June 12, 2026

लोकसभा चुनाव को लेकर गायक अदनान सामी ने पीएम नरेंद्र मोदी को दिया यह सुझाव

Spread the love

गायक और संगीतकार अदनान सामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सोशल मीडिया पर एक महत्वपूर्ण राय दी है। इसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से यह निवेदन किया है कि वह आगामी लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की 80 महत्वपूर्ण सीटों पर टिकट का बंटवारा करते समय बहुत ही गंभीरता से और सोच विचार कर टिकटों का वितरण करें।

इस बारे में सोशल मीडिया पर लिखते हुए अदनान सामी ने कहा है, ‘प्यारे नरेंद्र मोदी जी, उत्तर प्रदेश में होने वाले लोकसभा चुनाव भारतीय जनता पार्टी के लिए अति महत्वपूर्ण हैं। समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी का गठबंधन बहुत ही चुनौतीपूर्ण होगा। मात्र ऐसे लोगों को टिकट दीजिए, जिनका जीतना इस गठबंधन के आगे सुनिश्चित हो। मेरी ओर से आपको शुभकामनाएं।’

इस ट्वीट में अदनान ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली को भी टैग किया। गौरतलब है कि भारत में जल्द लोकसभा चुनाव होने वाले हैं, जिसकी घोषणा चुनाव आयोग ने कर दी है। प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता को देखते हुए उनके विरोधियों ने साथ मिलकर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। हालांकि इस गठबंधन में सपा बसपा जैसी बड़ी पार्टियां ही शामिल हैं।