May 13, 2026

बलिया में हार्निया के आपरेशन के बाद युवक की मौत, हिरासत में डाक्टर-

Spread the love

*बलिया में हार्निया के आपरेशन के बाद युवक की मौत, हिरासत में डाक्टर*

 

बलिया जिले के खेजुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत खेजुरी बाजार स्थित एक निजी चिकित्सालय में ‘नीम हकीम खतरे जान’ वाली कहावत चरितार्थ हो गई। चिकित्सक की लापरवाही से एक युवक को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। उधर मामले की जानकारी होते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। वहीं, संबंधित चिकित्सक को थाने लेकर चली आई। हालांकि पीड़ित पक्ष से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है, लेकिन पुलिस प्राथमिक कार्रवाई करने में जुटी है।

 

 

बताया जा रहा है कि खेजूरी थाना क्षेत्र अंतर्गत जिगिरसण्ड निवासी मुन्ना गुप्ता (45) पुत्र स्व. भृगुनाथ गुप्ता का बुधवार को दोपहर बाद हार्निया का आपरेशन खेजुरी बाजार स्थित डॉक्टर ए रहमान के निजी क्लीनिक में मऊ के एक डॉक्टर द्वारा किया गया था। आपरेशन के बाद उक्त चिकित्सक मऊ चला गया। इधर, कुछ देर बाद मरीज की स्थिति गंभीर होने लगी। यह देख डॉक्टर ए रहमान के हाथ पांव फूलने लगे। जब तक उसके बचाव का प्रयास किया जाता, तब तक मुन्ना की मौत हो गई। निजी चिकित्सालय में मरीज की मौत की सूचना जंगल में आग की तरह फ़ैल गई और लोगों की भीड़ जुट गई। उधर सूचना पर पहुंचे एसएचओ बीपी पांडेय ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में एसएचओ ने बताया कि हिरासत में लिए गये चिकित्सक से मऊ के डॉक्टर की जानकारी हासिल करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन वह उनको पहचाने से ही इंकार कर रहा है। जबकि मृतक का आपरेशन रहमान के क्लीनिक में ही किया गया है। बताया की संबंधित चिकित्सक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों की माने तो उक्त क्लीनिक में अक्सर हाइड्रोसिल और हार्निया का आपरेशन मऊ वाले चिकित्सक द्वारा ही किया जाता है। बिना डिग्री और जानकारी वाले ये चिकित्सक न सिर्फ आम जन का आर्थिक शोषण करते हैं, बल्कि जान के लिए आफत भी हैं। बावजूद जिले के जिम्मेदार चुप्पी साधे रहते हैं।