May 2, 2026

बनारस शहर की कई खबरों ने शुक्रवार यानी 10 जून को चर्चा बटोरी जिनमें अपर पुलिस आयुक्‍त वाराणसी ने संभाला सड़कों पर सुरक्षा का मोर्चा-

Spread the love

*बनारस शहर की कई खबरों ने शुक्रवार यानी 10 जून को चर्चा बटोरी जिनमें अपर पुलिस आयुक्‍त वाराणसी ने संभाला सड़कों पर सुरक्षा का मोर्चा*,

300 लोगों के खिलाफ सीजीएसटी की सामूहिक नोटिस जारी, IIT BHU सीपीएफ रैंकिंग में विश्व में छठें स्थान पर, मानसिक अस्पताल से भाग गया बंदी, अरब सागर में मानसून ने पकड़ी रफ्तार आदि प्रमुख खबरें रहीं।

 

*जानिए शाम 7 बजे तक की शहर-बनारस की पांच प्रमुख और चर्चित खबरें।*

 

*अपर पुलिस आयुक्‍त वाराणसी सुभाष चंद्र दुबे ने संभाला सड़कों पर सुरक्षा का मोर्चा, तस्‍वीरों में देखें…*

 

बीते सप्‍ताह कानपुर में हुई हिसा के बाद वाराणसी में पुलिस सुरक्षा चाक चौबंद करने के साथ ही जुमे की नमाज के दौरान सडकों पर उतर कर पुलिस ने रूट मार्च किया। भीषण गर्मी के बीच दोपहर में अपर पुलिस आयुक्‍त वाराणसी सुभाष चंद्र दुबे ने पुलिस बल के साथ सड़क पर उतर कर कानून व्‍यवस्‍था पुख्‍ता होने का लोगों को भरोसा दिलाया। वहीं एडिशनल पुलिस कमिश्नर (मुख्यालय) संतोष सिंह के नेतृत्व में मुस्लिम बहुल बजरडीहा इलाके में फुट पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्‍यवस्‍था पुख्‍ता की गई। दोपहर दो बजे नमाज खत्‍म हुई तो नमाजियों की भीड़ भी कड़ी सुरक्षा के बीच अपने घरों की ओर लौटने लगी।

 

*वाराणसी में टैक्‍स और जवाब नहीं देने पर 300 लोगों के खिलाफ सीजीएसटी की सामूहिक नोटिस जारी*

 

बार-बार नोटिस भेजे जाने के बार भी कर व कोई जवाब नहीं दिए जाने पर केंद्रीय वस्तु एवं सेवाकर (सीजीएसटी) विभाग ने 300 लोगों के खिलाफ सामूहिक आदेश जारी किया है। इसके बाद भी अगर तीन माह में कोई जवाब या कर नहीं मिला तो विभाग रिकवरी की कार्रवाई करेगा। दरअसल, आयकर विभाग ने पिछले साल ही सीजीएसटी को दो हजार ऐसे लोगों की सूची दी थी जिनकी आय बहुत अधिक थी। इसके बाद विभाग ने पिछले साल जून से सभी को नोटिस जारी किया। इसमें कुछ डाक्टर व ज्योतिष भी शामिल थे।

 

*IIT BHU सीपीएफ रैंकिंग में विश्व में छठें स्थान पर, शैक्षणिक गतिविधियों के कारण मिली सफलता*

 

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (बीएचयू) को क्यूएस (क्वाक्वेरेली साइमंड्स) वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में पहली बार स्थान मिला है। संस्थान को केन्द्रित विषय क्षेत्रों जैसे इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी क्षेत्र में ‘अति उच्च शोध आधिक्य संस्थान’ के अंतर्गत वर्गीकृत किया गया है और सीपीएफ (साइटेशन पर फैकल्टी) में विश्व के सभी आइआइटी संस्थानों में छठां स्थान प्रदान किया गया है। क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग मूल्यांकन आठ रैंकिंग सूचकों पर आधारित है जैसे शैक्षणिक प्रतिष्ठा, नियोक्ता प्रतिष्ठा, प्रति संकाय उद्धरण, छात्र अनुपात के लिए संकाय, अंतर्राष्ट्रीय छात्रों का अनुपात इत्यादि।

 

*लकड़ियों और कपड़े के सहारे मानसिक अस्पताल से भाग गया बांदा जेल में निरुद्ध बंदी*

 

हत्या के प्रयास व अनिच्छित हत्या के आरोप में बांदा जेल में निरुद्ध बंदी को उपचार के लिए मानसिक चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। बुधवार की देर रात्रि वह फरार हो गया। फरार होने के लिए उसने बैरक के पास मौजूद कटे पेड़ की लकड़ियों व कपड़े की सीढ़ी का सहारा लिया। अधीक्षक की तहरीर पर कैंट थाने में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। बांदा जेल से निरुद्ध बंदी मानसिक रूप से बीमार था। उसको इलाज के लिए पांडेयपुर स्थित मानिसक चिकित्साल में भर्ती कराया गया था।

 

*अरब सागर में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, उत्‍तर भारत में मानसून में देरी के संकेत*

 

Monsoon in india भारत में मानसून ने अरब सागर में दस दिनों के बाद गति पकड़ी है। अब मानसून कोंकण, कर्नाटक और गाेवा में पूरी तरह से असर कर चुका है। इसी के साथ मानसून अब महाराष्‍ट्र की सीमा तक जा पहुंचा है, अरब सागर में मानसूनी सक्रियता का अर्थ यह है कि अब जल्‍द ही मानसून महाराष्‍ट्र में सक्रिय हो जाएगा। हालांकि, उत्‍तर पूर्व की ओर से आ रहा मानसून ठहरा हुआ है। बिहार और बंगाल की सीमा पर मौजूद मानसूनी रेखा में मौसम विभाग ने दो दिनों में गति पकड़ने की उम्‍मीद जताई है।