से वाराणसी जा रहे थे। हादसे में ऑटो चालक मुन्नालाल समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।