October 27, 2026

बनारस बार चुनाव : कड़ी सुरक्षा में 77 प्रतिशत से अधिक मतदान, फोटो खींचते मिले सात वकीलों के मतपत्र निरस्त-

Spread the love

बनारस बार चुनाव : कड़ी सुरक्षा में 77 प्रतिशत से अधिक मतदान, फोटो खींचते मिले सात वकीलों के मतपत्र निरस्त

 

 

बनारस बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में बुधवार को लगभग 77.5 प्रतिशत मतदान हुआ। कुल 4645 मतदाताओं में से 3579 अधिवक्ताओं ने मतदान में भाग लिया। कड़ी सुरक्षा में सुबह दस बजे से मतदान प्रारंभ होकर शाम चार बजे तक चला। इस दौरान बनारस बार एसोसिएशन भवन स्थित मतदान स्थल के इर्द-गिर्द दिन भर गहमागहमी बनी रही।

 

मनाही के बावजूद मतदान के दौरान मतपत्रों की मोबाइल से फोटो खींचते मिले सात मतदाताओं का मतपत्र को निरस्त कर दिया गया। मतदान समाप्त होने के बाद प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटिकाओं में सील बंद कर दिया गया है। मतगणना गुरुवार को सुबह आठ बजे से शुरू होगी जो परिणाम आने तक जारी रहेगी। मतदान संपन्न होते ही अधिवक्ता अपने-अपने प्रत्याशियों की जीत का दावा करते हुए चले गए। मतदाताओं के रुझान को देखते हुए प्रतिष्ठापरक अध्यक्ष तथा महामंत्री पद पर रोचक मुकाबले के आसार हैं।

 

 

बनारस बार भवन स्थित मतदान स्थल के बाहर बैरेकेडिंग की गई थी। बैरेकेडिंग के पास कतारबद्ध खड़े प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने मतदाताओं को अपने पक्ष में रिझाने में अंतिम समय तक कोई कसर नहीं छोड़ी। मतदान के दौरान प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में चुनाव को लेकर जबरदस्त उत्साह रहा। मतदाताओं को 20 टेबलों से मतपत्र दिए जा रहे थे। शुरुआत में मतदान की रफ्तार थोड़ी धीमी थी, लेकिन समय बीतने के साथ इसमें तेजी आती गई और अंत समय तक क्रम चलता रहा।

 

 

 

 

सर्टिफिकेट आफ प्रैक्टिस (सीओपी) कार्ड के अभाव में कुछ मतदाताओं को मतदान से वंचित होना पड़ा। मतदान स्थल के पास सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे। मतदान को सकुशल संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ समिति के अध्यक्ष क्षत्रधारी सिंह, सदस्य रामानंद श्रीवास्तव, प्रमोद कुमार पाठक, अवधेश कुशवाहा, धर्मेंद्र नाथ शर्मा, प्रदीप कुमार श्रीवास्तव, पर्यवेक्षक दीनानाथ सिंह, सौरभ कुमार श्रीवास्तव व एखलाक अहमद मतदाताओं पर पैनी नजर रखे हुए थे। मतदान को सकुशल संपन्न कराने के लिए अध्यक्ष विनोद कुमार पांडेय, महामंत्री विवेक कुमार सिंह, अनुराग द्विवेदी समेत 70 अधिवक्ताओं ने सहयोग किया।