*रेल मंत्री ने दो दिवसीय दौरे के दौरान बनारस स्टेशन का गहन निरीक्षण कर हुए गदगद*
*(शीतल निर्भीक ब्यूरो)*
वाराणसी।रेल व संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे में वाराणसी परिक्षेत्र से जुड़ी रेल परियोजनाओं का निरीक्षण कर कार्य प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान आज शनिवार को पूर्वाह्न रेल व संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव पूर्वोत्तर रेलवे के बनारस रेलवे स्टेशन पहुँचे और स्टेशन की चौमुखी विकास की गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के उपरान्त बनारस स्टेशन का चतुर्दिक विकास और साफ-सफाई देख रेल मंत्री गदगद नजर आए।
वाराणसी मंडल के बनारस स्टेशन पर प्रवेश के साथ ही रेल मंत्री श्री वैष्णव ने स्टेशन के भव्य सामान्य यात्री हाल में “एक स्टेशन एक उत्पाद” योजना के अंतर्गत लगाये गये वाराणसी के विश्व-प्रसिद्ध काष्ठ कला- कलाकृतियों एवं आजमगढ़ की ब्लैक पॉटरी स्टाल का निरीक्षण किया। उन्होंने बड़ी बारीकी से स्टालों के उत्पादों का परीक्षण किया व स्टाल संचालकों से उनके उत्पाद के निर्माण में प्रयुक्त समाग्रियों, कार्य कौशल एवं उनकी बिक्री में हुई बढ़ोत्तरी का संज्ञान लेकर स्टालों के उत्पादों की सराहना की।
तदुपरांत रेल मंत्री ने प्लेटफार्म सं 8 पर स्थित विभिन्न स्टालों एवं कार्यालयों का निरीक्षण करते हुए स्टेशन के वीआईपी लाउन्ज पहुँचे।उन्होंने बनारस रेलवे स्टेशन की साफ-सफाई स्टेशन पर उपलब्ध उच्चस्तरीय यात्री सुख सुविधाओं एवं उनके रख-रखाव पर प्रसन्नता व्यक्त की।रेल मंत्री ने बनारस स्टेशन के वीआईपी लाउन्ज में महाप्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे अशोक कुमार मिश्र, महाप्रबंधक उत्तर रेलवे आशुतोष गंगल व महाप्रबंधक बरेका सुश्री अंजली गोयल, मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी रामाश्रय पाण्डेय,मंडल रेल प्रबंधक लखनऊ एस0के0 सापरा एवं पूर्वोत्तर रेलवे तथा उत्तर रेलवे के प्रमुख विभागाध्यकक्षों व् मंडलीय अधिकारीयों के साथ रेल प्रबंधन में वांक्षित बदलाव लाने,कार्यप्रणाली में गति लाने, संस्थागत क्षेत्र में कुशल अधिकारीयों को उच्च पदों पर परम्परागत कार्यप्रणाली में सुधार लाने के सम्बन्ध में मंत्रणा की और तदनुसार दिशा निर्देश दिया।
इस दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज सुबह आठ बजे गंगानदी पर बने मालवीय पुल का निरीक्षण भी किया साथ ही काशी स्टेशन पर इंटर मॉडल स्टेशन प्रोजेक्ट के तहत चल रहे विकास कार्यो के निरीक्षण के उपरान्त पत्रकारों से औपचारिक वार्ता करते हुए उन्होंने ने कहा कि गंगा नदी पर मालवीय पुल के समानांतर बनने वाले नये रेल सह सड़क पुल पर रेल संचलन हेतु चार लाइने होगी एवं हाई-वे सड़क छह लेन की होगी।
काशी स्टेशन के पौराणिक महत्व को देखते हुए इसका पुनर्निर्माण हेतु 350 करोड़ की लागत से भव्य तरीके से कुछ इस प्रकार से किया जायेगा। काशी स्टेशन पर बनारस के प्राचीन मंदिरों की झलक मिलेगी आस-पास के क्षेत्र में व्यवसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देकर इस क्षेत्र का विकास किया जायेगा।इसके तदुपरांत रेलमंत्री अपने अगले गंतव्य रायबरेली के लिए अपनी निरीक्षण विशेष गाड़ी से विन्डो ट्रेलिंग निरीक्षण करते हुए रवाना हुए।इस आशय की जानकारी पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के मुख्यजनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह व मण्डल रेल प्रबन्धक वाराणसी के जनसम्पर्क अधिकारी अशोक कुमार ने दी।

More Stories
वाराणसी में क्रिकेट कोच को दिनदहाड़े गोली मारने से मचा हड़कंप-
शिवपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर ,भगवानपुर के पास ब्रिज के नीचे ट्रेन की चपेट में आने से रामविलास (24)पुत्र मटरु यादव निवासी काजी सराय, हरहुआ की मौत-
स्वामी विवेकानंद राजकीय चिकित्सालय में चिकित्सकों एवं उपलब्ध सेवाओं के आधार पर मरीजों को हर संभव चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध करायी जा रही- सीएमओ