June 21, 2026

भारत में ओमिक्रोन के पांच नए मामले, 11 राज्यों तक पहुंचा कोरोना का नया वैरिएंट, गृह मंत्रालय ने की हालात की समीक्षा-

Spread the love

✒️ *भारत में ओमिक्रोन के पांच नए मामले, 11 राज्यों तक पहुंचा कोरोना का नया वैरिएंट, गृह मंत्रालय ने की हालात की समीक्षा*

भारत में ओमिक्रोन के मामलों में हर रोज बढ़ोतरी हो रही है।समाचार एजेंसी पीटीआइ की रिपोर्ट के मुताबिक राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली में गुरुवार को चार नए मामले सामने आए जबकि गुजरात के मेहसाणा जिले की विजापुर तहसील के एक गांव में गुरुवार को एक 41 वर्षीय महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता ओमिक्रोन से संक्रमित पाई गई। इसके साथ ही देश में ओमिक्रोन के संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 78 हो गया है। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए केंद्र सरकार भी सक्रिय हो गई है। केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने गुरुवार को देश में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा की।कोरोना का यह नया वैरिएंट महाराष्ट्र और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों तक पहुंच गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने गुरुवार को ओमिक्रोन के बढ़ते मामलों के बीच बृहस्पतिवार को देश में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा की। इस बैठक में महामारी की स्थिति से निपटने के लिए सभी केंद्र शासित प्रदेशों की स्वास्थ्य संबंधी तैयारियों की भी समीक्षा की गई। बैठक में केंद्र शासित प्रदेशों के प्रशासनिक अधिकारी और केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण शामिल हुए।

✒️ *ओमिक्रोन एलर्ट:यूरोप में तेजी से फैल रहा ओमिक्रोन, ब्रिटेन में एक दिन में रिकार्ड 78 हजार केस मिले, फ्रांस में 65 हजार से अधिक केस*

ब्रिटेन और 27 देशों के समूह यूरोपीय संघ में कोरोना का ओमिक्रोन वैरिएंट तेजी से फैल रहा है। इस क्षेत्र में डेल्टा वैरिएंट पहले से ही कहर ढा रहा है। इसके परिणाम स्वरूप ब्रिटेन में बुधवार को कोरोना संक्रमण के रिकार्ड 78,610 नए मामले सामने आए। इससे पहले आठ जनवरी को सबसे ज्यादा 68,053 केस मिले थे। फ्रांस में भी 65,713 नए मामले मिले हैं। यहां पिछले एक हफ्ते के दौरान प्रतिदिन औसतन 50 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आ रहे हैं जो पिछले साल नवंबर के बाद से सबसे अधिक है।डाउनिंग स्ट्रीट में प्रेस कांफ्रेंस में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जानसन ने कहा कि ओमिक्रोन के मामले दो दिन से भी कम समय में दोगुना हो रहे हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि बूस्टर डोज लगवाने की बढ़ती संख्या से इस वैरिएंट के प्रभाव को कम करने में मदद मिलेगी। स्वास्थ्य मंत्री साजिद जाविद ने आने वाले दिनों में सख्त पाबंदियां लगाने की संभावनाओं को खारिज नहीं किया है और मास्क पहनने और जहां तक संभव हो घर से काम करने पर जोर दिया है यूरोपीय सेंटर फार डिजीज प्रीवेंशन एंड कंट्रोल ने कहा है कि अगले महीने के मध्य तक ओमिक्रोन यूरोप में सबसे प्रमुख वैरिएंट बन जाएगा और डेल्टा को भी पीछे छोड़ देगा।

 

✒️ *उत्तर प्रदेश विधानमंडल शीतकालीन सत्र : सरकार ने कहा- कोरोना में आक्सीजन की कमी से नहीं हुई एक भी मौत*

उत्तर प्रदेश सरकार ने आज विधान परिषद में कहा कि राज्य में कोरोना की दूसरी लहर में आक्सीजन की कमी से एक भी व्यक्ति की मौत नहीं हुई है।स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह ने कांग्रेस सदस्य दीपक सिंह के प्रश्न के जवाब में कहा कि अस्पताल में भर्ती कोरोना मरीजों में 22915 की मृत्यु हुई है। डाक्टरों की रिपोर्ट के अनुसार इसमें से एक की भी मौत आक्सीजन की कमी से नहीं हुई है।कांग्रेस सदस्य दीपक सिंह ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर के दौरान सरकार के ही कई मंत्री व सांसदों ने सरकार को पत्र लिखकर आक्सीजन की कमी का जिक्र किया था। साथ ही दूसरी लहर में कोई भी ऐसा परिवार नहीं है जिसने अपनों को न खोया हो। उस समय अस्पतालों में जो अव्यवस्थाएं थीं उस कारण जो मौतें हुईं उसे पूरे प्रदेश ने देखा है।सपा सदस्य उदयवीर सिंह ने कहा कि आगरा के पारस हास्पिटल के खिलाफ कार्रवाई भी सरकार ने आक्सीजन बंद होने के मामले में की है। इसके बावजूद सरकार सदन में कह रही है कि एक भी मौत आक्सीजन की कमी से नहीं हुई है। नेता सदन डा. दिनेश शर्मा ने कहा कि सरकार की तत्परता व उपचार के बड़े संसाधनों के कारण ही कोरोना से बचाव संभव हो सका है। सरकार के जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस सदस्य दीपक सिंह ने सदन से बहिर्गमन किया।

 

✒️ *हो जाओ सावधान:अगर आपने अभी तक कोरोना वैक्सीन नहीं लगवाई तो हो जाएं सावधान, आपके घर क्रास का निशान लगाएगी सरकार*

कोरोनारोधी टीका नहीं लगवाने वाले लोगों के घर पर अब क्रॉस का निशान लगेगा।स्वास्थ्य विभाग घर-घर टीकाकरण अभियान शुरू करने जा रहा है। इस दौरान टीका लगवाने वाले और नहीं लगवाने वाले दोनों चिह्नित होंगे। जिन घरों में भी क्रॉस का निशान दिखेगा, उस घर के सभी वयस्क सदस्यों को टीका लगाया जाएगा।ऐसे घरों को पहचानने की जिम्मेदारी आशा कार्यकत्रियों को दी गई है। अभियान के दौरान एएनएम घरों में जाकर टीका लगाएंगी। जहां कोई नहीं मिलेगा, उस घर के बाहर निशान लगा दिया जाएगा। आशाओं से यह भी कहा गया है कि जिस घर में कोई एक सदस्य भी टीका लगवाने से रह गया हो, तो वहां निशान लगा दें।जिस घर में लोगों ने पहली डोज लगवा ली है, वहां निशान नहीं लगेगा, बल्कि उनकी डोज अंकित की जाएगी। इसी तरह जिनको दूसरी डोज लगवाने में समय है, उनके घर भी यह अंकित किया जाएगा। जहां परिवार के सभी लोगों को दोनों डोज लग चुकी है, वहां वैक्सिनेशन कम्प्लीट का निशान होगा।

