April 22, 2026

मिशन इन्द्रधनुष 4.0 का माइक्रोप्लान तैयार-

Spread the love

मिशन इन्द्रधनुष 4.0 का माइक्रोप्लान तैयारl

 

7 मार्च से शुरू होगा पहला चरण

 

एमओआईसी व सुपरवाइज़र को किया गया प्रशिक्षित*

 

अभियान में किसी प्रकार की कोताही बर्दास्त नहीं की जाएगी: सीडीओ

 

नियमित टीकाकरण से वंचित गर्भवती व बच्चे होंगे प्रतिरक्षित : जिला प्रतिरक्षण अधिकारी*

 

प्रयागराज 5 मार्च 2022 : सघन मिशन इन्द्रधनुष 4.0 अभियान के अंतर्गत नियमित टीकाकरण से छूटे हुए शून्य से दो वर्ष तक के बच्चों व गर्भवती का टीकाकरण किया जाएगा। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित संगम सभागार में मुख्य विकास अधिकारी शिपु गिरि की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक हुई। इस बैठक में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ॰ तीरथ लाल को मुख्य विकास अधिकारी ने अभियान का माइक्रोप्लान तैयार करने की ज़िम्मेदारी दी थी। डॉ॰ तीरथ लाल ने 21 ब्लॉक का माइक्रोप्लान तैयार करके उसे आज बीएसए व डीपीआरओ के साथ साझा किया है। सीडीओ के निर्देशन में डॉ॰ तीरथ लाल ने शनिवार को गूगल मीट के जरिए जनपद के सभी एमओआईसी व सुपरवाइज़र को डेटा इंट्री व चेकलिस्ट भरने के विषय में दिशानिर्देश देते हुए प्रशिक्षित किया।

 

नियमित टीकाकरण शतप्रतिशत हो इसके लिए सीडीओ ने माइक्रोप्लान पर अपनी राय रखते हुए कहा कि कोविड-19 के कारण नियमित टीकाकरण अभियान पिछड़ गया था। मिशन इंद्रधनुष 4.0 के अंतर्गत नियमित टीकाकरण के लक्ष्य को इस माइक्रोप्लान के आधार पर गति दी जाएगी। सभी एमओआईसी इस अभियान को अच्छे तरीके से पूरा कराएं। तैयार किए गए माइक्रोप्लान के अनुसार अभियान के संचालन को लेकर ज़ोर दिया जाए। अन्य विभाग जो इस अभियान से जुड़े हैं वह सभी अभियान को प्राथमिकता पर रखते हुए सफल बनाएं। सभी लोग माइक्रो प्लान के अनुसार कार्य करें। समय-समय पर आपके कार्यों की समीक्षा की जाएगी व कहीं से किसी प्रकार की कोताही बर्दास्त नहीं की जाएगी।

 

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ॰ तीरथ लाल ने बताया कि जनपद के 3505 सेशन प्लान किए गए हैं। ताकि नियमित टीकाकरण से छूटे लोगों तक आसानी से पहुंचा जा सके। इसके अंतर्गत शून्य से दो वर्ष के 13774 बच्चे व 4920 गर्भवती का नियमित टीकाकरण किया जाना है। इस अभियान के लिए समुदाय को मोबिलाईज़ करना बेहद जरूरी है जिससे वह सत्र स्थल पर आकार बच्चों को टीकाकरण करा सकें। आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ता समुदाय को जागरूक करें और लाभार्थियों को सत्र स्थल तक लेकर आयें। प्रत्येक ब्लॉक की सभी ग्रामसभा में एएनएम के दिशानिर्देश पर आशा घर-घर जाकर दस्तक दें व दोनों आपसी समन्वय से नियमित टीकाकरण से वंचित लोगों की खोज करें। ताकि टीकाकरण से वंचित हर बच्चा व गर्भवती को टीका लगाकर प्रतिरक्षित किया जा सके। मिशन इंद्रधनुष 4.0 के साथ-साथ ही कोविड वैक्सीनेशन भी चलता रहेगा।

 

यह टीके लगेंगे अभियान में

इस अभियान का नाम इंद्रधनुष इसलिए ही रखा गया है क्योंकि अभियान के दौरान सात बीमारियों से प्रतिरक्षित करने के लिए टीके लगाए जाएंगे। शून्य से दो वर्ष तक के बच्चों को बीसीजी, ओपीवी, पेंटावेलेंट, रोटा वैक्सीन, आईपीवी, मिजल्स, विटाविन.ए, डीपीटी बूस्टर डोज, मिजल्स बूस्टर डोज और बूस्टर ओपीवी, पीसीवी के टीके लगाए जाएंगे। इसके अलावा अभियान में गर्भवती महिलाओं को टीडी का टीका लगाया जाएगा।