April 18, 2026

राजधानी के मेट्रो फेज 3 से दिल्ली मेट्रो ने सबक, अब फेज 4 में यात्रियों के लिए बहुत कुछ होगा खास-

Spread the love

PHASE 3 से लिया DELHI METRO ने सबक, अब PHASE 4 में यात्रियों के लिए बहुत कुछ होगा खास

 

 

नई दिल्ली. राजधानी के मेट्रो फेज 3 पर इंटरचेंज है और एक से दूसरी लाइन बदलने के लिए यात्रियों को काफी पैदल चलना पड़ता है. इस कारण लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है. ऐसे में अब डीएमआरसी ने सबक लेते हुए अपने अगले प्रोजेक्ट यानी की फेज 4 में इस बात का विशेष ध्यान रखा है. अब मेट्रो स्टेशन पर बनने वाले इंटरचेंज का रास्ता दो से तीन मिनट का होगा.

 

 

फेज 4 में इंटरचेंज की डिस्टेंस काफी कम रहेगी. बता दें कि फेज 3 में इंटरचेंज की शुरुआत हुई थी तो लोगों ने शिकायत की थी कि उन्हें काफी पैदल चलना पड़ता है. इससे समय भी काफी खराब होता है. यही कारण है कि फेज 4 के लिए डीएमआरसी ने इस बात का ध्यान रखा है. फेज 4 के तहत लोगों को बस ऊपर-नीचे ही जाना होगा, इससे पहले फेज 3 में ऊपर-नीचे जाने के साथ साथ काफी चलना भी पड़ता था. जैसे अभी राजीव चौक पर ब्लू लाइन से यलो लाइन तक जाने में सिर्फ एक से दो मिनट का समय लगता है.

 

 

खबर के अनुसार फेज-4 की जनकपुरी वेस्ट से आरके आश्रम मार्ग पर एक कॉरिडोर बन रहा है, इसमें आरके आश्रम मार्ग पर इंटरचेंज है. अभी आरके आश्रम मार्ग स्टेशन ब्लू लाइन पर आता है और एलिवेटेड स्टेशन है. कॉरिडोर बनने के बाद यह इंटरचेंज राजीव चौक की तरह हो जाएगा. जिस तरह राजीव चौक पर एक से दूसरी लाइन चेंज करने में सिर्फ ऊपर-नीचे जाते हैं और एक से दो मिनट का समय लगता है, ठीक इसी तरह इस नई लाइन का स्टेशन भी अंडरग्राउंड बनाया जा रहा है. यहां भी इंटरचेंज के लिए ऊपर-नीचे ही जाना होगा और एक से दो मिनट का समय लगेगा.

 

इसके अलावा अब नबी करीम पर भी इंटरचेंज की सुविधा होगी. इसमें भी एक से दो मिनट ही पैसेंजर्स को लाइन चेंज करने में लगेंगे. इस स्टेशन पर अंडरग्राउंड चार लेवल बनाए जाएंगे और जमीन के ऊपर 9 फ्लोर होंगे, जिसमें से 6 फ्लोर पर कार पार्किंग होगी. पार्किंग की सुविधा की बात करे तो 3 हजार गाड़ियां खड़ी की जा सकती हैं.

 

अभी राजौरी गार्डन ब्लू लाइन से इसी स्टेशन की पिंक लाइन, यलो लाइन पर आईएनए से पिंक लाइन, आजादपुर पिंक लाइन से यलो लाइन, जनकपुरी वेस्ट ब्लू लाइन से मजेंटा लाइन आदि पर जाने के लिए लोगों को काफी पैदल चलना पड़ता है. यहां 7 से 8 मिनट का समय लग जाता है.