 

✒️ *विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी ने की घोषणा : गरीब महिलाओं को इलाज के लिए अतिरिक्त पांच लाख देगी सरकार*

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा में असाध्य रोगों से पीड़ित गरीब महिलाओं को बड़ी राहत देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना या मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना से आच्छादित महिला के इलाज पर यदि निधारित 5 लाख से अधिक खर्च आता है तो सरकार उस महिला के इलाज के लिए अलग से पांच लाख रुपये की मदद देगी। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कुष्ट रोगियों केपेंशन में भी 500 रुपये की बढ़ोत्तरी करने का एलान किया है। कुष्ट रोगियों को अब तक 2500 रुपये प्रतिमाह पेंशन मिलती है, जिसे बढ़ाकर 3000 किया जाएगा।विधानसभा में अनुपूरक बजट पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि असाध्य रोग से ग्रस्त गरीब महिलाओं के इलाज पर अधिक खर्च से होने वाली परेशानी को देखते हुए सरकार ने यह फैसला किया है। इसके आलावा मुख्यमंत्री ने मिड डे मिल के रसोईया, शिक्षामित्र, अनुदेशक, चौकीदार आदि के भी मानदेय बढ़ाने की घोषणा की।

 

✒️ *विधानसभा में अनुपूरक बजट: उत्तर प्रदेश के 6.66 करोड़ मजदूरों को 500 रुपये महीना भत्ता देगी योगी सरकार*

उत्तर प्रदेश में पहली बार असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को किसी सरकार ने भत्ता दिए जाने का इंतजाम बजट में किया है। प्रदेश में असंगठित क्षेत्र में करीब 6.66 लाख करोड़ मजदूर हैं। इनका पंजीकरण श्रम विभाग के ई-श्रम पोर्टल पर हो रहा है। दूसरे अनुपूरक बजट में इनकी सहायता के लिए 4000 करोड़ रुपये का प्राविधान जो किया गया है वह इस वित्तीय वर्ष के चार महीनों के लिए है। विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक इन मजदूरों को हर महीने 500 रुपये भत्ता सरकार देगी। दिसंबर महीने से ही भत्ते का भुगतान किया जाएगा। दिसंबर से मार्च तक के चार महीनों के भत्ते को एक-एक हजार रुपये की दो किश्तों में भुगतान किया जाएगा।बताया जाता है कि केंद्र सरकार ने पूरे देश में असंगठित क्षेत्र के 40 करोड़ मजदूरों के पंजीकरण का लक्ष्य निर्धारित किया है। जिसके तहत उत्तर प्रदेश को 06 करोड़ 66 लाख 07 हजार मजदूरों का पंजीकरण ई-श्रम पोर्टल पर करने का लक्ष्य दिया गया है। प्रदेश से अभी तक इस पोर्टल पर 02 करोड़ 52 लाख मजदूरों का पंजीकरण हो चुका है। पंजीकरण करने का क्रम जारी है। दिहाड़ी मजदूर, ठेला-खोमचा, रेहड़ी, फेरी आदि के माध्यम से अपनी आजीविका का इंतजाम करने वाले असंगठित क्षेत्र के मजदूर इस दायरे में आएंगे।

 

✒️ *केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, इथेनॉल पर जीएसटी रेट को 18 से घटाकर 5 प्रतिशत किया*

केंद्र नरेंद्र मोदी सरकार ने गुरुवार को एक बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (ईबीपी) प्रोग्राम के तहत मिश्रण के लिए इथेनॉल पर जीएसटी दर को 18 प्रतिशत से घटाकर 5 फीसदी कर दिया है। इसका इस्तेमाल ब्लेंडिंग के लिए किया जाता है।

 

✒️ *शेयर बाजार की गिरावट पर ब्रेक, सेंसेक्स 113 अंक उछलकर बंद, निफ्टी में भी तेजी*

शेयर बाजार में गुरुवार को एक बार फिर बहार लौटी और लगातार तीन दिन की गिरावट पर ब्रेक लग गया। हरे निशान पर कारोबार की शुरुआत करने के बाद दिन भी के उतार-चढ़ाव भरे दिन के अंत में बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ। बीएसई का सेंसेक्स 113.11 अंक की बढ़त के साथ 57,901.14 के स्तर पर पर बंद हुआ। इसी तरह एनएसई का निफ्टी भी 29 अंक की तेजी लेकर 17,248.40 के स्तर पर बंद हुआ।

 

✒️ *नई चीनी मिल खोलने पर होगा 5000 करोड़ का निवेश,अलीगढ़ की चीनी मिल की क्षमता बढ़ाई जाएगी*

प्रदेश में चीनी मिलों के बंद होने के लिए पूर्व की सरकारों को जिम्मेदार ठहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा, कांग्रेस और बसपा की सरकारों ने प्रदेश 31 चीनी मिलों को बंद कर दिया था। लेकिन भाजपा सरकार ने एक-एक करके इन सभी मिलों को दुबारा शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त सरकार ने बुढ़वल (बाराबंकी), अलीगढ़, मोरना, गजरौला, छाता के चीनी मिलों की क्षमता बढ़ाई जाएंगी। जिन मिल क्षेत्रों में गन्ना की उपलब्धता कम होगी, उनमें एथनाल उत्पादन के लिए संयत्र भी लगाएं जाएंगे। उन्होंने देवी पाटन और गोरखपुर मंडल के सुल्तानपुर में नई चीनी मिल खोलने की भी घोषणा की है। इन सभी मिलों पर करीब 5000 करोड़ रुपये का निवेश होगा।

 

✒️ *भाजपा जिलाध्यक्ष व दोनों पुत्रों सहित नौ के खिलाफ कोर्ट ने जारी किये वारंट*

करीब चार वर्ष पहले नगर में मारपीट के मामले में दर्ज मुकदमे में अदालत ने भाजपा जिलाध्यक्ष समेत उनके दो पुत्रों सहित नौ के खिलाफ समन जारी कर 12 जनवरी को अदालत में तलब किया है।अतरौली नगर के मोहल्ला मुगलान निवासी अतुल गुप्ता के भतीजे संदीप गुप्ता के साथ करीब चार वर्ष पहले 11 जुलाई 2018 को साय: साढ़े चार बजे नगर के मोहल्ला खेरापतान निवासी भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी ऋषिपाल सिंह व उनके दो बेटे तपेश चौधरी और हिमांशु चौधरी व छह अन्य पर आरोप था कि एक बाइक पर तीन लोग सवार होकर आए और हलवाई की दुकान से बाइक हटाने के लिए कहे जाने पर बाइक सवार इतने नाराज हो गए कि उन्होंने लाठी डंडों से हमला कर दिया। आरोप यह भी है कि उक्त लोगों के पास रिवाल्वर भी थी। इस मामले आरोपियों के खिलाफ मुकदमा कायम हुआ था।भाजपा जिलाध्यक्ष ऋषिपाल सिंह ने बताया कि मामला पुराना है। राजनीतिक द्वेष के चलते मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने द्वेष पूर्वक दर्ज मुकदमे में जो धाराएं लगी थीं, उनमें भी कई हटाई जा चुकी हैं। पूर्व में सीओ स्तर से हुई जांच में दोनों बेटों के भी नाम निकाले जा चुके हैं। अब अदालत ने तलब किया है तो अपना पक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

