April 16, 2026

मुख्तार अंसारी की पेशी, एमपी-एमएलए कोर्ट ने पेशी की तारीख 15 अप्रैल को तय

Spread the love

दोहरे हत्याकांड में नहीं हो सकी मुख्तार अंसारी की पेशी, एमपी-एमएलए कोर्ट ने पेशी की तारीख 15 अप्रैल को तय

मऊ : दक्षिणटोला थाना क्षेत्र के एआरटीओ आफिस के सामने 12 वर्ष पूर्व हुए दोहरे हत्याकांड के मामले में सोमवार को एमपी-एमएलए कोर्ट में पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी की वीडियो कांफ्रेंसिंग से पेशी नहीं हो सकी। बांदा जेल प्रशासन ने एक अन्य मामले में पूर्व विधायक को लखनऊ जाना बताया गया। इस पर एमपी-एमएलए कोर्ट के न्यायाधीश दिनेश चौरसिया ने अगली पेशी के लिए 15 अप्रैल की तिथि तय कर दी।

 

लोक निर्माण विभाग के ठेकेदार मन्ना सिंह हत्याकांड के चश्मदीद गवाह रामसिंह मौर्या व सिपाही सतीश कुमार के दोहरे हत्याकांड से संबंधित व धोखाधड़ी कर फर्जी असलहा लाइसेंस के गैंगस्टर मामलो में पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी की अपर जनपद एवं सत्र न्यायाधीश कोर्ट नं तीन व एमपी-एमएलए की विशेष कोर्ट दिनेश चौरसिया की अदालत में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से पूर्व सदर विधायक मुख्तार अंसारी की पेशी बांदा जेल से होनी थी। पूर्व विधायक के अधिवक्ता दारोगा सिंह ने बताया कि मुख्तार अंसारी सोमवार को एक अन्य मामले में लखनऊ होने के कारण उनकी पेशी नहीं कराई जा सकी।

 

बांदा जेल अधीक्षक ने भी रिपोर्ट भेंज कर इस बात की पुष्टि की। 12 वर्ष पूर्व हुए इस दोहरे हत्याकांड के उपरांत पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी सहित आधा दर्जन से अधिक लोगों को गैंगस्टर में आरोपित बनाया गया था। वहीं मुख्तार अंसारी ने अपने विधायक के लेटर पैड पर कई अपने लोगों के असलहा लाइसेंस के लिए सिफारिश की थी। लेटर पैड के आधार पर लोगों का असलहा लाइसेंस बनाया गया था। बाद में शिकायत पर जांच के दौरान अधिकांश लोगों का पता फर्जी पाया गया था।

 

मुख्तार की पत्नी व सालों के आवास पर पुलिस ने चस्पा की नोटिस

गाजीपुर के नंदगंज थाना क्षेत्र के फतेउल्लाहपुर में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर गोदाम बनाने के मामले में आरोपित मऊ के पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी की पत्नी अफ्शा बेगम, साले आतिफ रजा व अनवर सज्जाद के आवास पर रविवार को पुलिस ने बयान देने के लिए नोटिस चस्पा किया। वहीं डोमनपुरा गांव के रवींद्र नारायण सिन्हा के आवास पर पहुंचकर परिवार के सदस्यों को नोटिस तामिल कराया। विवेचक के सामने प्रस्तुत होकर बयान दर्ज न कराने पर यह कार्रवाई की गई है।