April 21, 2026

रोडवेज बस पर फेंके पत्थर, फोड़े शीशे:बाइक सवार युवकों को टक्कर मारने के बाद हंगामा-

Spread the love

रोडवेज बस पर फेंके पत्थर, फोड़े शीशे:बाइक सवार युवकों को टक्कर मारने के बाद हंगामा, भीड़ ने घेरकर ड्राइवर को मारा

 

चूरू

 

हरियाणा रोडवेज की बस ने गलत साइड से आकर बाइक को टक्कर मार दी। दो युवक सड़क पर जाकर गिरे। हादसे के बाद आस-पास के लोगों ने बस को चारों ओर से घेर लिया और शीशे फोड़ दिए। पत्थर लगने से ड्राइवर के सिर में चोट लग गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को काबू में किया।

कोतवाली थानाधिकारी सतीष कुमार यादव ने बताया कि मोचीवाड़ा के रहने वाले श्यामलाल और संजय कुमार बाइक से जा रहे थे। धर्मस्तूप के पास सवारियों को लेकर सालासर से पानीपत जा रही हरियाणा रोडवेज की बस रोंग साइड से जा रही थी। ड्राइवर नरेन्द्र ने लापरवाही और तेज गति से चलाते हुए बाईक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर जा गिरे और बाइक बस के नीचे दब गई।

 

ड्राइवर बस को लॉक करके बैठ गया

 

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने बस को रोककर चारों ओर से घेर लिया। ड्राइवर को नीचे उतारने की कोशिश की तो उसने बस को अंदर से लॉक कर दिया। कंडक्टर ने समझाने का प्रयास किया,मगर लोग नहीं माने। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को खदेड़ा। इसके बाद भी लोगों का गुस्सा इतना था कि पत्थर से शीशे फोड़ दिए। ड्राइवर के सिर से खून बहने लगा। काफी देर तक जद्दोजहद के बाद भीड़ काबू में किया। पुलिस ने बस को जब्त कर ड्राइवर और कंडक्टर को हिरासत में लिया।