 

✒️ *चाचा शिवपाल सिंह यादव से मिलने घर पहुंचे अखिलेश यादव, एक साथ लड़ेंगे उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव*

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज शाम करीब साढ़े तीन बजे अचानक अपने चाचा व प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल यादव से मिलने उनके घर पहुंच गए। चाचा और भतीजे की इस मुलाकात की जानकारी सियासी गलियारे में आते ही यूपी की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। कुछ देर बाद अखिलेश यादव ने शिवपाल यादव के साथ अपनी तस्वीर ट्वीट कर इस बात की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलाकात हुई और गठबंधन की बात तय हुई। क्षेत्रीय दलों को साथ लेने की नीति सपा को निरंतर मजबूत कर रही है और सपा और अन्य सहयोगियों को ऐतिहासिक जीत की ओर ले जा रही है।पिछले कई महीनों से चाचा शिवपाल और उनके भतीजे अखिलेश यादव के मन में एक दूसरे के प्रति नरमी और श्रद्धा भाव देखा जा रहा था। ऐसे में पहले से यह कयास लगाए जा रहे थे कि यूपी विधानसभा चुनाव 2022 से पहले ही चाचा और भतीजे फिर से एक हो सकते हैं। शिवपाल सिंह यादव ने प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के नगर व जिलाध्यक्षों की बैठक बुलाई थी। इस बैठक के बाद ही अखिलेश यादव शिवपाल के आवास पहुंचे। शिवपाल और अखिलेश की मुलाकात करीब 20 मिनट तक चली। उन्होंने इस दौरान मीडिया से बातचीत नहीं की। यह भी बताया जा रहा है कि सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव पहले से ही शिवपाल के आवास पर मौजूद थे।

 

✒️ *सिविल लाइन क्षेत्र में बिना नक्शे के ही बना डाला 500 वर्गगज में अपार्टमेंट, एडीए ने किया सील*

अलीगढ़ में अवैध निर्माण के खिलाफ एडीए का अभियान जारी है।टीम ने थाना सिविल लाइन क्षेत्र में चार अवैध निर्माणों को सील किया। हैरत की बात है एडीए से बिना नक्शा स्वीकृत कराए 500 वर्गगज में अपार्टमेंट बना दिया गया।एडीए वीसी गौरांग राठी के निर्देश पर एडीए टीम गुरुवार को सिविल लाइन थाना क्षेत्र में कार्रवाई करने पहुंची। सबसे पहले हमदर्द नगर गली नंबर दो में परवेश की पांच मंजिला भवन को सील किया गया। यहां 700 वर्ग गज क्षेत्रफल में बने अवैध निर्माणों को सील किया गया। इसके बाद टीम जकरिया मार्केट में पहुंची। यहां पर सर सैय्यद नगर में 700 वर्ग क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए बने निर्माण को सील किया गया। इसके बाद टीम जेल ओवर ब्रिज के नीचे पहुंची। यहां पर अलाउद्दीन द्वारा 400 वर्ग गज क्षेत्र में किए गए अवैध निर्माण को सील किया गया। इसके बाद बदरबाग स्थित अपार्टमेंट में पहुंची। यहां पर बिना नक्शा बनाए स्वीकृत किए गए इलियास चौधरी के 500 वर्ग गज क्षेत्र में किए गए निर्माण को सील कर दिया गया है। ऐसे में सवाल उठता है कि इतने बड़े-बड़े निर्माण अवैध रूप से कर कैसे लिए गए। जिनका नक्शा स्वीकृत होने पर एडीए को लाखों रूपए विभिन्न शुल्क के रूप में मिलते और प्राधिकरण का खजाना बढ़ता। लेकिन एडीए के एई, जेई अपने-अपने क्षेत्र में हो रहे इन अवैध निर्माणों की तरफ कभी ध्यान ही नहीं दिया।

 

✒️ *मदरसा शिक्षकों को मिलेगा नई पेंशन योजना का लाभ*

उत्तर प्रदेश सरकार सहायता प्राप्त मदरसों के शिक्षकों को नई पेंशन योजना का लाभ देगी। इसके लिए सरकार ने शासनादेश जारी कर दिया है। विधान परिषद में आज अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री मोहसिन रजा ने शिक्षक दल के सदस्य ध्रुव कुमार त्रिपाठी के प्रश्न के जवाब में कहा कि एक अप्रैल 2005 के बाद मदरसों में नियुक्त शिक्षकों का नई पेंशन योजना के तहत राज्यांश स्पष्ट प्रावधान न होने के कारण नहीं जमा हो रहा था। वित्त विभाग के वर्ष 2012 के शासनादेश के कारण ही यह भ्रम बना हुआ था। हमारी सरकार ने 14 दिसंबर 2021 को एक नया शासनादेश जारी किया है। इसके तहत सभी मदरसा शिक्षकों का अंशदान उनके प्रान खाते में जमा किया जाएगा।

 

✒️ *डब्ल्यूएचओ की क्षेत्रीय निदेशक ने कहा, बहुत तेजी से फैल रहा ओमिक्रॉन, मौजूदा टीके हो सकते हैं कम असरदार*

