बीरभूम में विस्फोटकों का जखीरा, हिंसा की जांच के बीच फिर मिले 40 देसी बम, अब तक कुल 170 बम बरामद
बीरभूम: पश्चिम बंगाल (West Bengal) के बीरभूम जिले के रामपुरहाट में हुई हिंसा (Violence in Bhirbhoom) और आगजनी की घटना की जांच के बीज 40 देसी बम (Crude Bomb) बरामद किए गए हैं. इस विस्फोटक सामग्री को बाल्टी में छुपाकर निर्माणाधीन मकान के पीछे रखा गया था. पुलिस के अनुसार शुक्रवार के बाद से अब तक बीरभूम में कुल 170 देसी बम बरामद हुए हैं. बीरभूम के एसपी ने इस मामले की जांच जारी होने की बात कही है.
शनिवार को रामपुरहाट के बोगटुई गांव से सटे मारग्राम में बन रहे एक मकान से पुलिस ने कच्चे बम बरामद किए हैं. इन बम को 4 अलग-अलग बाल्टियों में रखा गया था और इनमें कुल 40 बम थे. शुक्रवार को भी यहां से 5 बाल्टी कच्चे बम मिले थे. उधर बोगटुई गांव में हुई हिंसा को लेकर केंद्रीय जांच अन्वेषण ब्यूरो ने सख्ती दिखाई है.
इस मामले में सीबीआई ने 21 आरोपियों के खिलाफ दंगे से जुड़ी धाराएं लगाई हैं. वहीं इन्वेस्टिगेशन के लिए सीबीआई की फॉरेंसिक टीम भी रामपुरहाट पहुंच गई है. फिलहाल सीबीआई की टीम इस केस से जुड़ी फाइलों को अपने कब्जे में ले रही है. उधर इस घटना के बाद पश्चिम बंगाल पुलिस ने अब तक 21 लोगों को गिरफ्तार किया है और अब इन सभी आरोपियों पर सीबीआई ने नकेल कसनी शुरू कर दी है. बता दें कि बीरभूम जिले के रामपुरहाट में टीएमसी नेता भादू शेख की हत्या के बाद भड़की हिंसा में कई घरों में आगजनी की गई थी. इस घटना में 2 बच्चों और महिला समेत 8 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई थी. वहीं कोलकाता हाईकोर्ट ने इस मामले की सीबीआई जांच के आदेश दिए थे. कोर्ट ने केंद्रीय जांच एजेंसी को 7 अप्रैल तक स्टेट्स रिपोर्ट दाखिल करने का आदेश दिया है.

More Stories
सीआईएसएफ की परीक्षा में पकड़े गए दो मुन्ना भाई-
शराब के साथ चार अभियुक्त गिरफ्तार-
महिला ने युवक की बीच रोड पर की पिटाई-