August 27, 2026

रेलवे स्टेडियम मे बास्केटबॉल प्रतियोगिता-

Spread the love

*रेलवे स्टेडियम मे बास्केटबॉल प्रतियोगिता!*

 

*खिलाड़ी खेल भावना से प्रतियोगिता में अपने खेल का प्रदर्शन करें-महाप्रबन्धक चन्द्रवीर रमण*

 

*(शीतल निर्भीक ब्यूरो)*

गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम गोरखपुर में शनिवार को चार दिवसीय 12 से 15 नवम्बर तक आयोजित 30वीं अखिल भारतीय रेलवे सुरक्षा बल बास्केटबाल प्रतियोगिता- 2022 का शुभारम्भ पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबन्धक चन्द्र वीर रमण ने किया। इस अवसर पर अपर महाप्रबन्धक अनिल कुमार मिश्र, प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त।रेलवे सुरक्षा बल तारिक अहमद, वरिष्ठ रेल अधिकारी, मंडलों के मंडल सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल तथा खेल प्रेमी उपस्थित थे। इस दौरान महाप्रबन्धक ने कहा कि बास्केटबाल खिलाड़ी खेल भावना से प्रतियोगिता में अपने खेल का प्रदर्शन करें।

 

इस प्रतियोगिता के शुभारम्भ अवसर पर महाप्रबन्धक श्री रमण ने कहा कि इस वर्ष 30वीं अखिल भारतीय रेलवे सुरक्षा बल बास्केटबाल प्रतियोगिता के आयोजन का दायित्व पूर्वोत्तर रेलवे को सौंपा गया है।प्रतियोगिता वर्ष 1988 में सिकन्दराबाद में आरम्भ हुई थी। इस  प्रतियोगिता में कुल दस टीमें भाग ले रहीं है।

 

महाप्रबन्धक चन्द्र वीर रमण ने आशा व्यक्त की कि प्रतियोगिता के उपरान्त रेलवे सुरक्षा बल की चयनित बास्केटबाल की टीम अखिल भारतीय पुलिस खेल और अखिल भारतीय खेल प्रतियोगिता में नये आयाम स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ी खेल भावना से प्रतियोगिता में अपने खेल का प्रदर्शन करें। महाप्रबन्धक एवं अन्य अधिकारियों तथा खिलाड़ियों का स्वागत करते हुये प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल श्री तारिक अहमद ने कहा कि प्रतियोगिता में भाग ले रही सभी 10 टीमों को दो पूलों में बांटा गया है। दोनों पूलों से दो-दो टीमें सेमी फाइनल खेलेंगी। प्रतियोगिता में कुल 24 मैच खेले जायेंगे ।

 

उद्घाटन मैच मेजबान पूर्वोत्तर रेलवे और उत्तर मध्य रेलवे के बीच खेला गया, जिसमें पूर्वोत्तर रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने शानदार खेल प्रदर्शन करते हुये उत्तर मध्य रेलवे सुरक्षा बल को 42-23 परास्त किया। आरम्भ से ही पूर्वोत्तर रेलवे की टीम मैच में हावी रही और पूर्वोत्तर रेलवे के खिलाड़ी तेजी से अंक अर्जित करते रहे। प्रथम हाफ तक मेजबान टीम 28-09 से आगे थी तथा द्वितीय हाफ में भी पूर्वोत्तर रेलवे के खिलाड़ी छाये रहे। अन्ततः मैच मेजबान पूर्वोत्तर रेलवे ने 42-23 से जीत लिया। पूर्वोत्तर रेलवे सुनील ने 11 तथा दीपक ने 09 अंक बनाये। इसके अतिरिक्त कप्तान भीम सिंह, दीपक कश्यप, छोटेलाल, विजय एवं सतीश तिवारी शानदार खेल का प्रदर्शन किया। उत्तर मध्य रेलवे के फतेह सिंह ने अपनी टीम के लिये 13 अंक जुटाये।

 

आज शनिवार को खेले गये अन्य मैचों में उत्तर रेलवे ने पश्चिम मध्य रेलवे को 52-39, दक्षिण रेलवे ने रेलवे सुरक्षा विशेष बल को 40-34, पश्चिम रेलवे ने मध्य रेलवे को 51-45, पश्चिम रेलवे ने रेलवे सुरक्षा विशेष बल को 39-35 अंकों से हराया । इसके अतिरिक्त उत्तर पश्चिम रेलवे ने एकतरफा मुकाबले में उत्तर मध्य रेलवे को 28-02 तथा मध्य रेलवे ने पूर्वोत्तर सीमांत  रेलवे को 45-06 से हराया ।

 

पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के मुख्यजनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि रविवार को 13 नवम्बर,2022 को पूर्वोत्तर रेलवे एवं उत्तर पश्चिम रेलवे, दक्षिण रेलवे एवं पूर्वोत्तर सीमान्त रेलवे, उत्तर रेलवे एवं उत्तर मध्य रेलवे, रेलवे सुरक्षा विशेष बल एवं मध्य रेलवे, दक्षिण रेलवे एवं पश्चिम रेलवे, पूर्वोत्तर रेलवे एवं उत्तर रेलवे, रेलवे सुरक्षा विशेष बल एवं पूर्वोत्तर सीमान्त रेलवे तथा पश्चिम मध्य रेलवे एवं उत्तर मध्य रेलवे के बीच मैच खेले जायेंग।देर सांय तक पश्चिम मध्य रेलवे एवं उत्तर पश्चिम रेलवे के बीच मैच खेला जा रहा था ।