दक्षिण अफ्रीका में सामने आया कोरोना वायरस का नया वैरिएंट ओमिक्रॉन इस समय पूरी दुनिया के लिए संकट का सबब बना हुआ है। इस वैरिएंट को लेकर डब्ल्यूएचओ की क्षेत्रीय निदेशक डॉ. पूनम खेत्रपाल सिंह ने बात की। इस दौरान उन्होंने इससे खतरा और इस पर टीकों के असर समेत अन्य सवालों पर बात की।कोरोना वायरस के नए और अधिक संक्रामक वैरिएंट ओमिक्रॉन को लेकर बन रहीं चिंताओं के बीच विश्व स्वास्थ्य संगठन दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र की क्षेत्रीय निदेशक डॉ. पूनम खेत्रपाल सिंह ने कहा कि इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि ओमिक्रॉन कोरोना वायरस के पिछले किसी भी वैरिएंट के मुकाबले अधिक तेजी से फैल रहा है और किसी को भी इसे हल्का नहीं कहना चाहिए।समाचार एजेंसी एएनआई को दिए एक साक्षात्कार में डॉ. पूनम खेत्रपाल सिंह ने कहा कि ओमिक्रॉन से कुल मिलाकर जो खतरा सामने आ रहा है वह तीन सवालों पर निर्भर करता है। पहला, यह वैरिएंट कितना संक्रामक है। दूसरा, टीका और पूर्व में हुआ संक्रमण इससे बचाने में कितना सक्षम है और तीसरा सवाल यह है कि कोरोना वायरस के पूर्व में सामने आ चुके विभिन्न वैरिएंट के मुकाबले में यह कितना खतरनाक है।डॉ. सिंह ने कहा कि वर्तमान में हमारे पास जो जानकारी और सबूत हैं उनके अनुसार ओमिक्रॉन पिछले वैरिएंट के मुकाबले में कहीं अधिक तेजी से फैल रहा है। दक्षिण अफ्रीका का शुरुआती डाटा बताता है कि ओमिक्रॉन से दोबारा संक्रमित होने का खतरा बढ़ा है, लेकिन किसी निष्कर्ष पर पहुंचने के लिए अभी हमें और जानकारियों की आवश्यकता है। ओमिक्रॉन वैरिएंट को लेकर अभी भी हमारे पास बहुत सीमित डाटा है।डब्ल्यूएचओ की क्षेत्रीय निदेशक ने कहा कि ओमिक्रॉन वैरिएंट से संक्रमित होने वालें की चिकित्सकीय तस्वीर समझने के लिए अभी और जानकारियों की जरूरत है। उन्होंने कहा कि डब्ल्यूएचओ सभी देशों को अपने कोविड-19 क्लिनिकल डाटा प्लेटफॉर्म के जरिए अपने यहां अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों के डाटा को साझा करने के लिए प्रोत्साहित करता है। इससे हमें ओमिक्रॉन को समझने में खासी मदद मिलेगी। डॉ. पूनम खेत्रपाल सिंह ने कहा कि शुरुआती डाटा इस ओर संकेत करता है कि ओमिक्रॉन के खिलाफ टीकों के असर में कमी आ सकती है। हालांकि, इसे लेकर भी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने के लिए उन्होंने अधिक जानकारी की जरूरत पर जोर दिया और कहा कि आने वाले सप्ताहों में हमें इसे लेकर और जानकारी मिल सकती है।

 

✒️ *वीडियो वायरल: मुस्लिम अधिक बच्चे पैदा नहीं करेंगे तो ओवैसी प्रधानमंत्री कैसे बनेंगे*

अलीगढ़ में एक तरफ जहां सरकार जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाकर लोगों से अपील कर रही है कि हम दो हमारे दो। वहीं उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ यहां तक कह चुके हैं कि जिन लोगों के अधिक बच्चे हैं। उनको बुनियादी सुविधाओं से वंचित किया जाना चाहिए। ऐेसे में एआईएमआईएम के जिलाध्यक्ष गुफरान नूर का विवादित वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वह लोगों को कहते हुए नजर आ रहे हैं कि मुस्लिम समुदाय को बच्चे अधिक पैदा करने चाहिए। अगर मुस्लिम अधिक बच्चे पैदा नहीं करेंगे तो हम राज कैसे करेंगे, असदुद्दीन ओवैसी प्रधानमंत्री और शौकत साहब मुख्यमंत्री कैसे बनेंगे। वायरल वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है।एआईएमआईएम ज़िलाध्यक्ष गुफरान नूर ने कहा कि हम लोग एक जगह बैठकर दीनी तालीम की बातें कर रहे थे। उसी समय किसी शरारती तत्व ने वहां पर हमारी वीडियो बना ली और उसे कंटछांट कर वायरल कर दिया है। हम अपने दिलों की बातें कर रहे थे, कोई राजनीतिक मंच से ये बातें नहीं हो रही थीं। हमने कोई ऐसी गलत बात भी नहीं कि थी। वीडियो को तोड़ मरोड़कर पेश किया गया है। जो गलत है। हम लोग अपनी हिस्सेदारी की बातें कर रहे थे।

 

✒️ *दिल्ली में क्रास-जेंडर मालिश सेवाओं पर प्रतिबंध लगाने के आदेश पर लगी रोक, हाई कोर्ट ने की ये टिप्पणी*

क्रास-जेंडर मालिश सेवाओं पर प्रतिबंध के आदेश पर दिल्ली हाई कोर्ट ने यह कहते हुए आज रोक लगा दी कि पूर्ण प्रतिबंध और स्पा में देह व्यापार को रोकने के बीच कोई उचित संबंध नहीं है।न्यायमूर्ति रेखा पल्ली की पीठ ने कहा कि अदालत का प्रथम दृष्टया विचार है कि क्रास-जेंडर मालिश पर इस तरह के पूर्ण प्रतिबंध को नीति के उद्देश्य से कोई उचित संबंध नहीं कहा जा सकता है। स्पा के कामकाज को विनियमित करते समय यह सुनिश्चित करना होगा कि शहर में कोई अवैध तस्करी या देह व्यापार नहीं हो रही है।पीठ ने यह भी कहा कि जबकि प्रतिवादी अधिकारियों को स्पा केंद्रों को विनियमित करने के लिए उपाय करने चाहिए ताकि इस तरह की अवैध गतिविधियों को रोका जा सके, लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि प्रतिबंध लगाने की नीति स्पा सेवाओं में शामिल पेशेवरों के परामर्श के बिना बनाई गई थी।इसके साथ ही पीठ ने अगली सुनवाई तक आदेश पर रोक लगाने का निर्देश दिया। साथ ही यह भी निर्देश दिया कि तीनों नगर निगम और दिल्ली पुलिस एक सप्ताह के भीतर अपने-अपने क्षेत्र का निरीक्षण करें और सभी बिना लाइसेंस वाले स्पा को बंद करने के लिए उचित कदम उठाएं।पीठ ने कहा कि यदि निरीक्षण के दौरान कोई अवैधता पाई जाती है, तो पुलिस उचित मामले दर्ज करे और तुरंत कार्रवाई के लिए नगर निकायों को सूचना दे। विभिन्न स्पा सेंटरों के मालिकों और चिकित्सकों की तरफ दायर याचिका पर पीठ ने उक्त निर्देश व आदेश दिए।याचिका में क्रास-जेंडर मसाज पर रोक लगाने के आदेश को चुनौती दी गई है। वहीं, सुनवाई के दौरान दिल्ली सरकार ने इस नीति का बचाव करते हुए कहा कि प्रतिबंध महिलाओं और बच्चों को स्पा सेंटरों में देह व्यापार के खतरे से बचाने के लिए किया गया है

 

✒️ *अतरौली क्षेत्र साइकिल सवार को अज्ञात वाहन ने रौंदा उपचार के दौरान मौत*

थाना अतरौली क्षेत्र के गांव वहरावत निवासी संजय कुमार (34 वर्षीय) पुत्र खजान सिंह किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए हरचंदपुर गया था वहां से दावत खाकर साइकिल द्वारा वापस कर के लिए लौट रहा था तभी हरचंदपुर के पास ही अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी जिसमें संजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना होते ही आसपास के ग्रामीण एकत्रित हो गए और घायल उसकी पहचान करते हुए उसके परिजनों को सूचना दे दी। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने संजय कुमार को अतरौली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान आज सुबह तड़के उसने दम तोड़ दिया। घटना से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है मृतक अपने पीछे तीन बेटे और पत्नी रोते बिलखते छोड़ गया है।

