PRYAGRAJ,,,
प्रयागराज में बनेगा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम और खेल कॉम्प्लेक्स, जमीन चिन्हित…
प्रयागराज: जिले में खिलाड़ियों की प्रतिभा को तराशने के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम और खेल कॉम्प्लेक्स बनाने के लिए सोरांव में 55 एकड़ जमीन चिन्हित कर ली गई है। दस दिनों के भीतर डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार कर प्रदेश सरकार को सौंप दी जाएगी।
प्रयागराज में 19 नवंबर को इंदिरा मैराथन प्रतियोगिता के दिन राज्य खेल मंत्री उपेंद्र तिवारी ने प्रयागराज में अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाए जाने की बात कही थी। इसके बाद सांसद केशरी देवी पटेल ने इस घोषणा को धरातल पर उतारने के लिए पहले बनी योजना की स्थिति की जांच की।
सांसद ने बताया कि पूर्व की योजना में जमीन की कमी होने पर प्रस्ताव को यह कह कर निरस्त कर दिया गया था कि स्टेडियम के लिए कम से कम 55 एकड़ की जमीन की आवश्यकता होगी। जो जमीन पहले चिन्हित की गई थी वह करीब 45 एकड़ थी। केशरी देवी ने बताया कि अब सोरांव में 55 एकड़ जमीन चिन्हित की गई है। जमीन का चिन्हांकन कर स्टेडियम से संबंधित सुविधाओं, लागत आदि के लिए डीपीआर दस दिनों के भीतर प्रदेश सरकार को सौंप दी जाएगी।
सूत्रों के अनुसार अभी इस प्लान की अधिकृत जानकारी खेल विभाग को नहीं दी गई है। मामले में विभाग की सांसद केशरी देवी पटेल से अनौपचारिक चर्चा हुई है। बताते हैं कि पहले सिर्फ क्रिकेट स्टेडियम बनाने की योजना थी। लेकिन नए प्लान में ऑल इन वन स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इसमें हॉकी, क्रिकेट, फुटबॉल, टेनिस आदि खेलों की सुविधाओं को शामिल किया गया हैं। इस प्रकार के स्टेडियम निर्माण में 350 से 500 करोड़ रुपये तक की लागत आती है।





More Stories
शुआट्स के कुलाधिपति, कुलपति समेत 11 के खिलाफ चार्जशीट फाइल-
बसपा महापौर प्रत्याशी सईद अहमद के बड़े बेटे के बाद छोटे बेटे पर भी मामला दर्ज-
50 हजार की इनामी शाइस्ता की तलाश में यू पी एस टी एफ टीम ने धूमनगंज पुलिस संग मारा छापा-