August 17, 2026

रामलीला समिति के प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर समस्याओं से कराया अवगत- अजय मिश्रा

Spread the love

*शाहगंज… रामलीला समिति के प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर समस्याओं से कराया अवगत*

 

*आगामी मेले के बाबत टूटी सड़कों आदि पर कराया ध्यान आकर्षित*

 

*पालिका सहित अन्य विभागों द्वारा मिले आश्वासन के बावजूद कोई कार्य न होने की रखी बात*

 

*जिलाधिकारी के निर्देश पर हरकत में आया प्रशासनिक अमला, सड़क निर्माण कार्य हुआ प्रारंभ*

 

*समिति ने जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी और वरिष्ठ पत्रकार राजकुमार सिंह का व्यक्त किया आभार*

 

शाहगंज/जौनपुर

 

आगामी दुर्गा पूजा, दशहरा और भरत मिलाप मेले के बाबत रामलीला समिति द्वारा बीते दिनों प्रशासनिक बैठक आहूत कराई गई थी। बैठक में मेले के बाबत तमाम समस्याओं से नगर पालिका, विद्युत, लोक निर्माण आदि विभागों के साथ उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी को अवगत कराते हुए समिति द्वारा तमाम समस्याओं के निवारण का आग्रह किया गया था। जिसपर उप जिलाधिकारी नितीश कुमार, क्षेत्राधिकारी अंकित सिंह और पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रदीप जायसवाल द्वारा नवरात्रि से पहले ही समस्याओं के निवारण का आश्वासन दिया गया था।

 

दुर्गापूजा, दशहरा और भरत मिलाप मेले में मात्र चार-पांच दिन शेष बचे होने के बावजूद पालिका सहित अन्य द्वारा समस्या का निवारण न किए जाने पर समिति का एक प्रतिनिधि मंडल जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा से मुलाकात कर उन्हें वर्तमान परिस्थितियों से अवगत कराया।

 

समिति के अध्यक्ष रामनारायन अग्रहरि, व्यवस्था प्रमुख घनश्याम जायसवाल, श्याम जी गुप्ता, कमलेश अग्रहरि और वरिष्ठ पत्रकार राजकुमार सिंह के 5 सदस्यों के प्रतिनिधि मंडल ने रविवार की देर रात जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा से उनके आवास पर मुलाकात कर समस्याओं से अवगत कराया तो जिलाधिकारी ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल उप जिलाधिकारी को निर्देश दिए। जिसपर प्रशासनिक अमला हरकत में आया और अगले दिन सोमवार की सुबह से ही समस्याओं के निवारण के बाबत सड़क निर्माण आदि पर कार्य प्रारंभ हुआ।

 

समिति के प्रतिनिधि मंडल सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने समस्याओं के निवारण के बाबत कार्य प्रारंभ होने पर जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, उप जिलाधिकारी नितीश कुमार और न्यूज़ चैनल आज तक के जिला प्रतिनिधि वरिष्ठ पत्रकार राजकुमार सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनको कोटिसह धन्यवाद दिया।