 

✒️ *फर्जी रोडवेज बस के साथ चालक गिरफ्तार*

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी द्वारा अपराध की रोकथाम एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन – 420 के तहत थाना गाँधीपार्क पुलिस द्वारा परिवहन विभाग के सहयोग से अवैध तरीके से संचालित की जा रही एक फर्जी रोडवेज बस नं0- UP13 AT1480 को कम्पनी बाग चौराहे से बरामद किया गया है, वहीं चालक को गिरफ्तार किया गया है गिरफ्तार अभियुक्त ने अपना नाम कर्मवीर पुत्र रामपाल निवासी गांव संजर पुर कैरवा थाना सिघावली अहीर जिला बागपत बताया। उक्त अभियुक्तगण द्वारा उत्तर प्रदेश परिवहन रोडवेज बस की तरह ही प्राइवेट बस पर कलर करके कम्पनी बाग चौराहे से सवारियों को भ्रमित करते हुए आवाज लगाकर बिठा लेते थे, यात्रीगण सामान्यतः रोडवेज बस में बैठ जाते थे बाद में जब किराए / टिकट की जानकारी करने पर उन्हें पता चलता था कि यह रोडवेज बस नहीं है। बस के चालक द्वारा रोडवेज के उसी रंग रूप से संचालित कर यात्रियों को धोखा देकर इनके द्वारा उत्तर प्रदेश परिवहन निगम को आर्थिक हानि पहुंचाई जा रही थी एवं अवैध लाभ अर्जित किया जा रहा था । चालक के विरुद्ध थाना गाँधीपार्क पर धारा 420 भादवि पंजीकृत किया गया।

 

✒️ *सरकारी बैंको के निजी करण की सोच ही गम्भीर विनाश कारी, जनता का भरोसा केवल सरकारी बैंको मे ही,:व्यापार मंडल*

उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रत्तिनिधि मण्डल की एक आवश्यक बैठक समर्पण कम्प्लेक्स रेलवे रोड कार्यालय पर सतीश माहेश्वरी की अध्यक्षता में हुई। सतीश माहेश्वरी कहा कि हमारे देश मे जनता का भरोसा केवल सरकारी बैंको मे है, सरकार का राष्ट्रीय बैंको का निजीकरणकरण एक विनाशकारी सोच है। कई निजी बैंको के बंद होने का परिणाम जनता भुगतती रही है। यश बैंक के बांड होल्डर्स को आज तक पूरा पैसा नही मिला ये इसका एक उदाहरण मात्र है। वास्तव में कर्ज माफी योजनाओं और कर्ज वसूली में सरकार की राजनीतिक कारणों से मदद न करने से बैंक कमजोर होती हैं। पिछले 3 सालों में सरकारी बैंक काफी मजबूत हुए हैं। निजीकरण का विरोध का पत्र वित्त मन्त्री को भेज दिया गया है।ओपी राठी चेयरमैन ने कहा कि समय के अनरूप सरकारी बैंकों को ग्राहक सेवा में सुधार लाकर निजी बैंको से प्रतिस्पर्धा में आगे आना चाहिए। निजी बैंको की तरह बैंक चार्जेज में लूट मार नही करनी चाहिये व बैंको में समय बद्ध सीमा में कार्य न करना चिंता का विषय है।किशन गुप्ता ने कहा कि बैंको में जमा एक एक

पाई की गारंटी सरकार को देनी चाहिए,5 लाख की सीमा उचित नही है।बैठक का संचालन दिनेश कुमार अग्रवाल महामंत्री ने किया।

बैठक में अशोक कुमार गुप्ता प्रदेश संगठनमंत्री, विवेक शर्मा युवा अध्यक्ष,अश्वनी मित्तल ,राकेश अग्रवाल सिक्ससन्स वरिष्ठ उपाध्यक्ष, संदीप मित्तल, विकास शर्मा, अनिल कुमार अग्रवाल तारवाले, बी के तोमर, गर्वित माहेश्वरी महामन्त्री सासनीगेट ,पंकज गर्ग उपाध्यक्ष इत्यादि मौजूद रहे।

 

✒️ *अमुवि छात्र ने भारतीय सांख्यिकी सेवा परीक्षा में हासिल किया पहला स्थान*

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के स्टेटिस्टिक्स एंड आपरेशन रिसर्च विभाग के शोध छात्र अमित कुमार ने संघ लोक सेवा आयोग की भारतीय सांख्यिकी सेवा परीक्षा में शीर्ष स्थान हासिल किया। उन्हें भारतीय रिजर्व बैंक में ग्रेड बी-डीएसआइएम पद के लिए दूसरे रैंक के साथ चुना गया है।अमित कुमार ने बताया कि यूपीएससी के किसी भी उम्मीदवार के लिए सबसे बड़ी चुनौती लक्ष्य हासिल होने तक तैयारी की गति को सही रास्ते पर बनाये रखना है। एक सफल यात्रा की कुंजी के लिए आवश्यक है कि आप अविश्वसनीय बाधाओं के बावजूद प्रयास जारी रखें। अमित ने बताया कि जब कोविड महामारी ने जीवन में एक ठहराव ला दिया था, तब उन्होंने विभिन्न सांख्यिकीय विधियों, डेटा प्रोसेसिंग, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय आधिकारिक सांख्यिकीय प्रणालियों, क्षेत्र-वार सांख्यिकी और राष्ट्रीय खातों, रैखिक अनुमानों एवं सांख्यिकी जानकारी, राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षण कार्यालय (एनएसएसओ) की जानकारी के साथ ही केस स्टडी और कामकाज का गहन अध्ययन किया था। मैंने सांख्यिकी के दो वर्णनात्मक और दो वस्तुनिष्ठ प्रश्नपत्रों और सामान्य अंग्रेजी और सामान्य अध्ययन के पेपर की तैयारी के लिए समय को बांटा। मुख्य अवधारणाओं को समझने के लिए पर्याप्त रूप से तैयारी की, अपने नोट्स में सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मेहनत की, कई सैंपल पेपर हल किए और अपने विषय पर कोई अपडेट कभी नहीं छोड़ा।

 

✒️ *ऐतिहासिक और राजकीय औद्योगिक कृषि प्रदर्शनी में उम्दा होंगे सफाई के इंतजाम, नगर निगम पूरी तरह है मुस्तैद-नगरायुक्त गौरांग राठी*

