May 8, 2026

*बोर्डिंग पास पर पीएम मोदी की तस्वीर, एयर इंडिया ने किया ये फैसला*

Spread the love

एयर इंडिया ने आलोचना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी की तस्वीरों वाले बोर्डिंग पास ‘वापस’ लेने का फैसला किया है। एयरलाइंस ने पहले कहा था कि तस्वीरों वाले बोर्डिंग पास तीसरे पक्ष के विज्ञापन के रूप में जारी किए गए और अगर ये आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए पाए गए तो उन्हें वापस लिया जाएगा।

एयर इंडिया के प्रवक्ता धनंजय कुमार ने कहा, ‘एयर इंडिया ने उन बोर्डिंग पास को वापस लेने का फैसला किया है जिनमें प्रधानमंत्री और गुजरात के मुख्यमंत्री की तस्वीरें थीं।’ पंजाब के पूर्व डीजीपी शशि कांत ने सोमवार को नयी दिल्ली हवाईअड्डे पर अपने बोर्डिंग पास की तस्वीर ट्वीट करते हुए सवाल पूछा था कि दोनों नेताओं की तस्वीरें इस पर कैसे हो सकती हैं।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘आज 25 मार्च 2019 को नयी दिल्ली हवाईअड्डे पर मेरे एयर इंडिया के बोर्डिंग पास पर नरेंद्र मोदी, ‘वाइब्रेंट गुजरात’ और विजय रुपाणी की तस्वीरें हैं। बोर्डिंग पास की तस्वीर नीचे संलग्न है। हैरानी हो रही है कि हम इस निर्वाचन आयोग पर पैसा क्यों बर्बाद कर रहे हैं जो ना कुछ देखता है, ना सुनता है और ना ही बोलता है।’