अलीगढ़ की ऐतिहासिक राजकीय औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी के उद्घाटन से पूर्व प्रदर्शनी प्रांगण में सफाई की बेहतर इंतजाम और सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए नगर आयुक्त गौरव राठी के निर्देश पर अपर नगर आयुक्त अरूण कुमार गुप्त ने सवेरे सवेरे नुमाइश में सफाई व्यवस्था को देखा।अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त ने ने नुमाइश ग्राउंड स्थित कृष्णांजलि हुल्लड़ बाजार वीआईपी कैंप नुमाइश गेस्ट हाउस पूर्णिया गेट मित्तल गेट गांधी चौक फुव्वारा चौक, कंबल बाजार कच्चा बाजार कोहिनूर मंच मुक्ताकाश मंच कालीन बाजार में पैदल घूम घूम कर नगर निगम की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त ने नुमाइश प्रांगण में एंट्री करने वाले मार्गों पर विशेष सफाई चूने का छिड़काव के साथ-साथ मिट्टी को दबाने व धूल को रोकने के लिए सीवर जेटिंग मशीनों की मदद से छिड़काव नियमित कराने के निर्देश दिए। अपर नगर आयुक्त ने नुमाइश की बेहतर सफाई के लिए चप्पे-चप्पे पर सफाई कर्मचारियों को पूर्ण विवरण आई कार्ड सहित तैनात करने के निर्देश प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी मनोज कुमार लांबा को दिए। अपर नगर आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान मौजूद स्वच्छता निरीक्षकों को अभी से नुमाइश प्रांगण में दुकानदारों द्वारा दुकान लगाने से पूर्व दुकानों के नीचे जमा पुराने कूड़े को साफ करने के साथ-साथ नुमाइश प्रांगण में जमीन पुराने कूड़े के ढेरों को वाहनों की मदद से हटवाने के निर्देश दिए। अपर नगर आयुक्त ने नुमाइश प्रांगण में सभी शौचालयों की नियमित धुलाई व सफाई के साथ साथ बंद सिविल लाइन को साफ कराए जाने के भी निर्देश दिए।नगर आयुक्त गौरांग राठी ने कहा अलीगढ़ की ऐतिहासिक राजकीय एवं औद्योगिक कृषि प्रदर्शनी में सफाई के बेहतर से बेहतर इंतजाम कराए जाने के लिए नगर निगम पूर्ण रूप से प्रयासरत है उद्घाटन से पूर्व नुमाइश प्रांगण की सफाई व्यवस्था शत प्रतिशत पूर्ण कर ली जाएगी सभी अधीनस्थों को दायित्व निर्धारित कर दिए गए हैं।निरीक्षण में अपर नगर आयुक्त के साथ प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी मनोज कुमार लांबा स्वच्छता निरीक्षक बिशन सिंह प्रदीप पाल मीडिया सहायक अहसान रब आदि साथ थे।

 

✒️ *जल्द शहर के कोने कोने पर दिखेगी फूड मार्केट*

नगर आयुक्त ने बताया नगर निगम *जोन 1* में नक़वी पार्क की बाउंड्री वॉल के सहारे, जमालपुर रोड पर रेलवे क्रॉसिंग से पहले अंबेडकर पार्क की दीवार के सहारे, नगला जमालपुर नाले से मदर टेरेसा अनाथ आश्रम की बाउंड्री वॉल के सहारे, मेडिकल रोड बिजली घर से जकरिया नाले तक, जमालपुर रोड पर आकाशवाणी की बाउंड्री वॉल के सहारे, रामघाट रोड पर कृषि फार्म हाउस की दीवार के सहारे *जोन 2* में रामघाट रोड पर सहकारी समिति की बाउंड्री वॉल के सहारे, महेंद्र नगर कालीदह तिराहा, अवतार इलेक्ट्रॉनिक एटा चुंगी रोड, छर्रा अड्डा पुल के नीचे दनादन बगीची के सहारे, धनीपुर मंडी के निकट, आगरा रोड पर महेश्वरी अस्पताल के सहारे, आगरा रोड पर बीमा अस्पताल के सहारे, आगरा रोड पर चिरंजीलाल स्कूल के सहारे, *जोन 3* में खैर रोड बिजली घर की बाउंड्री वॉल के सहारे, खैर रोड कब्रिस्तान की बाउंड्री के सहारे, मथुरा रोड पर महेश्वरी इंटर कॉलेज के सामने और *ज़ोन 4* में सरसोल चौराहा इससे पहले चर्च की बाउंड्री के सहारे, अग्निशमन विभाग के सहारे नुमाइश रोड पर सैनिक विभाग की जमीन के सहारे प्रतिभा कॉलोनी मोड़ तक, गूलर रोड पर रघुवीर पुरी साइड, बरोला पुल नगला भुंडा मथुरिया नगर बरौला पुल के नीचे एवं आईटीआई रोड बरौला जाफराबाद पुल से जेल रोड तक फूड वेंडिंग जोन बनाए जाने के लिए चयनित किया गया है। नगर आयुक्त गौरांग राठी ने बताया चयनित स्थल पर फूड/ वेंडिंग जोन बनाये जाने के लिए मुख्य कर निर्धारण अधिकारी विनय कुमार राय अधिशासी अभियंता अशोक कुमार भाटी और कर अधीक्षक राजेश कुमार, टाउन वेंडिंग कमेटी के सदस्यों की संयुक्त टीम गठित कर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं।नगर आयुक्त ने कहा महानगर के 23 चयनित स्थलों को आधुनिक टॉयलेट, पार्किंग पेयजल की सुख सुविधा सहित फूड/ वेंडिंग जोन के रूप बनाने की कवायद तेजी से की जा रही है पूरा भरोसा है आने वाले साल में शहर वासियों को इन जगह नए रूप में फूड वेंडिंग जोन की सौगात मिलेगी ।

 

✒️ *जिला मजिस्ट्रेट सेल्वा कुमारी जे. ने गंगा उत्सव में आयोजित गंगा मैराथन में विजेता खिलाड़ियों को बांटे पुरस्कार*

गंगा उत्सव के दौरान पर्यावरण जागरूकता का संदेश देने के लिए आयोजित की गई मैराथन दौड़ में पुरुष वर्ग में संजीव कुमार को प्रथम, वसीम अली खान को द्वतीय, मनोज कुमार को तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। सांत्वना पुरस्कार से रवि यादव सत्यवीर एवं उमेश को नवाजा गया। महिला वर्ग में आयोजित मैराथन दौड़ में रोजी को प्रथम, कोमल को द्वितीय, निशा को तृतीय और मंजू ममता एवं बबली को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।

 

✒️ *डीएम ने डिफेंस कॉरिडोर, स्टेट यूनिवर्सिटी, धनीपुर हवाई अड्डा, हरदुआगंज तापीय परियोजना एवं सेतु निगम की परियोजनाओं की जानी प्रगति*

जिला मजिस्ट्रेट सेल्वा कुमारी जे. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में डिफेंस कॉरिडोर, राजा महेंद्र प्रताप सिंह, राज्य विश्वविद्यालय, धनीपुर हवाई अड्डा, हरदुआगंज तापीय परियोजना कासिमपुर, सेतु निगम से संबंधित विभिन्न प्रकार की परियोजनाओं के संबंध में बैठक का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि लंबित परियोजनाओं को मानक एवं गुणवत्ता पूर्ण ढंग से संबद्धता के साथ पूर्ण कराया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि आसन्न विधानसभा चुनाव को देखते हुए 95 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण होने वाली परियोजनाओं को शीध्रता से पूर्ण कराते हुए सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का जनता को लाभान्वित कराया जाय। बैठक में संबंधित एसडीएम अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, उपायुक्त उद्योग उपस्थित रहे।

 

✒️ *अलीगढ़ में एनजीटी की गाइड लाइन का पालन करायें अफसर*

उत्तर प्रदेश राज्य पर्यावरण संरक्षण, प्रभावी प्रदूषण नियंत्रण सुनिश्चित कराए जाने एवं माननीय राष्ट्रीय हरित अधिकरण के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला पर्यावरण समिति की बैठक का आयोजन किया गया। डीएम ने कहा कि जलवायु संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण में समाज के सभी वर्ग के लोग अपना-अपना सहयोग प्रदान करें। जिससे अलीगढ़ शहर को एक नयी पहचान दिलायी जा सके।जिला मजिस्ट्रेट सेल्वा कुमारी जे.कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पर्यावरण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहीं थीं। उन्होंने कहा कि सभी सभासद एवं जनसमान्य अपने-अपने वार्ड, क्षेत्र को साफ और स्वच्छ बनाने की जिम्मेदारी लें और व्यक्तिगत रूचि के साथ कार्य करते हुए जलवायु संरक्षण को संरक्षित करने में बेहतर दिशा दे सकते हैं। नागरिकों से अपील की कि वे अपने-अपने घर, प्रतिष्ठान से निकलने वाले कूडे को कूडेदान में ही रखें। उन्होंने सभी नगर निकायों, नगर पालिकाओं को निर्देशित किया कि वह कूड़ा निस्तारण के लिए हर संभव प्रयास करें। इसके लिए मथुरा रोड पर चल रहे ए टू जेड प्लांट से भी संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि भाई निर्धारित प्रारूप पर सुस्पष्ट आख्या प्रेषित करें। डीएफओ दिवाकर वशिष्ठ ने बताया कि एनजीटी द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में सभी संबंधित विभाग के अधिकारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है। जिस पर जिलाधिकारी ने एक बार पुनः सक्षम अधिकारियों को प्रशिक्षित करने के निर्देश दिए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंकित खंडेलवाल, समस्त एसडीएम, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण अनिल कुमार शर्मा एवं संजीव पुष्कर, डीएसओ, डीएसटीओ जीएम डीआईसी एवं समस्त अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।

 

✒️ *पिसावा क्षेत्र में खेत पर चारा लेने गई महिला से दरिंदगी, गले पर दंराती से हमला कर किया गैंगरेप*

अलीगढ़ जिले के पिसावा क्षेत्र के एक गांव में आज चारा लेने गई महिला के साथ पड़ोसी गांव के दो युवकों ने गैंगरेप किया। महिला ने आबरू बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने महिला के गले पर दरांती से प्रहार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर रोष जताया। पुलिस ने महिला के पति की तहरीर पर एक नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ हत्या का प्रयास, गैंगरेप समेत अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।पीड़ित महिला के पति ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उसकी पत्नी बुधवार दोपहर बाद तीन बजे खेतों पर चारा लेने गई थी। तभी वहां गांव दमुआंका का युवक अपने किसी साथी के साथ पहुंच गया और उसकी पत्नी को दबोच लिया। महिला ने विरोध किया तो आरोपी रेप का प्रयास करने लगे। आरोप है कि महिला ने बचने का प्रयास करते हुए शोर मचाया तो उसे जगह-जगह दांतों से काटा गया और दरांती से गले पर प्रहार कर दिया गया। दोनों आरोपी आबरू लूटने के बाद महिला को लहूलुहान हालत में खेतों में ही छोड़ भागे। ग्रामीणों की सूचना पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और महिला को गांव के निजी चिकित्सक के यहां उपचार के लिए भेज दिया।

 

✒️ *अलीगढ़ की 45वीं वाहिनी पीएसी ने जीती ट्रॉफी*

अलीगढ़ जीटी रोड स्थित 45वीं वाहिनी पीएसी के प्रांगण में चल रही 22वीं अन्तर वाहनी पीएसी पश्चिमी जोन मुरादाबाद की क्रिकेट प्रतियोगिता में आज 45वीं वाहिनी पीएसी और मेरठ की 6वीं वाहिनी आरआरएफ के बीच मैच हुआ।मेरठ की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 121 रन बनाये। नितिन ने 21 रनों का योगदान दिया। जवाब में खेलने उतरी 45वीं वाहिनी की टीम ने 7 विकेट खोकर 122 रन बना लिए। हितेन्द्र ने 18, मनीष ने 26, रनों का योगदान दिया। इस प्रकार अलीगढ़ की टीम ने मैच जीतकर जीत हासिल की।45वीं वाहिनी अलीगढ़ की टीम के हिमाचल सिंह को प्रतियोगिता में सर्वाधिक विकेट लेने पर मैन ऑफ द सीरीज का खिताब दिया गया। मेरठ की टीम के आयुष को मैन आफ द मैच के पुरूस्कार से पुरूस्कृत किया गया। समापन मुख्य अतिथि मंडलायुक्त गौरव दयाल ने किय। इस अवसर पर सेनानायक अविनाश पाण्डेय, उपसेनानायक डॉ. मनोज कुमार, सहायक सेनानायक अरूण कुमार सिंह, शिविरपाल चन्द्रभान सिंह, विक्रम सिंह, सूबेदार सैन्य सहायक रविन्द्र सिंह, कैलाश सिंह आदि मौजूद थे।

 

✒️ *महुआखेडा पुलिस टीम ने 02 जिला बदर अभियुक्तों किया गिरफ्तार*

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी द्वारा जनपद में अपराध की रोकथाम एवं अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाये जा रहे अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत थाना महुआखेडा पुलिस टीम ने जिला बदर अभियुक्त कालू उर्फ धर्मेन्द्र पुत्र वीरी सिह निवासी पिखलौनी थाना महुआखेडा, मलखान सिंह पुत्र सत्य प्रकाश निवासी पानखानी थाना महुआखेडा को उनके घर से उ0प्र0 गुण्डा 1970 की धारा 3/4 के अन्तर्गत 06 माह के लिये जिला बदर किया गया था अभियुक्तगणों को सीमा अन्दर पाये जाने पर अभियुक्त कालू के विरुद्ध मु0अ0सं0 193/21 धारा 10 उ0प्र0 गुण्डागर्दी निवारण अधि0 व अभियुक्त मलखान सिंह के विरुद्ध मु0अ0सं0 194/21 धारा 10 उ0प्र0 गुण्डागर्दी निवारण अधि0 पंजीकृत कर विवेचना प्रचलित है ।

 

✒️ *विनीत इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं द्वारा विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया*

आज विनीत इंटर कॉलेज एकता नगर में कक्षा 6 7 8 के छात्र-छात्राओं द्वारा विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस मौके पर प्रबंधक ने कहा विज्ञान के इसी तरह के विभिन्न मॉडलों को बनाकर छात्र-छात्राएं भविष्य में देश के वैज्ञानिक बनेंगे देश का भविष्य ऐसे ही छात्र-छात्राओं पर निर्भर है इस मौके पर निदेशिका नीरू गौतम,प्रवन्धक, विनीत गौतम अफ़ज़ाल हमीद प्रॉक्टर एवम ज़िला सचिव समाजवादी पार्टी , अमन गौतम डायरेक्टर, नरोत्तम सिंह, साधना सिंह, मंजू सिंह ,इमरान खान, मोहम्मद यूनुस ,दीपक गौतम ,ओ पी सैनी ,अंजू शर्मा ,फोजिया खान ,रिंकू बघेल , आदि अध्यापक, अध्यापिकाएं उपस्थित रहे।

 

✒️ *अलीगढ़ कोर्ट ने अपहरण के मामले में तीन आरोपियो को 10-10 साल का सुनाया कारावास*

अलीगढ़ जवां क्षेत्र के गांव बहादुरपुर से 11 वर्ष पूर्व युवक के अपहरण के मामले में एडीजे-17 मनोज कुमार सिद्धू की अदालत से तीन आरोपियों को दस-दस साल कैद व जुर्माने की सजा सुनाई गई है। साथ में तय किया है कि जुर्माना न दे पाने की दिशा में उनकी संपत्तियों से जुर्माना वसूला जाए। खास बात है कि इस घटना में अगवा किए गए युवक का आज तक जिंदा या मुर्दा होने का सुराग नहीं लगा है।अभियोजन पक्ष के अधिवक्ता एडीजीसी सुधांशु अग्रवाल के अनुसार गांव बहादुरपुर के प्रमोद कुमार ने अक्टूबर 2010 को मुकदमा दर्ज कराया कि उसके भाई देवेंद्र को गांव के चार लोग रवि, दलवीर, हजारी व जगदीश कासिमपुर ले जाने की कहकर ले गए। इसके बाद उनका भाई नहीं लौटा। पूछने पर इन लोगों ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। जब ज्यादा कहासुनी की तो कहा कि तुम्हें जो करना है कर लो, ज्यादा बोलोगे तो तुम्हारा भी तुम्हारे भाई की तरह पता नहीं लगेगा। मामले में पुलिस ने मुकदमे के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की। मगर देवेंद्र का आज तक सुराग नहीं लग सका। न्यायालय में अपहरण में चार्जशीट दायर कर दी गई। सत्र परीक्षण के दौरान एक आरोपी हजारी लाल की मृत्यु हो गई। वहीं अदालत ने साक्ष्यों व गवाही के आधार पर रवि, दलवीर व जगदीश को दोषी करार देकर दस-दस साल कैद व 50-50 हजार रुपये जुर्माने से दंडित किया है। अदालत ने जुर्माना न दे पाने पर आरोपियों की संपत्ति से वसूलने और 70 फीसदी जुर्माना पीड़ित पक्ष को देने के आदेश दिए हैं।

 

✒️ *भाकियू ने दिया ज्ञापन*

इगलास। भाकियू की पंचायत तहसील मुख्यालय पर हुई। दिल्ली बार्डर पर धरने में शामिल हुए किसान व नेताओं को सम्मानित किया गया। पंचायत के बाद किसानों की समस्याओं के निस्तारण के संबंध में तहसीलदार सौरभ यादव को ज्ञापन दिया गया।ज्ञापन के माध्यम से नहर की पटरी कटने से खेताें में जमा बालू को हटवाने, नहर व रजवहा की पटरी कटने से हुए किसानों की फसलों के नुकसान का सर्वे कराकर अतिशीघ्र मुआबजा दिलाए जाने की मांग की गई। पंचायत को तहसील अध्यक्ष रुद्र सिंह, ब्लाक अध्यक्ष भवर सिंह, साहब सिंह ने संबोधित किया। अध्यक्षता भूरी सिंह व संचालन मुकेश शर्मा ने किया। इस मौके पर प्रमोद शर्मा, वीरपाल सिंह, सुरेंद्र सिंह, सौदान सिंह, सोनू वर्मा, राजकुमार, अशोक शर्मा, मोहन सिंह, सुभाषचंद, खचेर सिंह, भगवान सिंह, भीष्म शर्मा, नानकचंद आदि थे।

 

✒️ *रैली के लिए रालोद नेताओं ने किया संपर्क*

इगलास। 23 दिसंबर को कस्बा के मंडी रोड पर रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी व सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की संयुक्त रैली होगी। कार्यक्रम काे लेकर कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर बैठक कर ग्रामीणों से रैली में पहुंचने के लिए संपर्क कर रहे हैं। पूर्व जिलाध्यक्ष रामबहादुर चौधरी व पूर्व विधानसभा प्रभारी संजीव सूर्यवंशी ने क्षेत्र के कई गांवों में भ्रमण कर बैठक की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि किसानों के मसीहा चौ. चरण सिंह का जन्मदिवस 23 दिसंबर को इगलास में मनाया जाएगा। रालोद व सपा मुखिया इस रैली को संबोधित करेंगे। उन्होंने ग्रामीणों से आव्हान किया कि यदि किसान, मजदूर विरोधी वर्तमार सरकार को उखाड़ फैंकना है तो गठबंधन को मजबूत करना होगा। इस मौके पर ऋषिपाल चौधरी, सुभाष, धीरज चौधरी आदि थे।

 

✒️ *भाजपा नेता महंगाई के बारे में बात नहीं करते:मनोज चौधरी*

इगलास। घरेलू गैस, पेट्रोल-डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं। आमजन का दर्द सरकार की समझ में नहीं आता। इन्हें गरीबों की समस्याओं की चिंता ही नहीं है। भाजपा नेता महंगाई के बारे में बात नहीं करते सिर्फ हिंदू-मुस्लिम की बात करते हैं। किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह के जन्मदिवस पर आयोजित एतिहासिक रैली सरकार की चूल्हें हिलाने का काम करेगी। पूरे प्रदेश में रैली से संदेश जाएगा। यह बातें सपा के प्रदेश कार्यकारणी सदस्य मनोज चौधरी ने कस्बा में प्रेस वर्ता के दौरान कहीं। उन्होंने लोगों से रैली में पहुंचने का आव्हान किया। नगर अध्यक्ष रिजवान सिद्दीकी ने कहा कि देश में बेरोजगारी की समस्या बढ़ती जा रही है। इससे गरीबों का जीवन यापन करना बहुत मुश्किल हो गया है। 23 दिसंबर के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सपा कार्यकर्ता भी दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। इस मौके पर पिछड़ा वर्ग के महानगर अध्यक्ष आईपी कश्यप, जिला उपाध्यक्ष विजय सैनी, संदीप चौधरी, चमन राघव आदि थे।